Diwali 2021: झटपट बनाएं ये मिठाईयां

त्यौहार मिठाइयों के बिना अधूरा सा होता है. त्यौहार पर बाजार में मिलने वाली मिठाइयों में बहुत अधिक मिलावट होने का अंदेशा होता है. तो क्यों न इस बार आप घर पर ही कुछ मिठाईयां बनाएं वह भी घर में उपलब्ध वस्तुओं से ही. घर पर बनी मिठाईयां शुद्ध तो होतीं ही हैं साथ ही बाजार की मिठाइयों की अपेक्षा सस्ती भी पड़तीं हैं. आज हम आपको सूजी, बेसन और मूंगफली से बनाई जाने वाली बर्फी बनाना बता रहे हैं जिन्हें बनाना भी बहुत आसान है तो आइए देखते हैं कि इन्हें कैसे बनाते हैं-

-सूजी की बर्फी

कितने लोगों के लिए         6

बनने में लगने वाला समय   30 मिनट

मील टाइप                        वेज

सामग्री

सूजी                      1 कप

मिल्क पाउडर           1 कप

फुल क्रीम दूध             2 कप

शकर                        1 कप

इलायची पाउडर         1/2 टीस्पून

पानी                        1/2 कप

नारियल बुरादा            1 कप

नारियल लच्छा            1/4 कप

घी                              1 कप

बारीक कटे मेवा             1/2 कप

विधि

घी में से 2 चम्मच घी अलग करके शेष को एक पैन में डाल दें. जब घी गरम हो जाये तो सूजी डालकर धीमी आंच पर सुनहरा होने तक भूनें. जब सूजी लगभग भुनने को हो तो मेवा भी सूजी के साथ ही भून लें. अब इसमें नारियल बुरादा और मिल्क पाउडर डालकर 2 मिनट तक भूनें और गैस को बंद कर दें. अब एक दूसरे पैन में पानी में शकर डाल दें. जब शकर पिघल जाए तो इसमें दूध डालकर एक दो उबाल लें लें. अब इस शकर की चाशनी को भुनी सूजी में मिलाएं. बचा 2 चम्मच घी और इलायची पाउडर डालकर गैस पर रखें. सूजी को तब तक चलाते हुए मद्धिम आंच पर भूनें जब तक कि मिश्रण पैन के किनारे छोड़कर बीच में इकट्ठा न हो जाये. तैयार मिश्रण को चिकनाई लगी थाली या ट्रे में जमाएं. आधे घण्टे के लिए फ्रिज में सेट होने दें. आधे घण्टे बाद मनचाहे आकार में काटकर सर्व करें.

ये भी पढ़ें- DIWALI 2021: फेस्टिवल में बनाएं टेस्टी गाजर का हलवा

-बेसन मलाई बर्फी

कितने लोंगों के लिए        6

बनने में लगने वाला समय    30 मिनट

मील टाइप                       वेज

सामग्री

बेसन                         1 कप

ताजी मलाई                1 कप

पिसी शकर                1 कप

इलायची पाउडर         1 टीस्पून

घी                            1 टेबलस्पून

विधि

1 टीस्पून घी में कटी मेवा को हल्का सा भूनकर एक प्लेट में निकाल लें. अब इसी घी में बेसन और मलाई डालकर धीमी आंच पर सुनहरा होने तक भूनें. भुने बेसन में पिसी शकर डालकर शकर के घुलने तक लगातार चलाते हुए पकाएं. इलायची पाउडर और  कटी मेवा डालकर तब तक पकाएं जब तक कि मिश्रण गाढ़ा होकर पैन के किनारे न छोड़ दें. चिकनाई लगी ट्रे में जमाएं. ठंडा होने पर चौकोर टुकड़ों में काटकर सर्व करें.

-पीनट बर्फी

कितने लोगों के लिए         8

बनने में लगने वाला समय    30 मिनट

मील टाइप                        वेज

सामग्री

मूंगफली दाना                  1 कप

काजू                               1 कप

पिसी शकर                        डेढ़ कप

इलायची पाउडर             1/4 टीस्पून

घी                                   1 टेबलस्पून

सिल्वर फॉयल                   सजाने के लिए

विधि

मूंगफली दाना को धीमी आंच पर भूनकर ठंडा होने पर छिल्का अलग कर दें. अब काजू और मूंगफली को मिक्सी में पाउडर फॉर्म में पीस लें. एक पैन में घी गर्म करके पिसी मूंगफली, पिसे काजू, इलायची पाउडर और पिसी शकर डालकर अच्छी तरह चलाएं. जब मिश्रण बीच में इकट्ठा सा होने लगे तो चिकनाई लगी ट्रे में जमाएं. ऊपर से सिल्वर फॉयल चिपकाएं. ठंडा होने पर चौकोर टुकड़ों में काटकर एयरटाइट जार में भरकर रखें.

ये भी पढ़ें- Diwali 2021: डिनर में बनाए टेस्टी मसाला भिंडी

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें