Premature Grey Hair : कुछ समय पहले तक केशों का सफेद होना बढ़ती उम्र की एक स्वाभाविक निशानी माना जाता था, लेकिन आजकल किशोरावस्था और 20 की उम्र में ही कई लड़कियों के केश सफेद होने लगे हैं, हालांकि केशों की कुछ सफेद लटें होना चिंता की बात नहीं है, लेकिन कम उम्र में हेयर का समय से पहले सफेद होना कभी-कभी शरीर में पोषक तत्वों की कमी या किसी अन्य स्वास्थ्य समस्या का संकेत भी हो सकता है.
इस बारें में मुंबई की डॉ. शरीफा स्किन केयर क्लिनिक की त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. शरीफा चौस कहते है कि बालों को उनका प्राकृतिक रंग मेलानिन नामक पिगमेंट से मिलता है. यह पिगमेंट मेलानोसाइट्स नामक विशेष कोशिकाओं द्वारा बनाया जाता है. जब शरीर में मेलानिन का उत्पादन कम होने लगता है, तो बाल धीरे-धीरे अपना प्राकृतिक रंग खोने लगते हैं और सफेद या ग्रे दिखाई देने लगते हैं. ये सही है कि गलत लाइफस्टाइल की वजह से आजकल कम उम्र में लड़कियों के केश सफेद होने लगते है, ऐसे में उन्हे रंगने में परहेज नहीं करना चाहिए.
जेनेटिक्स है जिम्मेदार
डॉ. आगे कहते है कि समय से पहले बाल सफेद होने का एक प्रमुख कारण आनुवंशिकता यानी जेनेटिक्स है. इसके अलावा, शरीर में विटामिन B12, आयरन और फेरिटिन की कमी, थायरॉइड संबंधी समस्याएं और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस भी इसके कारण हो सकते हैं. धूम्रपान भी बालों के जल्दी सफेद होने का एक कारण हो सकता है. मानसिक तनाव की भी इसमें भूमिका हो सकती है.
सफेद होने से रोकना है संभव
केशों को सफेद होने से रोकने के उपाय लाइफस्टाइल को बदलने से संभव हो सकता है. कुछ सुझाव निम्न है,
बालों को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित और पोषक तत्वों से भरपूर आहार लेना जरूरी है.
रोज के भोजन में प्रोटीन, आयरन, विटामिन B12, फोलेट और अन्य जरूरी पोषक तत्वों को शामिल करें.
हरी पत्तेदार सब्जियां, मेवे, बीज, फल, डेयरी उत्पाद और प्रोटीन युक्त आहार बालों की सेहत के लिए फायदेमंद हैं.
धूम्रपान से बचें, तनाव को नियंत्रित रखें, पर्याप्त नींद लें और बालों पर बार-बार केमिकल ट्रीटमेंट कराने से बचें.
यदि कम उम्र में ही बाल तेजी से सफेद होने लगें, तो त्वचा रोग विशेषज्ञ से सलाह लें.
डॉक्टर आवश्यक जांच के जरिए शरीर में पोषक तत्वों की कमी या किसी अन्य स्वास्थ्य समस्या का पता लगा सकते हैं. हालांकि, यदि बालों के सफेद होने का कारण आनुवंशिक है, तो इसे पूरी तरह रोकने का कोई निश्चित तरीका नहीं है.
अगर केश सफेद हो जाए, तो उस पर कलर लगाने से कभी हिचकिचाना नहीं चाहिए, क्योंकि एक उम्र के बाद ही ग्रे हेयर सही लग सकते है. कम उम्र में हेयर कलर न करने पर लड़की का चेहरा बेजान लग सकता है.
कलर लगाना कब करें शुरू
बालों में कलर लगाने की कोई निश्चित उम्र नहीं होती. यदि सफेद बाल आपको परेशान कर रहे हैं, तो अपने बालों और सिर की त्वचा की स्थिति को समझने के बाद हेयर कलर का इस्तेमाल कर सकती हैं. हालांकि बार – बार बालों में कलर लगाने और अनावश्यक केमिकल के इस्तेमाल से बचना चाहिए. इसलिए युवाओं को ग्रे हेयर को कलर करते समय बालों की सेहत और सही शेड का खास ध्यान रखना चाहिए.
सही हेयर कलर कैसा हो
ग्रे हेयर के लिए हल्के और सटल शेड्स चुनना हमेशा सही होता है. बहुत ज्यादा डार्क या जेट ब्लैक रंग लगाने से बचें, क्योंकि जब रूट्स से नए बाल उगते हैं, तो वे ज्यादा साफ दिखाई देते हैं. हल्का भूरा या नेचुरल टोन चुनें, जिससे ग्रे बाल आसानी से मर्ज हो जाएं.
सस्ती या केमिकल युक्त काली मेहंदी से दूरी बनना जरूरी होता है. लोकल या केमिकल वाली काली मेहंदी से बाल रूखे और बेजान हो जाते हैं. हमेशा अच्छी क्वालिटी के अमोनिया फ्री या ऑर्गेनिक जेल कलर का इस्तेमाल करें.
सेक्शन बनाकर कलर लगाना जरूरी होता है. पहले हेयर को अलग-अलग हिस्सों में बांट लें. ब्रश और ग्लव्स का इस्तेमाल करें और सबसे पहले फ्रंट या टेंपल के जिद्दी ग्रे बालों पर फोकस करें.
कलर को केशों में निर्देशानुसार करीब 30 से 35 मिनट ही छोड़ें, फिर सामान्य पानी से धो लें. तुरंत शैंपू न करें, कम से कम 48 घंटे रुकें.
यूथ को कलर की फ्रीक्वेंसी कम रखना सही होता है. बार-बार बालों को रंगने से बचें. थोड़ा गैप दें, ताकि आपके स्कैल्प और बालों की नेचुरल मजबूती बनी रहे.
हेयर कलर चुने कैसे
• हेयर कलर चुनते समय अपनी त्वचा के रंग और बालों के प्राकृतिक रंग का ध्यान रखना बहुत जरूरी है. अगर आप पहली बार बालों में कलर करवा रही हैं, तो अपने मूल बालों के रंग से मिलता-जुलता शेड चुनना बेहतर होगा. बहुत ज्यादा अलग या गहरे बदलाव करने से बचें.
• हेयर कलर लगाने से 48 घंटे पहले पैच टेस्ट जरूर करें, भले ही आपने पहले भी उस प्रोडक्ट का इस्तेमाल किया हो, फिर भी उसका पैच टेस्ट अवश्य कर लें. यदि सिर की त्वचा पर खुजली, जलन या संवेदनशीलता है, तो कलर लगाने से बचें. साथ ही, प्रोडक्ट पर दिए गए निर्देशों का सही तरीके से पालन करें.
• याद रखें, बालों के समय से पहले सफेद होने पर घबराने या हर सफेद बाल को तुरंत छिपाने की जरूरत नहीं है. सबसे जरूरी है इसके पीछे के कारण को समझना, अपनी जीवनशैली में जरूरी बदलाव करना और बालों की देखभाल के लिए सही व सुरक्षित विकल्प चुनना.
रंग चुनते समय कुछ बातों का रखें ध्यान
अगर आपकी स्किन का टोन वार्म यानि सांवला या गेहुआं है, तो चॉकलेट ब्राउन, चेस्टनट या बरगंडी बहुत खिलेंगे. अगर कूल या फेयर टोन है, तो ऐश ब्राउन या डार्क कलर्स अच्छे लगेंगे.
हमेशा ऐसे कलर्स चुनें, जिन पर अमोनिया फ्री या नो डैमिज लिखा हो, ताकि कम उम्र में आपके बाकी काले बाल सफेद न हों.
यूथ के लिए सूटेबल कलर्स
• नैचुरल एण्ड क्लासिक शैडस
नेचुरल और क्लासिक शेड्स ग्रे बालों को पूरी तरह छुपाते हैं और दिखने में बिल्कुल असली केश जैसे लगते हैं.
डार्क ब्राउन या चॉकलेट ब्राउन आजकल बहुत पोपुलर है. युवाओं के लिए जेट ब्लैक रंग चुनने के बजाय डार्क ब्राउन चुनना सबसे बेस्ट है. यह धूप में बहुत खूबसूरत दिखता है और चेहरा सॉफ्ट लगता है.
अगर आपको काले बाल ही पसंद हैं, तो ‘जेट ब्लैक’ की जगह ‘नेचुरल ब्लैक’ चुनें, ताकि बाल आर्टिफिशियल या डाई किए हुए न लगें.
• ट्रेंडी और मॉडर्न शेड्स
अगर आप ग्रे बालों को छुपाने के साथ-साथ एक नया और स्टाइलिश लुक चाहते हैं, तो बरगंडी या वाइन रेड यह युवाओं के बीच सबसे पॉपुलर कलर है. यह नॉर्मल रोशनी में ब्लैक या डार्क दिखता है, लेकिन धूप या तेज लाइट में बहुत ही शानदार रेडिश – पर्पल ग्लो देता है
चेस्टनट ब्राउन या कॉपर ब्राउन भी इन दिनों काफी पोपुलर है. यह थोड़ा सा वार्म और रिफ्लेक्टिव शेड है, जो खासकर इंडियन स्किन टोन पर बहुत अच्छा सूट करता है
• हाइलाइट्स और ग्लोबल फैशन कलर्स
अगर आपके सिर पर कुछ – कुछ जगहों पर ही ग्रे बाल हैं, तो पूरे बालों को कलर करने के बजाय आप हाइलाइट्स करवा सकते हैं.
कैरामेल या हनी हाइलाइट्स ब्राउन बालों के बेस पर कैरामेल हाइलाइट्स कराने से ग्रे बाल उसी फैशन में छुप जाते हैं और लुक बेहद स्टाइलिश हो जाता है।
आजकल युवाओं में ‘ऐश’ और ‘स्मोगी’ टोन्स बहुत ट्रेंड में हैं. इसमें आपके सफेद बाल स्टाइल का हिस्सा बन जाते हैं.
इस प्रकार कम उम्र में ग्रे हेयर को कलर करना कोई गलत बात नहीं, क्योंकि इस समय हेयर को कलर कर आप अपने लुक में बदलाव ला सकते हैं और खुद में कॉन्फिडेंट अनुभव कर सकते है, जो आपको अपने जीवन और कैरियर में आगे बढ़ने में बहुत जरूरी होता है.
