High Blood Pressure : मैं 52 वर्षीय कामकाजी महिला हूं. मुझे एक बार हार्ट अटैक आ चुका है. क्या मेरे लिए सैकंड हार्ट अटैक का खतरा बहुत बढ़ गया है?

जिन्हें पहले हार्ट अटैक आ चुका होता है उन्हें दोबारा आने का रिस्क सामान्य लोगों से बहुत ज्यादा होता है. हर साल यह खतरा 10-15% बढ़ जाता है. 5 साल में 50% लोगों को दूसरा अटैक आ जाता है. पहले हार्ट अटैक के बाद जीवनशैली में बदलाव लाएं. तलेभुने खाद्यपदार्थों का सेवन न करें. बाहर का खाना खाने से बचें, घर पर बना सादा खाना खाएं.

अपने रक्त में शुगर और कोलैस्ट्रौल के स्तर और रक्तदाब को नियंत्रित रखें. नियत समय पर अपनी दवाइयां लें. धूम्रपान सैकंड हार्ट अटैक आने के खतरे को बढ़ा देता है, इसलिए अगर आप धूम्रपान करती हों तो पूरी तरह बंद कर दें.

मुझे पिछले 4-5 सालों से उच्च रक्तदाब की शिकायत है. मुझे बारबार चक्कर आने लगते हैं, दिल की धड़कनें तेज हो जाती हैं. क्या करूं?

यदि रक्तदाब 140-90 से ज्यादा है तो उसे उच्च रक्तदाब माना जाता है. नमक का सेवन कम करें, नियमित रूप से ऐक्सरसाइज करें. अपना वजन न बढ़ने दें. अगर बढ़ गया हो तो उसे कम करने का प्रयास करें. धूम्रपान और शराब का सेवन बिलकुल बंद कर दें. अगर रक्तदाब को नियंत्रण में न रखा जाए तो हार्ट अटैक, किडनी डिजीज, स्ट्रोक, पैरों की धमनियों में ब्लौकेज आना, आंखों के परदों में ब्लीडिंग होने से आंखों की रोशनी चले जाने जैसी स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा अत्यधिक बढ़ जाता है.

मेरे पति के कोलैस्ट्रौल का स्तर काफी अधिक है. इस के लिए क्या उपचार है? क्या घरेलू उपायों से भी कोलैस्ट्रौल के स्तर को नियंत्रित रखा जा सकता है?

कोलैस्ट्रौल को हृदय रोगों का सब से प्रमुख रिस्क फैक्टर माना जाता है. इस के स्तर को नियंत्रित रखने के लिए जीवनशैली में परिवर्तन लाएं. नियमित रूप से ऐक्सरसाइज करें. हलके और सुपाच्य भोजन का सेवन करें जिस में सैचुरेटेड फैट जैसे घी और मक्खन कम मात्रा में हो, सब्जियां, फल और साबूत अनाज अधिक मात्रा में लें. डीप फ्राई भोजन के सेवन से बचें. बाहर के फास्ट फूड से बचें क्योंकि इन में बारबार एक ही तेल का इस्तेमाल होता है.

कुल कोलैस्ट्रौल 200 से ज्यादा और एलडीएल या बुरा कोलैस्ट्रौल 130 से ज्यादा है और आप की उम्र 40 से वर्ष से अधिक है तो दवा लेना जरूरी है. दवा कोलैस्ट्रौल के स्तर को 1 महीने में 50% तक कम कर देती है.

मेरे परिवार में हृदय रोगों का इतिहास रहा है. ऐसे में मेरे लिए इस का खतरा कितना बढ़ जाता है?

आनुवंशिक कारक हृदय रोगों का एक प्रमुख रिस्क फैक्टर है. अगर आप के परिवार के सदस्यों को 55 वर्ष की आयु से पहले हृदय रोगों का पारिवारिक इतिहास है तो अगली 2 पीढि़यों के लिए खतरा अधिक होगा. 55 से पहले होने वाले हृदय रोगों को प्रीमैच्योर हार्ट डिजीज कहते हैं. लेकिन अगर 55 के बाद हार्ट अटैक या हृदय रोग हुआ है तो आप के लिए रिस्क कम होगा. अच्छा खानपान, अनुशासित जीवनशैली, शारीरिक सक्रियता, स्वस्थ वजन पर नियंत्रण रखना, तनाव और गलत आदतों से बचना, नियत समय पर अपनी जरूरी जांचें कराना हृदय रोगों से बचने के उपाय हैं.

मेरे पति को पिछले कुछ दिन पहले हार्ट अटैक आया था. हार्ट अटैक से रिकवर होते समय डाइट में क्या लेना चाहिए और किनकिन बातों का ध्यान रखना चाहिए?

पहले 2 महीने बहुत महत्त्वपूर्ण हैं. हार्ट अटैक से रिकवर होने में 7-8 सप्ताह लग जाते हैं. स्वस्थ रहने के लिए प्रोटीन, वसा, कार्बोहाइड्रेट तीनों ही बहुत जरूरी हैं, लेकिन हार्ट अटैक के शिकार लोगों को अपनी डाइट में फैट की मात्रा बहुत कम कर देना चाहिए. दूध और दुग्ध उत्पाद बहुत थोड़ी मात्रा में लें. देशी घी, मक्खन का सेवन बहुत कम मात्रा में करें. तले भोजन का सेवन न करें.

ड्राईफू्रट में बादाम, अखरोट ले सकते हैं. रिफाइंड औयल में औलिव और कनोला औयल का सेवन करें. बदलबदल कर तेल इस्तेमाल करें क्योंकि सब में अलगअलग गुण होते हैं. शारीरिक सक्रियता धीरेधीरे बढ़ाएं. 9-10 दिन तो पूरी तरह बैड रैस्ट करें, फिर धीरेधीरे घर में ही थोड़ी चहलकदमी शुरू करें. 1 महीने बाद 1 किलोमीटर रोज पैदल चलें. 2 महीने बाद 3-4 किलोमीटर प्रतिदिन पैदल चलें. यह दिल और आप के संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए बेहतर उपाय है.

मेरे पिता का हृदय 60% काम कर रहा है. पूर्ण हार्ट फेल्योर से बचने के लिए क्या उपाय किए जा सकते हैं?

अगर हृदय की कार्यप्रणाली 50% से अधिक है तो इसे सामान्य माना जाता है. जब हृदय 40% से भी कम काम करता है तो इसे हार्ट फेल्योर कहते हैं. इस के कारण सांस फूलना, थकान, दिल की धड़कनें तेज होना, पैरों में सूजन आना जैसे लक्षण दिखाई देने लगते हैं. आप के पिताजी का हृदय 100% काम नहीं कर रहा है तो उन्हें विशेष सावधानी रखने की जरूरत है. उन का रक्तदाब, रक्त में शुगर और कोलैस्ट्रौल के स्तर को नियंत्रित रखें. समयसमय पर जरूरी जांचें कराते रहें.

अपनी समस्याएं इस पते पर भेजें :

गृहशोभा, ई-8, रानी  झांसी मार्ग, नई दिल्ली-110055

कृपया अपना मोबाइल नंबर जरूर लिखें.

स्रूस्, व्हाट्सऐप मैसेज या व्हाट्सऐप औडियो

से अपनी समस्या 9650966493 पर भेजें.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...