Food Safety Checkpoint : भारत में बढ़ते खाद्य मिलावट के मामलों के बीच अब टेक्नोलॉजी हर घर को बना रही है Food Safety Checkpoint. जानिए कैसे स्मार्ट डिवाइस और नई तकनीक आपके परिवार के खाने को सुरक्षित बना सकती है.
भारत जैसे देश में भोजन सिर्फ पोषण का साधन नहीं, बल्कि संस्कृति और परिवार का हिस्सा है. लेकिन बढ़ते फूड एडुल्टरेशन (खाद्य मिलावट) के मामलों ने एक गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है — क्या हमारा खाना वास्तव में सुरक्षित है? त्योहारों के समय दूध, मिठाई, मसाले और तेल में मिलावट की खबरें अक्सर सामने आती हैं. ऐसे में जरूरत है कि खाद्य सुरक्षा सिर्फ सरकारी निरीक्षण तक सीमित न रहे, बल्कि हर घर तक पहुंचे. आज की तकनीक इस दिशा में एक बड़ा बदलाव ला सकती है.
मिलावट-
एक छुपा हुआ खतरा खाद्य मिलावट कई बार तुरंत बीमारी का कारण बनती है, लेकिन अधिक खतरनाक है इसका लंबे समय तक असर. इस बारे में पेपर प्रो के संस्थापक ध्रुव तोमर कहते हैं कि मिलावटी दूध में यूरिया, डिटर्जेंट या सिंथेटिक तत्व मिलाए जाने की घटनाएं सामने आती रही हैं. इसी तरह मसालों में कृत्रिम रंग, मिठाइयों में सस्ता केमिकल या खराब गुणवत्ता का तेल मिलाया जाना स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है.
यह समस्या सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं है. छोटे शहरों और कस्बों में भी निगरानी की सीमित व्यवस्था के कारण जोखिम बढ़ जाता है.
तकनीक से समाधान की शुरुआत-
अब सवाल है, क्या हर उपभोक्ता अपने स्तर पर कुछ कर सकता है? जवाब है! हां. नई तकनीकों ने खाद्य जांच को प्रयोगशालाओं से निकालकर आम लोगों तक पहुंचाने की दिशा में काम शुरू कर दिया है. आज ऐसे रैपिड टेस्ट किट उपलब्ध हैं जो दूध या अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की शुरुआती जांच कुछ ही मिनटों में कर सकते हैं. ये किट इस्तेमाल में सरल होती हैं और किसी विशेष तकनीकी ज्ञान की आवश्यकता नहीं होती.
इसके अलावा, मोबाइल एप्लिकेशन और डिजिटल प्लेटफॉर्म भी उपभोक्ताओं को उत्पाद की गुणवत्ता, स्रोत और प्रमाणन की जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं. क्यूआर कोड स्कैन कर उत्पाद की जानकारी पाना अब आसान हो गया है. भविष्य में एआई आधारित तकनीक और स्मार्ट डिवाइस घरेलू स्तर पर और अधिक सटीक जांच संभव बना सकते हैं.
हर घर बने ‘फूड सेफ्टी चेकपॉइंट’-
यदि तकनीक को सही तरीके से अपनाया जाए तो हर घर एक छोटी जांच इकाई बन सकता है. इसका मतलब यह नहीं कि सरकारी एजेंसियों की भूमिका खत्म हो जाएगी, बल्कि निगरानी की एक अतिरिक्त परत जुड़ जाएगी. जब उपभोक्ता जागरूक होंगे और जांच के साधन उनके पास होंगे, तो मिलावट करने वालों के लिए जोखिम बढ़ जाएगा.
उपभोक्ताओं को क्या करना चाहिए?
* विश्वसनीय ब्रांड या विक्रेता से ही खाद्य सामग्री खरीदें.
* अत्यधिक सस्ते ऑफर से सावधान रहें.
* उत्पाद के लेबल, निर्माण तिथि और प्रमाणन की जांच करें.
* यदि संभव हो तो रैपिड टेस्ट किट का उपयोग करें.
* किसी भी संदिग्ध उत्पाद की सूचना संबंधित अधिकारियों को दें.
सामूहिक जिम्मेदारी-
खाद्य सुरक्षा सिर्फ सरकार या उद्योग की जिम्मेदारी नहीं है. यह उपभोक्ता, उत्पादक और नियामक— तीनों की साझा जिम्मेदारी है. तकनीक इस त्रिकोण को मजबूत बनाने का एक प्रभावी माध्यम बन सकती है.
जब हर घर सतर्क होगा, तभी सुरक्षित भोजन की दिशा में वास्तविक बदलाव संभव होगा. आखिरकार, स्वस्थ समाज की शुरुआत सुरक्षित भोजन से ही होती है.
