Nepotism in Bollywood : बौलीवुड  में नैपोटिज्म यानी भाईभतीजावाद की चर्चा लंबे समय से होती रही है. किसी अभिनेता का बेटा अभिनेता बन जाता है, किसी निर्माता की बेटी को बिना स्ट्रगल के फिल्म मिल जाती है और किसी बड़े परिवार से आने वाले कलाकार को इंडस्ट्री में जगह दूसरों की तुलना में आसानी से मिल जाती है. यहां टेलैंट के साथसाथ परिवार और पहचान भी सब से ज्यादा जरूरी होती है.

मगर अब मनोरंजन की दुनिया सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं है. पिछले कुछ सालों में यूट्यूब, इंस्टाग्राम और दूसरे सोशल मीडिया ऐंटरटेनमैंट के बड़े प्लेटफौर्म बन गए हैं. आज कोई व्यक्ति अपने कमरे से वीडियो बना कर लाखों लोगों तक पहुंच सकता है. न कोई फिल्म निर्माता जरूरी है, न किसी टीवी चैनल की नौकरी और न ही किसी बड़े अभिनेता का सहारा.

सोशल मीडिया की दुनिया फिल्मों की दुनिया से काफी अलग है लेकिन एक चीज जो अब एक सी हो गई है वह है नैपोटिज्म यानी अब नैपोटिज्म केवल बौलीवुड इंडस्ट्री नहीं बल्कि सोशल मीडिया पर भी देखने को मिलता है. अगर कोई व्यक्ति अपने कंटैंट के दम पर फेमस हो जाता है और उस के बाद उस के भाई, बहन, पत्नी, पति, बच्चे या दूसरे रिश्तेदार भी चैनल और सोशल मीडिया अकाउंट शुरू कर देते हैं और उन्हें शुरुआत से ही लाखों लोगों का अट्रैक्शन मिलने लगता है.

मगर सोशल मीडिया और बौलीवुड के नैपोटिज्म में एक बड़ा अंतर भी है. यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर किसी को लंबे समय तक सफल बनाए रखने की ताकत इंटरनैटयूजर्स के हाथ में होती है. कोई व्यक्ति किसी बड़े क्रिएटर का रिश्तेदार होने के कारण पहली बार लाखों लोगों तक पहुंच सकता है, लेकिन वह लोगों को बारबार देखने के लिए मजबूर नहीं कर सकता. इस के लिए कंटैंट चाहिए.

सोशल मीडिया और सफलता

एक समय था जब देश के करोड़ों लोगों के लिए मनोरंजन का मतलब टीवी और फिल्में थीं. दर्शक वही देखते थे जो टीवी चैनल दिखाते थे या सिनेमाघरों में रिलीज होता था. कलाकार बनने के लिए किसी प्रोडक्शन हाउस, फिल्म निर्माता या टीवी चैनल तक पहुंच जरूरी समझ जाती थी.

यूट्यूब ने बदला ऐल्गोरिदम

आज कोई शिक्षक अपने घर से पढ़ाने के वीडियो बना सकता है. कोई किसान खेती की जानकारी दे सकता है. कोई डाक्टर स्वास्थ्य से जुड़ी सामान्य जानकारी साझा कर सकता है. कोई व्यक्ति खाना बनाना सिखा सकता है. कोई कौमेडी कर सकता है. कोई यात्रा के वीडियो बना सकता है और कोई सिर्फ अपने रोजमर्रा के जीवन को लोगों के साथ साझा कर के फेमस हो सकता है. यानी यहां आप के किसी भी कंटैंट के लिए दरवाजा खुला है.

यूट्यूब पर वीडियो डाल देना आसान है लेकिन हजारों या लाखों लोगों को उस वीडियो तक पहुंचाना कठिन है. यही कारण है कि आज सोशल मीडिया पर प्रतियोगिता भी बहुत बढ़ गई है. हर दिन लाखों वीडियो और पोस्ट सामने आते हैं. ऐसे में व्यूअर्स के लिए रिलेटेबल कंटैंट बनाना जरूरी है.

क्या सोशल मीडिया पर भी नैपोटिज्म है

शुरुआत कोई एक इंसान करता है और चैनल चल जाने के बाद फायदा घर से ले कर रिश्तेदारों और दोस्तों तक को मिलता है. मान लीजिए किसी व्यक्ति के यूट्यूब चैनल पर 50 लाख सब्सक्राइबर हैं. अब उस का भाई अपना चैनल शुरू करता है. वह अपने भाई के चैनल पर आसानी से प्रमोशन पा सकता है. लाखों पुराने दर्शक उसे पहली बार में ही देख सकते हैं. मीडिया भी उस के बारे में खबर कर सकता है. ब्रैंड कोलैब्रेट कर सकता है. कंटैंट क्रिएटर फुकरा इंसान, नेहा बिष्ट, सौरव जोशी, लाफ्टर क्वीन भारती सिंह जैसे तमाम ऐसे क्रिएटर्स हैं जिन्होंने अपने बलबूते कंटैंट क्रिएशन की शुरुआत की और आज कहीं न कहीं इन के घर वाले भी इसी फील्ड में आ गए और पैसा कमा रहे हैं.

वहीं एक ऐसा क्रिएटर जिस ने अभीअभी कंटैंट बनाना शुरू किया है उसे पौपुलैरिटी पाने में महीनों या सालों का समय लग सकता है. लेकिन इस में एक फर्क यह है कि बड़े भाई या बहन के दर्शक छोटे भाई को पहली बार जरूर देख सकते हैं लेकिन वे उस के हर वीडियो को देखने के लिए बाध्य नहीं हैं. वे सब्सक्राइब कर सकते हैं लेकिन बाद में अनसब्सक्राइब भी कर सकते हैं. वीडियो खोल सकते हैं लेकिन कुछ सैकंड्स में बंद भी कर सकते हैं.

यूट्यूब खुद बताता है कि वह केवल दर्शकों की पसंद और वीडियो की परफार्मैंस को जरूरी  मानता है. लोग वीडियो पर क्लिक करते हैं या उसे नजरअंदाज करते हैं, कितनी देर देखते हैं और उन्हें कंटैंट पसंद आता है या नहीं ये सभी बातें ज्यादा माने रखती हैं. इसलिए किसी रिश्तेदार के पास शुरुआती सीढ़ी हो सकती है लेकिन पूरी इमारत खड़ी करने के लिए उसे खुद काम करना पड़ता है.

यूट्यूब पर सब से ज्यादा किस तरह का कंटैंट देखा जाता है

तो इस का कोई सटीक जवाब नहीं है कि यूट्यूब पर केवल एक किस्म का ही कंटैंट काम करता है. सोशल मीडिया कंटैंट का ऐसा दरिया है जहां हर वैरायटी की रील्स देखने को मिल जाएंगी. जिस व्यक्ति को क्रिकेट पसंद है, उसे क्रिकेट के वीडियो अधिक दिखाई दे सकते हैं. जिसे खाना बनाना पसंद है, उस के सामने रैसिपी और कुकिंग वीडियो ज्यादा आ सकते हैं. किसी दूसरे व्यक्ति को कौमेडी, गेमिंग या शिक्षा से जुड़े वीडियो ज्यादा मिल सकते हैं.

यूट्यूब के अनुसार उस का सिस्टम किसी एक खास वीडियो फौर्मैट को अपनेआप पसंद नहीं करता. वह ज्यादातर दर्शक की रुचि और वीडियो की परफौर्मैंस को देखता है.

फिर भी कुछ तरह के कंटैंट लगातार बड़े दर्शक वर्ग को आकर्षित करते हैं. कौमेडी और मनोरंजन इन में सब से प्रमुख हैं. लोगों को हंसाने, चौंकाने वाला कंटैंट तेजी से फैल सकता है.

इंस्टाग्राम पर तसवीरों की जगह अब वीडियो खासकर रील्स ने बना ली है. यहां दर्शक बहुत तेजी से एक कंटैंट से दूसरे कंटैंट पर जा सकता है. इसलिए पहले कुछ सैकंड्स में ध्यान खींचना बेहद जरूरी है.

इंस्टाग्राम पर ऐसे कंटैंट की संभावना अधिक होती है जो तुरंत सम?ा में आए और जिसे लोग दूसरों के साथ सा?ा करना चाहें. कौमेडी, रिलेशनशिप, रोजमर्रा की जिंदगी, फैशन, फूड, ट्रैवल, मोटिवेशन, इन्फौर्मेशन, सामाजिक मुद्दे, ट्रेंडिंग विषय और छोटी कहानी वाले वीडियो तेजी से लोगों तक पहुंच सकते हैं.

चैनल आखिर बढ़ता कैसे है

अगर आप का कंटैंट ऐसा है जिस में लोगों की रुचि है तो आप की शुरुआत अच्छी हो सकती है. मगर इस के बाद आप को यह सम?ाना पड़ता है कि उसी विषय को हजारों दूसरे लोगों से अलग कैसे पेश किया जाए.

दूसरी चीज है शीर्षक और थंबनेल

इंटरनैट पर दर्शक पहले वीडियो नहीं देखता, वह पहले वीडियो का नाम और तसवीर देखता है. यदि ये दोनों चीजें उसे आकर्षित नहीं करतीं तो वह वीडियो तक पहुंचेगा ही नहीं. यूट्यूब भी बताता है कि टाइटल और थंबनेल दर्शक को वीडियो की पहली ?ालक देते हैं और यह तय करते हैं कि वह वीडियो देखे या नहीं.

तीसरी चीज है पहले कुछ सैकंड्स

आज दर्शक के पास औप्शन बहुत ज्यादा हैं. अगर वीडियो शुरू होने के बाद लंबे समय तक भूमिका ही चलती रहे तो दर्शक आगे बढ़ सकता है. ऐसे में अपने वीडियो में ऐसा हुक क्रिएट करें कि व्यूअर रुकने पर मजबूर हो जाए.

क्या नया क्रिएटर बड़े क्रिएटर को हरा सकता है

एक बड़े क्रिएटर के पास कई फायदे होते हैं पुराने व्यूअर, पैसा, टीम, कैमरा, ऐडिटिंग और ब्रैंड. नए व्यक्ति के पास शायद इन में से कुछ भी नहीं होता. लेकिन नए व्यक्ति के पास एक चीज होती है, नए ऐक्सपैरिमैंट करने की आजादी. वह किसी नए विषय पर वीडियो बना सकता है. वह नई भाषा इस्तेमाल कर सकता है. नया ऐडिटिंग स्टाइल अपना सकता है. किसी छोटी समस्या को ऐसे तरीके से सम?ा सकता है जिस पर बड़े क्रिएटर ने ध्यान नहीं दिया और अगर दर्शकों को वह पसंद आ गया तो वह धीरेधीरे आगे बढ़ सकता है. इसलिए सोशल मीडिया पर शुरुआत में असफल होना अंत नहीं है.

मगर क्या यह सचमुच पूरी तरह बराबरी का मैदान है? नहीं. यह कहना भी गलत होगा कि सोशल मीडिया पर हर व्यक्ति के पास बिलकुल समान अवसर हैं.

यहां एक फर्क यह है कि दर्शक के पास कमैंट करने की आजादी होती है. वह किसी को सिर्फ इसलिए लंबे समय तक नहीं देखता कि वह किसी बड़े परिवार से आया है. वह देखता है क्योंकि उसे कंटैंट पसंद आता है. यही कारण है कि सोशल मीडिया का नैपोटिज्म बौलीवुड के नैपोटिज्म के बिलकुल समान नहीं है.

सोशल मीडिया क्रिएटर्स का भविष्य क्या है

आने वाले समय में सोशल मीडिया पर वही लोग ज्यादा टिकेंगे जो सिर्फ ट्रेंड के पीछे भागने के बजाय अपना मजबूत कंटैंट और पहचान बनाएंगे. ट्रेंडिंग औडियो पर वीडियो बनाना आसान है. किसी वायरल मुद्दे पर बोलना भी आसान है. मगर 5 साल तक लोगों को यह कारण देना कि वे आप को क्यों देखें, यह कठिन है.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...