Religious Teachings : अहमदाबाद और गुजरात धर्म के गढ़ समझे जाते हैं. राममंदिर के लिए लंबी बस यात्रा करने वाले और बाबरी मसजिद को गिरवाने वालों में लालकृष्ण अडवाणी गांधीनगर से ही सांसद रहे हैं. गुजराती लोग आजकल सब से ज्यादा पितृपक्षों पर जा रहे हैं जहां मोटे चंदे चढ़ा रहे हैं. वहां कृष्ण की पूजा भी होती है, राम की भी, स्वामी नारायण की भी. बापू मोरारी और आशाराम के बड़े अड्डे और प्रवचन यहीं होते हैं.

अफसोस इतनी सारी धर्मबाजी के बावजूद वहां के लोगों खासतौर पर ‘हम हिंदू हैं’ का नारा लगाने वाले यंग लोगों का जश्न गरबा जो अंबादेवी के नाम पर होता है और जहां रातरातभर नाच होता है, लफंगों से फ्री नहीं है. हर गरबा सैंटर पर जो पूरे गुजरात में सैकड़ों में होते होंगे, लड़कियों के साथ छेड़खानी के मामले सामने आ रहे हैं.

मुसलिम युवाओं को तो रोकने के लिए गरबा आयोजकों ने गरबा ग्राउंड में ऐंट्री के लिए आधार कार्ड कंप्लसरी कर दिया है फिर भी अगर ऐसी छेड़खानी हो रही है कि पुलिस मामले बन रहे हैं तो यह हिंदू लड़के ही कर रहे होंगे.

साफ है कि विश्वगुरु वाला हिंदू धर्म आज गुजरात में भी अपने यंग हिंदुओं को डिसिप्लिन का पाठ नहीं पढ़ा पा रहा है. इंडियन ऐक्सप्रैस की रिपोर्ट के अनुसार, अहमदाबाद पुलिस द्वारा महिला पुलिस कांस्टेबलों और अफसरों को गरबा डांसर्स की ड्रैस में गरबा सैंटरों पर तैनात किया जाता है ताकि वहां के छेड़खानी करने वाले हिंदू लड़कों को पकड़ा जा सके और या तो उन्हें भगा दिया जाए या डिटेन कर लिया जाए.

गुजरात में पुलिस में 33% रिजर्वेशन है इसलिए इस काम के लिए पुलिस को बहुत सी जवान युवतियां मिल जाती हैं. अकेले अहमदाबाद में 300 टीमों ने गरबा सैंटरों पर नाचगाना भी किया और हिंदू लड़कों पर नजर भी रखी. रात से सुबह 5 बजे तक चलने वाले गरबा डांसों में इन पुलिस अफसरों को ड्यूटी के साथ नाचने का भी मजा मिलता है. इसलिए सभी इस के लिए रैडी रहती हैं. इन ‘शी’ टीमों का गठन इसलिए किया गया है कि हिंदू छिछोरे लड़के धर्म का पाठ पढ़ने के बाद भी छेड़ने से बाज नहीं आते.

अगर ऐसा है तो धर्म की महानता का ढिंढोरा क्यों पीटा जाता है? धर्म असल में सभ्य नहीं, असभ्य बनाता है. सच बोलना नहीं, झूठ पर परदे डालना सिखाता है. पाप से डराता नहीं, पाप के बाद रिश्वत की तरह दान दे कर वापस पुण्य कमाना सिखाता है. धर्म लड़कों को सिखाता है कि  गरबा जैसे धार्मिक फंक्शन में भी अपना असली कैरेक्टर कि लड़कियां तो भोगने के लिए होती हैं, न भूलें.

हर गुजराती हिंदू धर्म की ढोल बजाता है पर धर्म के नाम पर जो हो रहा है कि पुलिस वालों को भेष बदल कर घूमना पड़ता है, ढोल की पोल खोलता है.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...