Three-Piece Party Look : स्मार्ट मेकअप हैक्स और रिवर्सिबल ड्रैस के साथ सुबह से रात तक हर पार्टी में अलग लुक पा सकती हैं. कभी दोस्त की बर्थडे पार्टी, उस के बाद औफिस की गैटटुगैदर और शाम को फैमिली फंक्शन आजकल सोशल लाइफ इतनी बिजी हो गई है कि एक ही दिन में 2-3 जगह जाना कोई बड़ी बात नहीं. परेशानी तब होती है जब हर पार्टी में नया आउटफिट और नया मेकअप करने का समय ही न मिले.
मगर हर बार पूरा मेकअप हटा कर नया मेकअप करने की जरूरत नहीं है. थोड़ी सी प्लानिंग, कुछ स्मार्ट मेकअप प्रोडक्ट्स और एक रिवर्सिबल ड्रैस आप की इस परेशानी को काफी हद तक आसान बना सकती है.
पहला लुक: दिन की पार्टी के लिए फ्रैश लुक
दिन की पार्टी के लिए मेकअप को बहुत भारी रखने की जरूरत नहीं. सब से पहले चेहरे को अच्छी तरह मौइस्चराइज करें और सनस्क्रीन लगाएं. इस के बाद हलका स्किन टिंट या बीबी क्रीम, कंसीलर और थोड़ा सा कौंपैक्ट लगाएं.
आंखों पर हलका न्यूड या पीच आईशैडो, मसकारा और हलका ब्लश लगाएं. होंठों पर टिंटेड लिप बाम या सौफ्ट पिंक लिप कलर लगा कर पहला लुक तैयार करें.
टीनेज गर्ल्स हैवी फाउंडेशन की जगह हलका बेस और ज्यादा नैचुरल फिनिश रखें.
30+महिलाएं आंखों के नीचे कंसीलर को अच्छी तरह ब्लैंड करें और क्रीम ब्लश का इस्तेमाल करें. इस से चेहरा ज्यादा फ्रैश दिखाई देगा.
अब ड्रैस का पहला अंदाज
रिवर्सिबल ड्रैस: इस की एक साइड फ्लोरल, पेस्टल या प्रिंटेड हो तो दिन की पार्टी में उसे पहनें. इस के साथ छोटे हूप्स, स्टड इयररिंग्स और मिनिमल ब्रेसलेट रखें.
लुक होगा सिंपल, फ्रैश और ऐफर्टलैस
दूसरा लुक: शाम की पार्टी के लिए ग्लैम टच
अब पार्टी बदल गई है लेकिन पूरा मेकअप दोबारा करने की जरूरत नहीं.
सब से पहले टिशू या ब्लौटिंग पेपर से चेहरे का ऐक्स्ट्रा औयल हटा लें. अगर कहीं बेस खराब हुआ है तो सिर्फ उसी जगह थोड़ा सा कंसीलर या कौंपैक्ट लगाएं.
अब आंखों के बाहरी कोनों पर थोड़ा शिमरी आईज लगाएं. आईलाइनर को थोड़ा बोल्ड करें और मसकारा का एक और हलका कोट लगा लें.
दिन में लगाया हुआ ब्लश थोड़ा फीका पड़ गया हो तो दोबारा हलका ब्लश लगाएं. अब सौफ्ट लिप कलर की जगह रोज, मोव या बेरी शेड की लिपस्टिक लगाएं. बस, वही चेहरा लेकिन बिलकुल अलग वाइब
ड्रैस का दूसरा अंदाज
अब रिवर्सिबल ड्रैस को रिवर्स कर दें. अगर दूसरी तरफ सौलिड या डार्कर शेड है तो उसे शाम की पार्टी के लिए इस्तेमाल करें, साथ में स्टेटमैंट इयररिंग्स, छोटा क्लच और थोड़ी सी लेयर्ड ज्वैलरी जोड़ें.
एक ही ड्रैस, दूसरी साइड और पूरा लुक बदल गया
तीसरा लुक: नाइट पार्टी के लिए स्टेटमैंट लुक
रात की पार्टी में थोड़ा ज्यादा ग्लैमरस दिखना है तो मेकअप को फिर से शुरू करने की जरूरत नहीं. अब सिर्फ 3 चीजों पर ध्यान दें- आईज, लिप्स और ग्लो.
सब से पहले फेस पर जरूरत के हिसाब से कौंपैक्ट लगाएं. फिर आंखों के आउटर कौर्नर पर थोड़ा डार्क ब्राउन या स्मोकी शेड लगा कर उसे ब्लैंड करें. चाहें तो छोटी सी विंग्ड आईलाइनर बनाएं.
अब चीकबोंस पर बहुत हलका हाईलाइटर लगाएं. रात के लुक के लिए लिपस्टिक को थोड़ा बोल्ड रखें- डीप पिंक, वाइन, रैड या बेरी जैसे शेड्स अच्छे विकल्प हो सकते हैं.
मगर ध्यान रखें, अगर आंखों का मेकअप बहुत बोल्ड है तो लिप्स को लाइट रखें और अगर लिप्स बोल्ड हैं तो आई मेकअप को बैलेंस रखें.
रिवर्सिबल ड्रैस का मेकओवर
अब ड्रैस को फिर से रिवर्स कर के देखें. अगर तीसरी पार्टी ज्यादा ग्लैमरस है तो ड्रैस के डार्कर या लाइटर शेड को चुनें.
इस के साथ स्टेटमैंट नैकलैस या बड़े इयररिंग्स में से सिर्फ एक को हाईलाइट करें. हाई हील्स, स्लीक हेयरस्टाइल और छोटा क्लच लुक को रात के लिए तैयार कर देगा.
मेकअप बदलने का गोल्डन रूल
3 पार्टियों के बीच मेकअप बदलते समय पूरा मेकअप बारबार हटाने की कोशिश न करें. इस से त्वचा इरिटेट हो सकती है और समय भी ज्यादा लगेगा. इस के बजाय ये फौर्मूलाज अपनाएं:
सुबह: फ्रैश और मिनिमल.
शाम: आईज और लिप हाईलाइट करें.
रात: ग्लो के साथ बोल्ड लिप्स .
यानी हर बार सिर्फ कुछ ही ऐलिमैंट्स बदलें और पूरा चेहरा नए सिरे से बनाने की जरूरत नहीं.
स्टाइल टिप्स
एक रिवर्सिबल ड्रैस 3 अलग लुक
लुक 1: दिन के लिए प्रिंटेड साइड स्नीकर्स या फ्लैट फुटवियर.
लुक 2: शाम के लिए ड्रैस की सौलिड साइड ब्लौक हील्स और स्टेटमैंट इयररिंग्स के साथ.
लुक 3: रात के लिए ड्रैस की डार्क साइड हील्स और क्लच के साठग.
पार्टी ड्रैस खरीदते समय सिर्फ यह न देखें कि उस की दोनों साइड्स अलग हैं बल्कि यह भी देखें कि दोनों साइड्स आप की ऐक्सैसरीज और फुटवियर के साथ आसानी से स्टाइल हो सकें.
आखिर में स्मार्ट स्टाइलिंग
आज के फैशन में बारबार नया खरीदना ही स्टाइलिश होने की निशानी नहीं है. असली स्मार्टनैस है कि आप अपने वार्डरोब में मौजूद चीजों को कितने नए तरीकों से पहन सकती हैं.
रिवर्सिबल ड्रैस इसी सोच को आगे बढ़ाती है. एक ही आउटफिट के 2 चेहरे और आप की स्टाइलिंग से कई अलगअलग लुक्स.
तो अगली बार जब एक ही दिन में 3 पार्टियां हों तो घबराने की जरूरत नहीं. एक वर्सेटाइल ड्रैस, एक स्मार्ट मेकअप बेस और कुछ ऐक्सैसरीज तैयार रखें क्योंकि पार्टी तीन हों तो जरूरी नहीं कि आप का लुक भी 3 बार पूरा बदला जाए- बस स्टाइलिंग का तरीका बदलना आना चाहिए.
