South Africa tourism : डर्बन में बहुत सारे बीच हैं. गोल्डन माइल बीच काफी मशहूर है. नौर्थ बीच, साउथ बीच, एडिंग्टन बीच, उशाका बीच, जो उशाका वर्ल्ड के साथ है, उमलंगा बीच, बैलिटो बीच भी हैं. ये सब हिंद महासागर में से निकलते हैं. मतलब हिंद महासागर का ही हिस्सा हैं. सभी पर काफी रौनक रहती है. समुद्र की बड़ीबड़ी उठती लहरों के पास अच्छाखासा समय बिता सकते हैं. तैराकी और सर्फिंग आती है तो यह आप के लिए सोने में सुहागा है.
बीच के साथसाथ डर्बन में और क्याक्या देख सकते हैं आइए जानें:
विल्सन वार्फ: यह डर्बन हार्बर पर स्थित है. इस में बोट और क्रूज दोनों चलते हैं. अलगअलग टिकट है. आधे घंटे या 1 घंटे के लिए ले सकते हैं. बोट या क्रूज लेंगे तो ये बड़े समुद्री जहाजों के पास ले जाते हैं.
मिशेल पार्क: एक आम सिटी पार्क है. इसे छोड़ सकते हैं.
जापानी पार्क: यह भी मिशेल पार्क के पास है. इस में भी कुछ खास नहीं है.
मिनी टाउन: साढ़े 9 बजे खुलता है. कई बार थोड़ी देर कर देते हैं खोलने में. वहीं इंतजार करना बेहतर रहेगा. छोटा सा है, जिस में शहर के बारे में सबकुछ है. खिलौना प्लेन हैं, रेलगाड़ी, बस सबकुछ है. 40 जार यानी 2 सौ रुपए का टिकट ले कर आधा घंटा आराम से घूम सकते हैं.
मूसा मबिदा स्टेडियम: यह काफी बड़ा स्टेडियम है. अंदर जाने का टिकट लगता है. इस में स्काई कार, बंजी जंपिंग, ऐडवैंचर वाक, बिग स्विंग है. हर चीज के लिए अलगअलग टिकट है. पहले पता कर के जाएं क्योंकि भीड़ के हिसाब से रेट कम या ज्यादा हो सकता है.
केप टाउन
टेबल माउंटेन: केप टाउन में इस का बहुत बोलबाला है. यह एक फ्लैट माउंटेन है. इस के साथ में एक ऐसा माउंटेन है जो किसी महिला का चेहरे जैसा लगता है. वैसे तो यह विक्टोरिया वाटरफ्रंट, क्लिफ्टन बीच, कैंप्स बे बीच, हर जगह से दिखता है. फोटो भी अच्छे आते हैं. लेकिन लोग केबल कार से भी ऊपर तक जाते हैं. टाइम का खयाल रखना पड़ेगा क्योंकि केबल कार के लिए लंबी लाइनें लगती हैं. अच्छा है कि टिकट पहले से बुक करा लें.
इस तरह की और वीडियो देखने के लिए गृहशोभा के चैनल को सब्सक्राइब करें
बो काप: ये रंगबिरंगे घर हैं. पुराने समय में डच ईस्ट इंडिया कंपनी, इंडिया, मलेशिया, इंडोनेशिया, ईस्ट अफ्रीका, श्रीलंका के लोगों को काम के लिए बुला कर उन को गुलाम बना लेती थी. किराएदार अपने घरों को पेंट तक नहीं कर सकते थे. जब लोगों को आजादी मिली तो उन्होंने अपने घरों को अलगअलग रंगों से पेंट किया. यह उन की आजादी का जशन था. ये देखने में काफी सुंदर लगते हैं. ऐसे घर इटली के वेनिस शहर में भी हैं.
इजिको बो काप म्यूजियम: यह बो काप में ही है. 80 जार यानी करीब 4 सौ रुपए का टिकट है. इस में ऐतिहासिक चीजें देख सकते हैं.
कंपनी गार्डन: यह हरियाली से भरपूर एक बहुत बड़ा गार्डन है. इसी के अंदर एक छोटा सा गुलाब के फूलों का गार्डन भी है. फोटोग्राफी के लिए काफी अच्छा है. इजिको स्लेव लौज म्यूजियम के बिलकुल साथ है. इस के बाहर एक स्ट्रीट है, वहां फ्रूट वाले दिख जाएंगे.
काफी सस्ता और अच्छा फ्रूट मिलता है. 10 जार यानी करीब 50 रुपए में अच्छाखासा फ्रूट मिल जाता है. केले, आड़ू आलूबुखारे वगैरह ले सकते हैं. सब रसीले और स्वाद से भरपूर होते हैं. बच्चे साथ हों, खुला टाइम हो तो वहां पिकनिक मना सकते हैं.
डिस्ट्रिक्ट सिक्स म्यूजियम: यह सिटी सैंटर से पैदल दूरी पर है. इस में नस्लभेद के इतिहास को दिखाया गया है. फर्श पर बड़ा सा नक्शा बना हुआ है. बहुत सारी चीजें हैं देखने के लिए. इस का टिकट 60 जार यानी करीब 3 सौ रुपए है.
इजिको साउथ अफ्रीकन म्यूजियम: अफ्रीकी इंसानों का इतिहास, डायनासोर, पक्षी, पत्थर के औजार वगैरह के संग्रह देख सकते हैं. टिकट 80 जार यानी करीब 4 सौ रुपए है. ये कंपनी गार्डन के पास है.
इजिको स्लेव लाज म्यूजियम: यह म्यूजियम लोगों की गुलामी की कहानी सुनाता है. डच ईस्ट इंडिया कंपनी इंडोनेशिया, इंडिया, मलेशिया से लोगों को जबरदस्ती या खरीद कर लाती थी और मनचाहा काम करवाने के लिए गुलाम बना लेती थी. इस का टिकट 80 जार यानी करीब 4 सौ रुपए है. कंपनी गार्डन, इजिको साउथ अफ्रीकन म्यूजियम, स्लेव लाज म्यूजियम सब पैदल दूरी पर हैं.
विक्टोरिया ऐंड एल्फ्रड वाटरफ्रंट: इस में क्रूज, बोटिंग वगैरह का मजा ले सकते हैं. समुद्र के बीच में जाएंगे तो डौल्फिन, सील, मछलियां दिखाई देंगी. आधे और 1 घंटे के टूर होते हैं. लेकिन क्रिसमस सीजन के दौरान टिकट काफी महंगे होते हैं. आधे घंटे के लिए 70 जार यानी करीब 3 सौ 50 रुपए और 1 घंटे के लिए करीब 4 सौ जार यानी लगभग 2 हजार रुपए लगेंगे. वहां खानेपीने के बहुत सारे विकल्प हैं. साथ में बच्चे भी जा रहे हैं तो काफी खर्चा आएगा.
राबिन आईलैंड: यहां पर नैल्सन मंडेला को करीब 18 साल तक कैद कर के रखा गया था. समुद्र के बिलकुल बीच में ताकि वे भाग न पाएं और समाज से बिलकुल अलग रहें. जब विक्टोरिया वाटरफ्रंट पर क्रूज करेंगे तो इसे दिखाएंगे.
विक्टोरिया वार्फ: यह एक बहुत ही खूबसूरत मौल है जो विक्टोरिया वाटरफ्रंट के साथ ही है. इस में 1-2 घंटे आराम से घूमा जा सकता है.
कैंप्स बे बीच: यह बीच बेहद खूबसूरत है. बड़ीबड़ी उठती लहरें मन मोह लेती हैं. लेकिन खयाल रहे कि वहां हवा इतनी तेज चलती है कि लगता है उड़ ही जाएंगे. अपना चश्मा, मोबाइल, कैमरा, हैट वगैरह संभाल कर रखें.
क्लिफ्टन बीच: यह बीच भी काफी खूबसूरत है. सफेद रेत देखने में बहुत सुंदर लगता है. यहां पर भी हवा बहुत तेज चलती है. इतनी तेज कि उड़ते रेत के थपेड़े सीधे बाजुओं, चेहरे और कानों तक पहुंच जाते हैं.
वुडस्टाक स्ट्रीट आर्ट: यहां जा कर निराशा मिलेगी क्योंकि इंटरनैट पर इस की जो तसवीरें दिखाई जाती हैं वैसा कुछ यहां है नहीं. दीवारों पर 2-4 पेटिंग्स हैं, बस और कुछ नहीं.
ओल्ड बिस्कुट मिल मार्केट: यह वुडस्टाक स्ट्रीट आर्ट से पैदल दूरी पर है. इस में मार्केट है, काफी देशों के व्यंजन हैं. काफी बड़ी जगह है.
कासल औफ गुड होप: यह फोटोग्राफी के लिए अच्छी जगह है. इस के अंदर जाने के लिए 50 जार यानी ढाई सौ रुपए का टिकट लगता है. आधा घंटा काफी है इस के लिए. आप का होटल सिटी सैंटर में है तो यहां पर पैदल जा सकते हैं.
जीटज मोका म्यूजियम: इस में अफ्रीकी कला का इतिहास वगैरह देख सकते हैं. इस का टिकट 2 सौ पचास जार यानी करीब 12 सौ 25 रुपए है. यह विक्टोरिया वाटरफ्रंट के पास है.
सी पौइंट: यह एक बीच है, यहां पर पानी काफी गंदा है. इसलिए सी पौइंट पवेलियन में कुछ पूल बनाए गए हैं. टिकट ले कर ऐंजौय कर सकते हैं.
मुईल पौइंट: यह सी पौइंट की सीध में 2-3 किलोमीटर की दूरी पर है. काफी टाइम है तो सी पौइंट से घूमतेघूमते जा सकते हैं. बीच है, बच्चों के खेलने के लिए स्लाइड्स वगैरह हैं.
बोल्डर्स बीच: यह सिटी सैंटर से करीब 40 किलोमीटर दूर, साइम्नस विलेज में है. वहां का टिकट 2 सौ 45 जार यानी करीब 13 सौ इक्कीस रुपए है. यहां ऐसे पेंगुइन देख सकते हैं, जो केवल अफ्रीका में पाए जाते हैं. सुबह जल्दी मतलब साढ़े 8 बजे तक निकलना ठीक रहेगा. बाद में ट्रैफिक बढ़ जाता है.
खासकर छुट्टी के दिन. प्राइवेट टैक्सी में लगभग 10-11 हजार खर्च होंगे. लगभग 6 घंटे का टूर देते हैं. लेकिन टैक्सी में जाने से पहले अच्छे से पूछ लें कि वे क्याक्या कवर करेंगे.
अगर विदेश में और पहाड़ों में कार चलाने का अच्छा अनुभव है तो कार किराए पर ले सकते हैं. अगर पूरा कौन्फिडैंस नहीं है तो जोखिम मोल न लें क्योंकि वहां हरकोई गाड़ी नहीं चला सकता.
मुजीनबर्ग बीच: यह बोल्डर्स बीच जाते हुए रास्ते में आता है. काफी जीवंत माहौल है. इस पर कुछ टाइम बिता सकते हैं.
केप पौइंट: इसे बोल्डर्स बीच की वापसी में देखा जा सकता है. इस में केप औफ गुड होप है. यहां हिंद महासागर और अटलांटिक महासागर दोनों का खूबसूरत नजारा देख सकते हैं. इस का टिकट 5 सौ जार यानी करीब 25 सौ रुपए है.
पहले उन की वैबसाइट पर रेट चैक कर लें. संडे के दिन यहां बहुत ज्यादा भीड़ होती है. लंबी लाइनें लगती हैं.
