Fashion tips : बहुत कम लोगों को यह जानकारी होती है कि आउटफिट आप के मूड को पल में बदल सकता है. ऐसा प्राय: देखा गया है कि जब आप किसी काम से बाहर जा रहे होते हैं तो सब से पहले सही आउटफिट का चुनाव करना चाहते हैं जो बहुत मुश्किल होता है क्योंकि कपड़ों को ले कर हम अकसर काफी अलर्ट रहते हैं. दरअसल, यही हमारी पर्सनैलिटी को निखारने में मदद करते हैं. क्या आप ने कभी किसी कपड़े को पहन कर कौन्फिडैंस महसूस किया है या उसे पहन कर कभी कमतर एहसास के शिकार हुए हैं? बेशक कभी न कभी हम सभी ने अपने कपड़ों की वजह से परेशानियां उठाई हैं और कभीकभी बहुत कौन्फिडैंट भी फील किया है. इस में कोई शक नहीं है कि कपड़े हमारे मूड और पर्सनैलिटी दोनों पर प्रभाव डालते हैं.
यही वजह है कि हमारे सैलिब्रिटीज अधिकतर स्टाइलिस्ट का रुख करते हैं और एक सही आउटफिट का चुनाव सही जगह पर करने में कामयाब होते है. मगर दैनिक जीवन में यह संभव नहीं हो पाता. असल में आउटफिट्स कई प्रकार के होते हैं, जिन्हें अवसर के अनुसार पहन कर अपने मूड को बदल सकते हैं जैसे कैजुअल, फौर्मल, बोहेमियन, विंटेज, स्ट्रीटवियर, प्रैपी, मिनिमलिस्ट, चिक और आर्टिस्टिक आदि.
एक शोध में पता चला है कि जब व्यक्ति चिंतित होता है तो साफसुथरी डिजाइन वाले सलीकेदार कपड़े पहनने से उसे अधिक मानसिक शांति मिलती है. आत्मविश्वास से भरे दिनों में अधिक बोल्ड विकल्प चुनना बेहतर होता है क्योंकि इससे पेशेवर लोगों के साथ बातचीत में आसानी होती है. एक सूती टौप, एक साफसुथरे कैजुअल टौप से बिलकुल अलग महसूस कराता है, भले ही वे देखने में एकजैसे लगें.

आइए जानते हैं आउटफिट्स का मूड से क्या कनेक्शन है?
कंफर्ट लैवल
सब से पहले किसी भी आउटफिट में कंफर्ट होना सब से जरूरी होता है क्योंकि जब हम कंफर्टेबल कपड़े पहनते हैं तो ज्यादा आरामदायक और अच्छा महसूस करते हैं और मूड भी अच्छा रहता है. मूड बदलने के लिए आरामदायक कपड़े जैसे कौटन के कुरते, ढीली टीशर्ट, चमकीले रंग मसलन पीला, नारंगी, हलका नीला और ट्रेंडी आउटफिट जैसे डैनिम जैकेट या स्टाइलिश ड्रैस पहनना सही रहता है.
स्टाइल जरूरी
आउटफिट में स्टाइल महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है जो आप के व्यक्तित्व के अनुसार होना चाहिए. सही स्टाइल वाले कपड़े आप को काफी अच्छा महसूस कराते हैं. ऐसे कपड़े आप के आत्मविश्वास को तो बढ़ाते ही हैं, साथ ही आरामदायक भी महसूस कराते हैं. जब हमें लगने लगता है कि हम अच्छे दिख रहे हैं तो इस बात की संभावना काफी बढ़ जाती है कि हम खुद को ले कर कौन्फिडैंट फील करने लगते हैं.
ओकेजन
आउट्फिटस का ओकेजन से काफी गहरा रिश्ता होता है, किसी स्पैशल ओकेजन के मुताबिक कपड़े पहनना भी आप को आत्मविश्वासी बना सकता है. अगर आप किसी जौब के इंटरव्यू के लिए जा रही हैं तो जौब पैटर्न के हिसाब से कपड़े पहने जाने चाहिए, मसलन, कौरपोरेट क्षेत्र में इंटरव्यू के लिए एक स्त्री पैंटसूट, स्कर्ट, शर्ट या फौर्मल ड्रैस के साथ कम हील वाले जूते पहन सकती है जो साफ, प्रैस किए और आरामदायक होने चाहिए, जबकि लड़कों को फौर्मल और सौम्य रंग (नेवी, ब्लू, ग्रे, ब्लैक, बेज) के कपड़े सब से उपयुक्त होते हैं. पुरुषों को अच्छी फिटिंग वाले सूट, शर्ट, टाई और पौलिश किए जूते पहनने अच्छे रहते हैं.
रंगों की दुनिया
अगर कपड़ों के रंगों की बात की जाए तो कपड़ों का कलर भी आप की पर्सनैलिटी
से जुड़ी कई बातों को उजागर करता है. अलगअलग रंग अलगअलग भावनाएं पैदा करते हैं. भड़कीले और चमकीले रंग के कपड़ों को आप को आम दिनों में पहनने से बचना चाहिए क्योंकि इन से आप की पर्सनैलिटी पर बुरा असर पड़ सकता है.
एक अध्ययन में यह पता चला है कि रंगों का महत्त्व हमारे जीवन में बहुत खास होता है. इस का असर मनोवैज्ञानिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर पड़ता है जो पलभर में मूड, आत्मविश्वास और ऊर्जा स्तर को बदल सकते हैं.
चमकदार रंग जैसे पीला और नारंगी खुशी, रचनात्मकता और ऊर्जा बढ़ाते हैं. नीला और हरा रंग शांति और स्थिरता लाते हैं, जबकि काला व गहरा रंग परिष्कार और शक्ति का एहसास कराते हैं. इस के अलावा रंग आप की बौडी शैप को भी बनाए रखता है जैसे नेवी ब्लू रंग बहुत ही पौलिश्ड और साफसुथरा लुक देता है. इसे पहनने से आपकी बौडी शेप बैलेंस लगती है और फैट वाले हिस्से ज्यादा नहीं दिखता है. यह रंग न ज्यादा तेज है और न ही बहुत डल, इसलिए इसे औफिस, पार्टी या फिर कैजुअल डे आउटिंग में भी पहना जा सकता है.
आत्मविश्वास जरूरी
इस के अलावा फैस्टिव लुक के लिए बैस्ट वाइन रैड रंग अगर आप किसी फैस्टिव या फौर्मल फंक्शन में जा रही हैं तो डीप बरगंडी यानी वाइन रैड रंग का पहने. यह रंग देखने में बहुत रिच और क्लासी लगता है. इस रंग की खास बात यह है कि यह हर स्किन टोन पर अच्छा लगता है और साथ ही बौडी को स्लिम दिखाने में मदद करता है.
हर मौके पर परफैक्ट ब्लैक रंग की सब से खास बात यह है कि ये कभी भी आउट औफ ट्रेंड नहीं होता है लेकिन अधिकतर इसे पहनना पसंद करते हैं. ब्लैक पहनने से शरीर के ऐक्स्ट्रा कर्व्स और फैट आसानी से छिप जाता है. यह एक ऐसा रंग है जो नैचुरली स्लिम लुक देता है. यह हर स्किन टोन पर शानदार दिखता है और आप को एलिगैंट लुक देता है. इस से आप की ओवरआल पर्सनैलिटी निखरती है.
कुल मिला कर कपड़े पौजिटिव और नैगेटिव दोनों ही तरीकों से हमारे मूड और सैल्फ कौन्फिडैंस को प्रभावित करते हैं. इसलिए हमेशा जगह और स्थिति के मुताबिक आउटफिट्स का चयन करना सही रहता है ताकि आप हर वक्त आत्मविश्वास से भरी रहें और अपने सभी निर्णय सही ले सकें.
