Valentine’s Special : सुनील और रेखा की दोस्ती कालेज में हुई. दोनों ने साथसाथ पढ़ाई करने और कहीं आनेजाने का प्लान बनाने लगे. शांत स्वभाव के सुनील को रेखा धीरेधीरे पसंद करने लगी क्योंकि वह हर बात पर रेखा का बहुत ध्यान रखता था। उसे कहीं ले जाना हो तो अपनी बाइक पर ले जाता था। ऐसे ही करीब 1 साल बीत गया। दोनों कालेज पास आउट हो कर नौकरी की तलाश में जुट गए. रेखा को जौब मिल गई, लेकिन सुनील को उस के मनमुताबिक जौब नहीं मिली. रेखा खुश थी कि दोनों को नौकरी मिल गई है और वे एक नई जिंदगी की शुरुआत कर सकेंगे।
एक दिन जब रेखा के कलीग ने रेखा और सुनील को मुंबई की चौपाटी पर देखा, तो मिलने चला आया और रेखा के काम की तरीफ सुनील से करने लगा, मगर उसे रेखा की इतनी तारीफ करना पसंद नहीं आई. रेखा यह समझ गई और उस व्यक्ति के जाने के बाद उस ने सुनील को समझाने की कोशिश की, लेकिन सुनील उस की बात समझ नहीं पा रहा था. अंत में दोनों में इस बात को ले कर काफी कहासुनी भी हो गई.
रेखा खुद औटो कर घर वापस आ गई, लेकिन सुनील की ऐसी बातों से वह दुखी हो चुकी थी. इतना शांत दिखने वाला सुनील इतनी लड़ाई कैसे कर सकता है? यह सब बात उस की समझ से बाहर थी.
दूसरे दिन से सुनील रेखा से थोड़ी दूरी बनाने लगा। बारबार फोन करने वाला सुनील न तो मैसेज करता और न ही फोन. रेखा जब भी इस बारे में पूछती, तो वह कुछ काम का बहाना दे कर टाल देता था.
ऐसे कई महीने बीत गए, लेकिन सुनील का नौर्मल व्यवहार रेखा को नहीं दिखा, रेखा के सारे सपने धीरेधीरे टूटने लगे, जो उस ने पिछले कुछ दिनों से देखा था क्योंकि अब ऐसे इंसान के साथ जीवन गुजार पाना उस के लिए भी मुमकिन नहीं था, जिस का प्यार कमजोर है.
असल में सुनील का रेखा के प्रति प्यार शुरुआत में एक जनून था और किसी दूसरे का रेखा की तारीफ करना उसे पसंद नहीं आ रहा था, इसलिए वह गुस्सा हुआ और लड़ाई कर लिया.
लव बौंबिंग है क्या
लव लव बौंबिंग वह स्थिति है, जब आप किसी के साथ बिना समझे एक गहरा, तीव्र संबंध बना लेते हैं. घंटों की बातचीत से ले कर सबकुछ बहुत जल्दी होता है. इस दौरान एक या दोनों व्यक्ति दूसरे व्यक्ति का स्नेह, ध्यान और प्यार जीतने पर पूरी तरह से केंद्रित होते हैं. कई बार इस में भेंट का आदानप्रदान भी होता है, जो दोनों के प्यार की गहराई को स्पष्ट करता है, लेकिन एक छोटी सी बात दोनों में बड़ी दरार ला देता है और जिंदगीभर का पछतावा लड़की या लड़के को होने लगती है.
नए ट्रेंड से खुद को बचाएं
इस बारे में मनोचिकित्सक राशिदा कपाड़िया कहती हैं कि रिलेशनशिप में तेजी से एक नया ट्रेंड आजकल चल रहा है, जिसे लव बौंबिंग कहते हैं. इस में शुरुआत में पार्टनर बहुत टाइम देता है, आप का ध्यान खींचता है, ताकि आप इंप्रेस हो जाएं, जो बाद में इतना गहरा नहीं होता. कई बार यह लव बौंबिंग युवाओं पर गहरा व नकारात्मक असर डालती है, जहां रिश्ते की शुरुआत में ही अत्यधिक प्यार, तारीफ और तोहफों से लाद दिया जाता है, जिस से एक भ्रम पैदा होता है, लेकिन यह जल्द ही नियंत्रण, भावनात्मक हेरफेर और दुर्व्यवहार में बदल जाता है, जिस से युवा अपनी पहचान खो देते हैं, दूसरों से कट जाते हैं और अकेलेपन व असुरक्षा में फंस जाते हैं, जो मानसिक स्वास्थ्य और रिश्तों के लिए हानिकारक है.
रिश्तों को अच्छी तरह से समझें
पहले यह सब रोमांटिक लगता है, लेकिन असल में इस का मकसद आप को कंट्रोल करना या फिर अपने हिसाब से बदलना होता है. ऐसे पार्टनर को किसी भी हालत में किसी दूसरे के हिसाब से चलना पसंद नहीं होता और वे आसपास ऐसा माहौल बना देते हैं कि इंसान खुद ही उस के हिसाब से चलने लगता है, जो बाद में लड़ाईझगड़े और अलगाव का कारण बनता है.
इसलिए जब भी आप किसी रिश्ते में जाएं तो इस के स्वरूप को जान लेना जरूरी होता है, ताकि आप को बाद में किसी मानसिक समस्या का सामना न करना पड़े.
कुछ सुझाव निम्न हैं :
-बहुत जल्दी और ज्यादा प्यार जताना.
-लगातार मैसेज, कौल और गिफ्ट देना.
-परिवार और दोस्तों से दूरी.
-आप की पसंदनापसंद का अधिक परवाह न करना.
-इमोशनल प्रेशर डालना आदि.
प्यार है क्या
राशिदा कहती हैं कि असली प्यार भरोसे और समझ के साथ धीरेधीरे बनता है जबकि लव बौंबिंग अचानक और दिखावटी होता है. असली प्यार में आप की लिमिट्स की इज्जत की जाती है, किसी तरह का प्रेशर नहीं दिया जाता है. दूसरी तरफ लव बौंबिंग में कंट्रोल करने और इंप्रेस करने की कोशिश की जाती है. कहा जाए तो प्यार में असली दुनिया होती है, लेकिन लव बौंबिंग एक बनावटी गुब्बारा जैसा होता है, जिस के अंदर व्यक्ति खुद को सब से अधिक खुशहाल समझता है.
इस से बचने के तरीके
-किसी भी नए रिश्ते में जल्दी विश्वास न करें.
-इस बात को समझें कि क्या पार्टनर आप को आप के दोस्तों और परिवार से दूर कर रहा है?
-अपनी फीलिंग्स और लिमिट्स को समझें और साफ रखें।
-किसी भी तरह के प्रेशर और टौक्सिक नैचर को नजरअंदाज न करें.
-जरूरत पड़े तो भरोसेमंद दोस्त या मैंटल हैल्थ प्रोफैशनल से सलाह लें आदि।
इस प्रकार लव बौंबिंग एक तरह का इमोशनल धोखा है। यह एक तरह से दिखावे का प्यार है, जो शुरुआत में अच्छा लगता है, लेकिन असल में आप के लिए खतरनाक हो सकता है. सही प्यार हमेशा टाइम, भरोसे और समझदारी के साथ बनता है, इसलिए रिलेशनशिप में अलर्ट रहें और अपने आत्मसम्मान की रक्षा करें.
