इडली के बेटर से बनाएं इडली पिज्जा और इडली कैरेमल नगेट्स

इडली मुख्यतया दक्षिण भारतीय व्यंजन है. इसे दाल चावल और उड़द की दाल को पीसकर फर्मेंट किये गए घोल से बनाया जाता है. भले ही यह दक्षिण भारतीय व्यंजन हो परन्तु वर्तमान में यह देश के सभी प्रान्तों के भोजन में अपना प्रमुख स्थान बना चुका है.  इसे मूंग, चना दाल और सूजी से भी बनाया जाने लगा है. आज हम आपको इडली के बेटर से पारम्परिक डिश के स्थान पर कुछ ट्विस्ट के साथ व्यंजन बनाना बता रहे हैं जिन्हें आप सुगमता से घर की सामग्री से ही बना सकतीं है. इन्हें बनाने में आप अपनी इच्छानुसार इडली के पारंपरिक चावल और दाल के अथवा सूजी के बेटर का प्रयोग कर सकतीं हैं. तो आइये देखते हैं कि इन्हें कैसे बनाया जाता है-

-लावा इडली

कितने लोगों के लिए          6

बनने में लगने वाला समय    30 मिनट

मील टाइप                         वेज

सामग्री

तैयार इडली का घोल          3 कप

पानी पूरी                           6

तैयार सांभर                      6 टेबलस्पून

रिफाइंड तेल                     1 टीस्पून

चिली फ्लैक्स                   1/4 टीस्पून

बारीक कटा हरा धनिया     1 टीस्पून

नमक                               स्वादानुसार

विधि

सभी पानी पूरी की ऊपरी सतह को थोड़ा सा तोड़ लें ताकि इसमें सांभर की फिलिंग की जा सके. पूरी के टूटे टुकड़े को भी सम्भाल कर रखें. अब इडली के घोल में चिली फ्लैक्स, नमक, तेल और हरी धनिया डालकर अच्छी तरह मिलाएं. अब मध्यम आकार की 6 कटोरियां लेकर तेल से ग्रीस करें. कटोरी में एक सर्विंग स्पून बेटर डालकर पानी पूरी रखें, अब पानी पूरी में सांभर डालकर ऊपर से पूरी का टूटा हुआ टुकड़ा लगाएं ताकि सांभर बाहर न निकले. अब इस पानी पूरी के ऊपर इस तरह से इडली का बेटर डालें कि सांभर भरी पूरी अच्छी तरह कवर हो जाये. इन कटोरियों को उबलते पानी के ऊपर चलनी के ऊपर रखकर ढक दें और 15 से 20 मिनट तक पकाएं. सर्विंग डिश में एक चम्मच सांभर डालकर तैयार इडली रखें और चम्मच से इडली को थोड़ा काटकर सर्व करें ताकि इडली के अंदर से सांभर का गर्म लावा निकलता हुआ दिखे.

-इडली पिज़्ज़ा

कितने लोगों के लिए            4

बनने में लगने वाला समय       20 मिनट

मील टाइप                            वेज

सामग्री

इडली बेटर                      2 कप

बारीक कटा प्याज             1 टीस्पून

बारीक कटी शिमला मिर्च     1 टीस्पून

कॉर्न के दाने                      1 टीस्पून

कटे ऑलिव्स                   4-6

चीज क्यूब्स                     2

चिली फ्लैक्स                   1/4 टीस्पून

ओरेगेनो                           1/4 टीस्पून

टोमेटो सॉस                    1 टीस्पून

शेजवान चटनी                 1 टीस्पून

बटर                                 1 टीस्पून

विधि

4 कटोरियों  को चिकना करके आधा आधा कप इडली का बेटर डालकर उबलते पानी के ऊपर छलनी रखकर कटोरियों को रख दें और ढककर 20 मिनट तक पका लें.

ठंडा होने पर इन्हें बीच से दो स्लाइस में काट लें. शेजवान चटनी और टोमेटो सॉस को एक साथ मिक्स कर लें. इडली के स्लाइस पर बटर लगाकर तैयार सॉस फैलाएं, ऊपर से सभी कटी सब्जियां, ऑलिव्स, कॉर्न डालकर आधा चीज क्यूब ग्रेट कर दें. चीज के ऊपर ऑरिगेनो और चिली फ्लैक्स बुरकें.एक नॉनस्टिक तवे पर बटर लगाकर तैयार इडली स्लाइस को रख दें. ढककर धीमी आंच पर 5 से 7 मिनट अथवा चीज के मेल्ट होने तक पकाएं.

-इडली कैरेमल नगेट्स

कितने लोगों के लिए          6

बनने में लगने वाला समय    30 मिनट

मील टाइप                        वेज

सामग्री 

तैयार इडली                 4

शकर                            2 टेबलस्पून

बटर                             1 टीस्पून

दालचीनी पाउडर             1/4 टीस्पून

नींबू का रस                     1/4 टीस्पून

बारीक कटे पिस्ता             1/2 टीस्पून

घी                                  1 टेबलस्पून

विधि

इडली को छोटे छोटे टुकड़ों में काट लें. गर्म घी में धीमी आंच पर इन्हें सुनहरा होने तक रोस्ट करें. अब एक नॉनस्टिक पैन में बटर डालकर शकर, दालचीनी और नींबू का रस डाल दें. धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए शकर के पूरी तरह घुलकर हल्के बादामी रंग के होने तक पकाएं. जैसे ही शकर का रंग बदलने लगे तो इडली के रोस्टेड टुकड़े डाल दें. अच्छी तरह चलाकर गैस बंद कर दें. सभी टुकड़ों को चम्मच से अलग कर दें. बारीक कटे पिस्ता से सजाकर सर्व करें.

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें