गर्मियों की तपती दोपहरी वाले दिन काफी लंबे होते हैं. इन दिनों दोपहर का भोजन भी अमूमन जल्दी ही खा लिया जाता है और इसीलिए शाम होते होते भूख लग आती है. यूं भी आहार विशेषज्ञों के अनुसार लंच और डिनर के बीच में कुछ स्नैक ले लेना चाहिए और रात्रि का भोजन बहुत हल्का खाना चाहिए. अक्सर शाम को यही समस्या रहती है कि क्या स्नैक बनाया जाए जो सभी को पसन्द भी आये और बन भी आसानी से जाए. आज हम आपको बड़ी आसानी से घर में उपलब्ध सामग्री से ही बनने वाले दो स्नैक के बारे में बता रहे हैं तो आइये देखते हैं कि इन्हें कैसे बनाया जाता है-

-चीजी फिंगर रोल

कितने लोगों के लिए         6

बनने में लगने वाला समय     30 मिनट

मील टाइप                        वेज

सामग्री

ब्रेड स्लाइस                    4

उबले आलू                     2

बारीक कटा प्याज            1

कटी हरी मिर्च                   2

किसी अदरक                    1 इंच

बारीक कटा हरा धनिया       1 टीस्पून

किसी गाजर                      1

कटी शिमला मिर्च                1

चावल का आटा                  1 टीस्पून

दूध                                     1/2 कप

नमक                                 स्वादानुसार

लाल मिर्च पाउडर                1/2 टीस्पून

गर्म मसाला                         1/4 टीस्पून

अमचूर पाउडर                   1/2 टीस्पून

मोजरेला चीज                    1 टेबलस्पून

ब्रेड क्रम्ब्स                          2 टेबलस्पून

कॉर्नफ्लोर                          1 टेबलस्पून

कश्मीरी लाल मिर्च             1 /2 टीस्पून

तलने के लिए तेल

विधि

एक पैन में 1 टीस्पून तेल डालकर प्याज को सॉते करके हरी मिर्च, अदरक और धनिया डालकर अच्छी तरह चलाएं. गाजर और शिमला मिर्च डालकर 3 से 4 मिनट तक हल्का सा पकाएं. अब आलू को इसी में मैश करें और सभी मसाले डालकर भली भांति चलाकर गैस बंद कर दें ताकि मिश्रण ठंडा हो जाये. ब्रेड को तोड़कर एक बाउल में डालें और दूध डालकर 5 मिनट के लिए छोड़ दें ताकि ब्रेड गल जाए. 5 मिनट बाद ब्रेड को अच्छी तरह मसलकर आटे जैसा गूथ लें. ब्रेड के इस आटे में तैयार आलू का मिश्रण चीज, चावल का आटा अच्छी तरह मिलाएं. अब इस मिश्रण से छोटी सी लोई लेकर रोल बनाकर तैयार कर लें. कॉर्नफ्लोर को एक कप पानी में 1/4 टीस्पून नमक और कश्मीरी लाल मिर्च डालकर घोल तैयार करें. तैयार रोल को कॉर्नफ्लोर के घोल में डुबोकर ब्रेड क्रम्ब्स में रोल करें और गर्म तेल में सुनहरा होने तक तलकर बटर पेपर पर निकालें. गर्मागर्म रोल को टोमेटो सॉस के साथ सर्व करें.

-अनियन पनीर रोल

कितने लोगों के लिए          6

बनने में लगने वाला समय      30 मिनट

मील टाइप                         वेज़

सामग्री(रोल के लिए)

लंबे कटे प्याज                 3

बारीक कटी हरीमिर्च         2

बारीक कटा हरा धनिया       1 टीस्पून

नमक                                1/4 टीस्पून

लाल मिर्च पाउडर               1/4 टीस्पून

बेसन                                 1कप

तलने के लिए तेल

सामग्री(स्टफिंग के लिए)

पनीर                             100 ग्राम

चाट मसाला                    1/4 टीस्पून

चिली फ्लैक्स                  1/4 टीस्पून

बारीक कटी हरी धनिया        1 टीस्पून

विधि

रोल बनाने की  समस्त सामग्री को एक बाउल में डालकर अच्छी तरह मिलाएं अब इसमें 1 टेबलस्पून पानी मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार करें.

पनीर को मैश करके समस्त सामग्री को मिलाएं. तैयार मिश्रण से 1 टीस्पून मिश्रण लेकर छोटे छोटे रोल बनाएं.

बेसन और प्याज का 1 टेबलस्पून मिश्रण लेकर हथेली पर फैलाएं और बीच में पनीर का रोल रखकर चारों तरफ से बंद करके गर्म तेल में डालें. मध्यम आंच पर सुनहरा होने तक तलें. बटर पेपर पर निकालकर हरे धनिए की चटनी के साथ सर्व करें.

ये भी पढ़ें- Summer Special: घर पर बनाएं वेज मोमोज

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...