जब बच्चे लंबे समय तक घर में बंद रहते हैं, तो वे चिड़चिड़े होने लगते हैं. भाई-बहनों में अचानक छोटी-छोटी बातों पर झगड़े बढ़ जाते हैं, और किसी काम में उनका मन नहीं लगता. खासतौर पर समर वैकेशन की लंबी छुट्टियों में यह साफ नजर आता है. अक्सर माता-पिता इसे केवल ‘नखरे’ या ‘शरारत’ समझ लेते हैं, लेकिन विज्ञान की भाषा में इसे मूवमेंट डिप्राइवेशन यानी शारीरिक हलचल की कमी कहा जाता है. लगातार घर के अंदर रहने से बच्चों के व्यवहार पर इसका क्या असर पड़ता है और इसका समाधान क्या है?
1. चिड़चिड़ापन
बच्चों का शरीर और दिमाग नेचुरली दौड़ने-भागने और एक्सप्लोर करने के लिए बना है. जब वे लगातार चार दीवारों के बीच रहते हैं, तो उनकी एनर्जी अंदर ही अंदर जमा होने लगती है. यह दबी हुई एनर्जी बाहर निकलने का रास्ता ढूंढती है, जो अक्सर उनके चिड़चिड़ेपन या गुस्से के रूप में सामने आती है। बिना फिजिकल एक्टिविटी के उनका मूड रेगुलेट करने वाला हार्मोन कम बनता है, जिससे वे छोटी बातों पर भी रोने या चिल्लाने लगते हैं.
2. आपस में झगड़े: बोरियत और फ्रस्ट्रेशन का नतीजा
जब बच्चे बाहर जाकर अपनी एनर्जी को सही जगह नहीं लगा पाते, तो वे घर के माहौल में ही छटपटाने लगते हैं. इस स्थिति में बोरियत और फ्रस्ट्रेशन इतनी बढ़ जाती है कि वे अपने आस-पास मौजूद लोगों पर इसे निकालने लगते हैं। खिलौनों के लिए लड़ना, एक-दूसरे को परेशान करना या बेवजह की बहस करना, असल में उनकी इसी दबी हुई एनर्जी को बाहर निकालने का एक जरिया होता है.
3. ध्यान न लगना:
कई बार पैरेंट्स शिकायत करते हैं कि बच्चा पढ़ाई या किसी एक खेल पर ध्यान नहीं लगा पा रहा है. विज्ञान कहता है कि “दिमाग को एक्टिव करने के लिए शरीर का हिलना-डुलना जरूरी है.” जब बच्चे दौड़ते-भागते हैं, तो उनके दिमाग में ऑक्सीजन और ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है, जिससे फोकस करने की क्षमता सुधरती है शारीरिक हलचल की कमी के कारण उनका दिमाग सुस्त हो जाता है, जिससे वे किसी भी काम पर लंबे समय तक ध्यान नहीं कर पाते.
‘Psychology Today’ में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार आधुनिक समय में बच्चों में ध्यान न लगने और बढ़ते चिड़चिड़ेपन की असली वजह उनकी कोई व्यक्तिगत कमजोरी नहीं, बल्कि लगातार घर के अंदर सिमटती उनकी जिंदगी है. इस अध्ययन में स्पष्ट किया गया है कि चार दीवारों के अंदर लगातार बढ़ता स्क्रीन टाइम और गैजेट्स से निकलने वाली ब्लू लाइट बच्चों की नींद के चक्र को पूरी तरह बिगाड़ देती है, जिससे उनका तंत्रिका तंत्र हमेशा तनाव और उत्तेजना की स्थिति में रहता है.

क्यों जरूरी है माहौल बदलना, साइंस को समझें
रिपोर्ट निष्कर्ष निकालती है कि बच्चों का ध्यान भटकाने के लिए उन्हें डांटने या सजा देने के बजाय उनके माहौल को बदलना जरूरी है—जिसके लिए उन्हें सुबह की धूप, पूरी तरह स्क्रीन-फ्री बेडरूम और हर दिन बाहर जाकर शारीरिक हलचल करने का मौका मिलना बेहद जरूरी है.
अगर किसी वजह से बच्चे बाहर नहीं जा पा रहे हैं, तो आप घर के अंदर ही इन तरीकों से एनर्जी को चैनेलाइज कर सकते हैं:
• इनडोर एक्टिविटीज: घर के अंदर ही तकिया-लड़ाई, या छुपन-छुपाई जैसे खेल खेलें।
• डांस पार्टी: दिन में 15 मिनट के लिए उनका पसंदीदा म्यूजिक लगाएं और उन्हें खुलकर डांस करने दें।
• योग या स्ट्रेचिंग: खेल-खेल में उन्हें जानवरों की नकल वाले आसन (जैसे- कैट पोज़, फ्रॉग जंप) करवाएं.
• घर के छोटे काम: उन्हें चादरें बिछाने, पौधों में पानी डालने या खिलौने समेटने जैसे कामों में लगाएं, जिसमें शारीरिक मेहनत होती है.
बच्चों का उछलना-कूदना कोई बदमाशी नहीं, बल्कि उनके स्वस्थ विकास की बुनियादी जरूरत है. अगली बार जब आपका बच्चा घर में चिड़चिड़ाए या झगड़ा करे, तो उसे डांटने के बजाय समझें कि उसका शरीर आपसे थोड़ा “मूवमेंट” मांग रहा है!
अमेरिकन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स का कहना है कि बच्चों का ज्यादा समय बाहर खेलने और धूप में बिताना उनकी आँखों को मायोपिया (नज़दीक की चीज़ें साफ़ दिखने की समस्या) से बचाने में मदद कर सकता है। यह समस्या आजकल दुनिया भर में बच्चों और युवाओं में बढ़ती जा रही है।
