अंततः रविवार की शाम ‘‘वायकौम 18’’ की तरफ से ‘‘वायकौम 18’’ और संजय लीला भंसाली निर्मित तथा संजय लीला भंसाली निर्देशित विवादास्पद फिल्म ‘‘पद्मावत’’ को 25 जनवरी को सिनेमाघरों में प्रदर्शित करने की आधिकारिक घोषणा कर दी गयी.

ज्ञातब्य है कि संजय लीला भंसाली निर्देशित फिल्म ‘पद्मावती’ एक दिसंबर को प्रदर्शित होनी थी. मगर राजपूत समाज व ‘राजपूत करणी सेना’ के विरोध के चलते छह राज्यों ने इस फिल्म पर प्रतिबंध लगा दिया था. तो वहीं दिसंबर माह में गुजरात राज्य में विधानसभा के चुनाव भी थे. परिणामतः ‘केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड’ ने तकनीकी खामी बताकर इस फिल्म को प्रमाण पत्र नहीं दिया था. उसके बाद निर्माताओं की तरफ से भी ढीला ढाली की गयी तथा एक दिसंबर को इस फिल्म का प्रदर्शन नहीं हो सका.

गुजरात के चुनाव संपन्न होते ही ‘केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड’ हरकत में आ गया और अंततः फिल्म का नाम ‘’पद्मावती’’ से ‘‘पद्मावत’’ कर कुछ कट के बाद प्रदर्शन की अनुमति दे दी. पर अंक ज्योतिषी संजय जुमानी ने ऐलान किया कि ‘‘पद्मावत’’ के नाम से यह फिल्म बाक्स आफिस पर असफल हो जाएगी. उसके बाद अब ‘वायकौम 18’ ने फिल्म के अंगेजी नाम में एक ‘ए’ ज्यादा जोड़ दिया है. बहरहाल, ‘वायकौम 18’ ने घोषणा कर दी है कि वह अपनी इस फिल्म को हिंदी, तमिल व तेलगू इन तीन भाषाओं में पूरे विश्व में एक साथ 25 जनवरी को प्रदर्शित करेंगे.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...