Winter Special: डायबिटीज के मरीज भी खा सकते हैं ये टेस्टी चिक्कियां, जानें बनाने का तरीका

सर्दियों में  चिक्की खाने का विशेष महत्त्व होता है…चूंकि चिक्की को बनाई जाने वाली सामग्री की तासीर गर्म होती है इसीलिए इसे सर्दियों में अपने भोजन में अवश्य शामिल करना चाहिए. चिक्की को आमतौर पर मूंगफली, तिल, मुरमुरे, ड्राइफ्रूट्स, गुड़ तथा शकर से बनाया जाता है परन्तु आजकल गुड़ के स्थान पर खजूर का भी प्रयोग किया जाने लगा है. ख़जूर की चिक्की को संतुलित मात्रा में डायबिटीज के मरीज भी खा सकते हैं. आज हम आपको ऐसी ही कुछ चिक्कियों को बनाना बता रहे हैं जिन्हें आप बड़ी आसानी से घर पर बना सकतीं हैं-

1. पीनट चिक्की

कितने लोगों के लिए           10

बनने में लगने वाला समय     20 मिनट

मील टाइप                         वेज

सामग्री

मूंगफली के छिल्का उतरे दाने       सवा कप

किसा गुड़                                 1 कप

घी                                           1 टीस्पून

विधि

मूंगफली दाने को हल्का सा दरदरा कर लें. गुड़ और घी को कड़ाही में गर्म करें. लगातार धीमी  आंच पर चलाते रहें. जब गुड़ एकदम गाढ़ा सा दिखने लगे तो कलछी से 1 बून्द ठंडे पानी में डालें, इसे उंगली से चपटा करके तोड़ें, यदि तोड़ने पर आवाज आये तो समझें कि गुड़ चिक्की बनाने के लिए तैयार है, इस स्टेज पर आप गैस बंद कर दें. अब इसमें दरदरे मूंगफली दाने डालकर अच्छी तरह चलाएं. जब मिश्रण बीच में इकट्ठा सा होने लगे तो इसे एक सिल्वर फॉयल या चिकनाई लगे चकले पर रखकर बेलन से पतला बेल लें. तेज धार वाले चाकू से मनचाहे पीसेज में काटकर एयरटाइट जार में भरकर प्रयोग करें.

2. शुगरफ्री ड्रायफ्रूट चिक्की

कितने लोंगों के लिए              8

बनने में लगने वाला समय       30 मिनट

मील टाइप                          वेज

सामग्री

बीज निकले खजूर            500 ग्राम

घी                                  2 टेबलस्पून

मिक्स नट्स(काजू, बादाम, अखरोट और पिस्ता समान मात्रा में)      कुल 250 ग्राम

नारियल बुरादा               1 कप

विधि

खजूर को बारीक टुकड़ों में काटकर मिक्सी में पल्स मोड पर पीस लें. सभी मेवा को गरम घी में तलकर निकाल लें. अब बचे घी में पिसे खजूर डालकर अच्छी तरह गाढ़ा होने तक लगातार चलाते हुए भूनें. जब मिश्रण पैन में चिपकना छोड़ दे तो भुनी मेवा डालकर चलाएं और गैस बंद कर दें.तैयार मिश्रण को चिकनाई लगी ट्रे में फैलाएं. ठंडा होने पर चौकोर टुकड़ों में काटकर एयरटाइट जार में भरें.

-मुरमुरा चिक्की

कितने लोगों के लिए          10

बनने में लगने वाला समय    30 मिनट

मील टाइप                        वेज

सामग्री

मुरमुरे(पफ्ड राइस)            ढाई कप

गुड़                                 1 कप

घी                                  1 टेबलस्पून

विधि

मुरमुरे को बिना घी के भारी तले की कढ़ाई में लगातार चलाते हुए धीमी आंच पर 5 से 10 मिनट तक भूनकर एक थाली में निकाल लें. अब इसी पैन में घी डालकर गुड़ तोड़कर डालें. जब गुड़ में बुलबुले आने लगें तो एक कटोरी ठंडे पानी मे एक बूंद डालें, बून्द की गोली सी बनने लगे तो समझें कि चाशनी तैयार है. तैयार चाशनी में मुरमुरे डालकर अच्छी तरह चलाकर चिकनाई लगी ट्रे में जमाएं. मुरमुरे की प्रक्रिया को बहुत जल्दी जल्दी करने की आवश्यकता होती अन्यथा यह ठंडा हो जाता है और फिर जमने में परेशानी होती है. गर्म में ही चाकू से निशान बनाएं और ठंडा होने पर तोड़कर एयरटाइट जार में भरें.

3. कोकोनट चिक्की

कितने लोगों के लिए          8

बनने में लगने वाला समय     30 मिनट

मील टाइप                         वेज

सामग्री

नारियल लच्छा               2 कप

शकर                            1/2 कप

गुड़                               1/2 कप

घी                                1 टेबलस्पून

विधि

एक नॉनस्टिक पैन में बिना घी के नारियल लच्छा को धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए हल्का सा भूनकर अलग निकाल लें. अब इसी पैन में घी गरम करके शकर और गुड़ डाल दें. आंच एकदम धीमी रखें. इसे एकदम गाढ़ा और सख्त होने तक पकाएं. अब गैस बंद करके  इसमें नारियल लच्छा मिलाकर चिकनाई लगी ट्रे में डालकर एकसार करके जमा दें. मनचाहे टुकड़ों में काटकर एयरटाइट जार में भरकर प्रयोग करें.

अनलिमिटेड कहानियां-आर्टिकल पढ़ने के लिएसब्सक्राइब करें