Bollywood star kids : ज्यादातर देखा गया है कि डाक्टर का बेटा डाक्टर और ऐक्टर का बेटा ऐक्टर ही बनता है. बरसों से ऐसा ही चला आ रहा है कि जिस प्रोफैशन में मांबाप होते हैं उसी प्रोफैशन को आगे बच्चे भी अपना लेते हैं. शायद इसलिए क्योंकि बच्चों के लिए यह आसान हो जाता है क्योंकि उन के पिता या माता पहले से ही अपने प्रोफैशन में सफल और मशहूर होते हैं, जिस के बाद जब बच्चे उसी प्रोफैशन से जुड़ते हैं, तो उन के लिए काम पाना आसान हो जाता है.

अमिताभ बच्चन अगर ऐक्टर हैं तो अभिषेक बच्चन को फिल्में पाने के लिए ज्यादा स्ट्रगल नहीं करना पड़ा. ऋषि कपूर के बेटे रणबीर कपूर, सुनील दत्त के बेटे संजय दत्त, महेश भट्ट की बेटी आलिया भट्ट, हेमा मालिनी की बेटी ईशा देओल, धर्मेंद्र के बेटे बौबी देओल और सनी देओल, सलमान खान और आमिर खान जिन का पहले से फैमिली बैकग्राउंड फिल्मी रहा है, इसलिए उन के लिए फिल्मों में काम पाना इतना मुश्किल नहीं था जितना शाहरुख खान, अक्षय कुमार, माधुरी दीक्षित, मिथुन चक्रवर्ती, कार्तिक आर्यन, विद्या बालन आदि ऐक्टरों के लिए.

नाम और दाम

पिता का ही प्रोफैशन चुनने के पीछे एक वजह यह भी होती थी कि थोड़ी सी मेहनत के बाद बच्चों को पिता की तरह नाम और दाम दोनों मिल जाते, जहा मांबाप बतौर ऐक्टर हजारों और लाखों में कमा रहे थे, वहीं अब बच्चे करोड़ों में कमा रहे हैं. ऐसे में स्टार किड्स को सेम प्रोफैशन में जाना सुरक्षित लगता था. खासतौर पर ऐक्टर का बेटा ऐक्टर बनने के पीछे एक वजह यह भी होती थी कि पहले के ऐक्टर ऐक्टिंग के अलावा किसी और बिजनैस के बारे में ज्यादा नहीं सोचते थे. उन के पास जो भी धनराशि होती थी वह फिल्मों द्वारा कमाई गई पारिश्रमिक पर आधारित कमाई ही होती थी.

लेकिन जैसेजैसे समय बदला आने वाले ऐक्टरों में अपने ऐक्टिंग कैरियर और पैसों को ले कर जागरूकता देखने को मिली. आज के सफल ऐक्टर सिर्फ ऐक्टिंग के जरीए ही पैसे नहीं कमा रहे बल्कि ऐक्टिंग से कमाए हुए पैसों को दूसरे बिजनैस में इनवेस्ट कर के पैसे से पैसा बना रहे हैं, जैसे शाहरुख खान सिर्फ ऐक्टर ही नहीं हैं बल्कि एक सफल बिजनेसमैन भी हैं. ऐक्टिंग के अलावा प्रोडक्शन हाउस से ले कर अन्य कई सारे बिजनैस के चलते फिलहाल वह 12 हजार करोड़ के मालिक हैं.

इसी तरह अक्षय कुमार, अजय देवगन, रवीना टंडन, माधुरी दीक्षित ऐक्टिंग के अलावा कई अन्य व्यवसाय से जुड़े हुए हैं. ऐसे में उन के बच्चों को पैसों की कोई कमी नहीं है और वे अपना पसंदीदा प्रोफैशन चुनने के लिए आजाद हैं. उन के ऊपर कोई प्रैशर नहीं है  और न ही अपना भविष्य संवारने के लिए पिता का प्रोफैशन चुनना जरूरी है.

मन के मालिक

आज के समय में स्टार किड्स अपने मन के मालिक हैं. अपना पसंदीदा काम करने के लिए आजाद हैं. जैसे शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान ने ऐक्टिंग के बजाय डाइरैक्शन का रास्ता चुना. इसी तरह अक्षय कुमार के बेटे ने फैशन डिजाइनर बनना पसंद किया.

कई ऐसे सफल ऐक्टरों के बच्चे हैं जो ऐक्टर न बन कर किसी और क्षेत्र से जुड़ गए और उस अलग क्षेत्र में अपनी अलग पहचान भी बना रहे हैं.

अपना अलग प्रोफैशन

बौलीवुड की दुनिया में ज्यादातर देखा गया है कि सुपरस्टार के बच्चे ऐक्टर ही बनते हैं फिर चाहे वह श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर या खुशी कपूर हो, चंकी पांडे की बेटी अनन्या पांडे हो, संजय कपूर की बेटी शनाया कपूर हो या शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी सोनाक्षी सिन्हा ही क्यों न हों लेकिन कुछ ऐसे स्टार किड्स भी हैं जिन्होंने अपने मातापिता का प्रोफैशन न चुन कर अलग प्रोफैशन में अपनी किस्मत आजमाई. जैसे अमिताभ बच्चन जया बच्चन की नाती नव्या नवेली नंदा ऐक्टिंग से दूर रह कर अलग बिजनैस वर्ल्ड में अपनी पहचान बना रही हैं. उन की आरा हैल्थ नाम की हैल्थ केयर कंपनी चला रही है, जो खासतौर पर महिलाओं की हैल्थ और वैलनेस पर फोकस करती है.

नव्या सोशल प्लेटफौर्म पर भी इस मुद्दे को ले कर काफी ऐक्टिव हैं.  संजय दत्त की बेटी त्रिशाला दत्त अमेरिका में रहती हैं और वे प्रोफैशन से साइकोथेरैपिस्ट हैं जो मानसिक परेशानियों को दूर करने का काम करती हैं. जैकी श्रौफ की बेटी कृष्णा श्रौफ स्पोर्ट्स और फिटनैस की दुनिया में अपना नाम बना रही हैं. कृष्णा ने एमएमए जिम शुरू किया है और सोशल मीडिया पर वे अपने फिटनैस वीडियो और फोटोज पोस्ट करती रहती हैं.

खुद की मेहनत पर भरोसा

अनिल कपूर की बेटी रिया कपूर प्रोडक्शन हाउस और फैशन वर्ल्ड में अपना नाम कमा रही हैं. जहां एक ओर उन्होंने बतौर प्रोड्यूसर खूबसूरत जैसी फिल्म बनाई हैं, वहीं फैशन इंडस्ट्री में बतौर स्टाइलिस्ट वे काफी मशहूर हैं.

आमिर खान की बेटी इरा खान ऐक्टिंग के बजाय मैंटल हैल्थ के क्षेत्र में काम कर रही हैं और अपनी अगस्तू फाउंडेशन के जरीए लोगों को डिप्रैशन और स्ट्रैस जैसी समस्याओं से निबटने में मदद करती हैं. इरा का मकसद समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है.

हेमा मालिनी की बेटी अहाना देओल को कभी भी ऐक्टिंग का शौक नहीं था बल्कि उन की रुचि भरतनाट्यम और क्लासिकल डांस में थी. अहाना ने ओडिसी नृत्य में खुद को स्थापित किया है. इस के अलावा अहाना फैशन डिजाइनर भी हैं. वे 2010 से एक फैशन स्टोर चला रही हैं जिस का नाम रैबिट हौल है.

राकेश रोशन की बेटी सुनैना रोशन प्रोडक्शन हाउस में काम करना पसंद करती हैं. नीना गुप्ता की बेटी मसाबा गुप्ता फेमस फैशन डिजाइनर हैं, जिन का अपना लेबल हाउस औफ मसाबा है. उन के लेवल के आउटफिट्स स्टार्स पहनना बहुत पसंद करते हैं.

कोई लेखक तो कोई फिटनैस ट्रैनर

राखी गुलजार और गुलजार की बेटी मेघना गुलजार फिल्म निर्देशन में अपना कमाल दिखा रही हैं. मेघना गुलजार द्वारा निर्देशित फिल्में ‘छपाक’ और ‘जस्ट मैरिड’ काफी पसंद की गई थी.

अनुराग कश्यप डाइरैक्टर और ऐक्टर की बेटी आलिया कश्यप अमेरिका में पढ़ाई कर रही हैं और 20 साल की उम्र में यूट्यूब चैनल चला रही हैं जो काफी पौपुलर है.

आलिया भट्ट की बहन शाहीन भट्ट सोशल मीडिया पर स्टार हैं और साथ ही वे एक अच्छी लेखिका हैं.

ऋषि कपूर और नीतू सिंह की बेटी रिद्धिमा कपूर एक ज्वैलरी डिजाइनर हैं और साथ ही वे योगा  सिखाती हैं.

अक्षय कुमार के बेटे आरव कुमार लंदन में फैशन डिजाइनिंग का कोर्स कर रहे हैं और इसी क्षेत्र में वे आगे बढ़ने की योजना बना रहे हैं. एक्टिंग के क्षेत्र में उन की कोई दिलचस्पी नहीं है.

इस से यही निष्कर्ष निकलता है कि जरूरी नहीं है कि जो मांबाप को पसंद हो वही बच्चे भी पसंद करें, आज के समय में बच्चों की न सिर्फ सोच अलग है, बल्कि वे प्रोफैशन भी अपनी पसंद से अलग तरह का चुनना पसंद करते हैं और उसी क्षेत्र में अपनी पहचान बनाना चाहते हैं.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...