Self Confidence : देश की राजधानी दिल्ली का एक नजारा…रात के 12 बज चुके हैं, दुकानें बंद हैं, सड़कों पर भीड़ कम है. इसी बीच लड़कियों का एक ग्रुप सड़कों पर टहल रहा है. यह नजारा उस सोच को चुनौती दे रहा है कि अंधेरा होते ही महिलाओं का घर में बंद रहना ही उनकी सुरक्षा का हल है.

आज जब यह बात जग जाहिर है कि दिल्ली लड़कियों के लिए सेफ नहीं ऐसे में वूमेन वॉक एट मिडनाइट कैंपेन महिलाओं के रात में बाहर निकलने और सार्वजनिक जगहों पर अपने अधिकार को लेकर आवाज उठाना है.

दिल्ली में यह कैंपेन 2016 से चल रहा है. 10 सालों में यह चंडीगढ़, बेंगलुरु, गुवाहाटी , फरीदाबाद और जयपुर के अलावा नेपाल के काठमांडू और दमक तक पहुंच चुका है. इसमें महिलाएं, स्टूडेंट, आर्टिस्ट और कई प्रोफेशनल्स शामिल होते हैं.

इस कैंपेन में न नारे लगते हैं, न बैनर दिखता है बस सैर होती है, गपशप होती है, कहीं चाय तो कभी आइसक्रीम खाए जाते हैं. कोई टोके तो लड़कियां इग्नोर कर के आगे बढ़ जाती हैं क्योंकि वे एन्जॉय करने निकली हैं और उस सोच को ठेंगा दिखाने जो कहता है कि लड़कियों को रात में घर में बंद हो जाना चाहिए , छिप जाना चाहिए.

ये सैर क्यों

लड़कियों को बचपन से दो चीजें सिखाई जाती हैं – दिन में कैसे दबे ढके कपड़ों में रहना है और रात में कैसे डर कर घर में घुसना है. 6 बजे से पहले घर आ जाओ, दुपट्टा ठीक करो, किसी से आँख मत मिलाओ, इतना हंसती क्यों है, बाल खुले क्यों रखे है वगैरह वगैरह.

इन लड़कियों का सवाल है कि रात पर सिर्फ लड़कों का ही हक क्यों है? सड़क किनारे दोस्तों से गप्पें मारते हुए चाय की चुस्कियां लगाना, बिना किसी काम के बस सड़क पर टहलना ये सब लड़कों के लिए इतना सामान्य क्यों है और हमारे लिए इतना बड़ा कदम?

इसलिए लड़कियों का इस तरह रात में टहलना कोई शौक नहीं बल्कि अपना हक वापस लेना है. ये किसी के खिलाफ नहीं है. ये अपने लिए है. वे सुरक्षित महसूस करना चाहते हैं बिना किसी की इजाजत के.

गंदे इशारों का करना पड़ता है सामना

लड़कियां बताती हैं कि कुछ सड़कों पर स्ट्रीट लाइट और दुकानों की रोशनी है, लेकिन कई जगह डार्क स्पॉट भी है. वॉक के दौरान कमेंट, गंदे इशारे और अश्लील हरकतों का सामना भी करना पड़ता है.

– कोई बाइक धीमी करके घूरता है और साथ चलने का न्योता देता है ..
– कोई फब्ती कसता है – “इतनी रात को यहाँ क्या कर रही हो बेबी? किसी का इन्तजार है? ”
– इस के अलावा सबसे ज्यादा सवाल सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस पूछती है – “कहाँ से आ रही हो, इतनी रात को क्यों घूम रही हो?”

मतलब सुरक्षा के नाम पर भी सबसे पहले लड़की से ही सवाल होता है.

सच तो यह है कि डर बाहर की सड़क पर नहीं हमारे दिमाग में बिठाया गया है. जब लड़कियां ग्रुप में निकलती हैं तो पता चलता है सड़क इतनी डरावनी नहीं है जितनी बताई गई थी. खतरा हो सकता है पर उस खतरे से लड़ने का तरीका घर में बंद रहना कतई नहीं है.

इस सोच और इस निडरता को अपनी आदत बनाएं. इस की शुरुआत करें कुछ ऐसे;

1. पहले रात में अपनी गली में निकले सीधे हाईवे पर नहीं. अपनी ही कॉलोनी, अपने ही पार्क से 15 मिनट की सैर से शुरू करें.
2. 2-3 सहेलियां, बहनें या ऑफिस की साथी अकेले अकेले नहीं बल्कि साथ में घूमें. व्हाट्सएप ग्रुप बनाएं और बात कर के साथ में निकले रात वाली सैर के लिए.
3. जिस रास्ते पर रात में जाना है उसे दिन में एक बार देख लें – कहाँ लाइट है, कहां दुकान खुली है.
4. अगली बार पुलिस से सवाल करें हमारे पार्क की लाइट क्यों नहीं जलती? डार्क स्पॉट पर पुलिस गश्त क्यों नहीं है? ये सब पूछना आपका हक है.
5 . सेल्फ डिफेन्स जैसे कराटे वगैरह हर लड़की को आना चाहिए.

अगर कोई रोके तो घबराएं नहीं. शांति से कहें – “हम यहाँ रहती हैं, सैर कर रही हैं. इसमें कोई कानून नहीं टूट रहा. ”

लड़कियां रात को निकलती हैं बस ये साबित करने कि रात भी उतनी ही हमारी है जितनी सुबह और जब एक लड़की बिना डरे टहलती है तो वो सिर्फ सड़क नहीं नापती बल्कि आने वाली अपनी बेटी के लिए एक नया रास्ता बनाती है.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...