Blood Pressure : हाई ब्लड प्रेशर , स्ट्रोक का प्रमुख कारण माना जाता है, परंतु ब्लड प्रेशर का नियंत्रण में रहना स्ट्रोक के जोखिम को पूरी तरह से समाप्त नहीं करता. स्ट्रोक तब उत्पन्न होता है, जब मस्तिष्क में रक्त का थक्का जमने से रक्त की आपूर्ति बाधित हो जाती है, कोई रक्त वाहिका फट जाने के कारण रक्तस्त्राव होने लगता है. मस्तिक जितनी अधिक अवधि तक रक्त आपूर्ति से वंचित रहता है, क्षति तथा विकलांगता की आशंका उतनी ही अधिक बढ़ जाती है. इसलिए स्ट्रोक से बचाव के लिए केवल हाई ब्लड प्रेशर पर नजर रखना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अन्य जोखिम कारकों की भी पहचान कर उनका उचित रूप से मैनेज करना भी आवश्यक है.

इस बारें में मुंबई की पी.डी. हिंदुजा हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर की न्यूरोलॉजी कंसलटेंट, डॉ. दर्शन दोषी कहते है कि ब्लड प्रेशर की दवाएं लेने पर भी स्ट्रोक का रिस्क बना रहता है. हायपरटेंशन को नियंत्रित रखने से स्ट्रोक का खतरा बहुत हद तक कम हो सकता है, पर व्यक्ति निश्चित नहीं हो सकता. स्ट्रोक की आशंका अधिकतर डायबेटिस, हाई कोलेस्ट्रॉल, एट्रियल फाइब्रिलेशन यानि दिल की धड़कन का अनियंत्रित होना, जिससे खून के थक्के बन सकते है आदि कई अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से भी प्रभावित होता है.

रक्तचाप के नियंत्रण के साथ-साथ इन सभी विकारों का उचित मूल्यांकन एवं उपचार होना नितांत आवश्यक है. जिन व्यक्तियों को पहले स्ट्रोक का आघात हो चुका है, उनके लिए रक्तचाप और अन्य रिस्क फ़ैक्टर्स को नियंत्रित रखना जरूरी होता है. यह सुनिश्चित करने के लिए कि सभी जोखिम कारक नियंत्रण में हैं और उपचार सही दिशा में जा रहा है. इसके लिए अपने चिकित्सक से नियमित परामर्श लेते रहना आवश्यक है. दवाइयों का सेवन हमेशा चिकित्सीय परामर्श के अनुसार ही करें और रक्तचाप के आंकड़ों में सुधार दिखाई देने पर भी अपनी इच्छा से दवाई को बंद या बदलना नहीं चाहिए.

स्ट्रोक के संकेत और लक्षण

डॉक्टर आगे कहते है कि स्ट्रोक के इलाज में सबसे बड़ी समस्या यह है कि लोग शुरुआती लक्षणों को पहचान नहीं पाते या लक्षण गंभीर होने तक डॉक्टर की मदद नहीं लेते. इसके एलार्मींग साइन को याद रखने का सबसे आसान तरीका ‘BE FAST’ है.

• ‘B – Balance’ यानि अचानक संतुलन का तालमेल बिगड़ना.
• ‘E-Eyes’ का अर्थ है अचानक आंखो से दिखाई देना बंद होना या देखने में बदलाव आना.
• ‘F-Face’ अर्थात चेहरे का एक तरफ से झुक जाना.
• ‘A-Arms’ यानि एक हाथ या शरीर के एक तरफ अचानक कमजोरी महसूस होना.
• ‘S-Speech’ का अर्थ है बोली का लड़खड़ाना, बोलने में कठिनाई होना या वाक्य पूरा न कर पाना.
• ‘T-Time’ का अर्थ है कि बिना देरी किए तुरंत आपातकालीन चिकित्सा सहायता लेना.
मस्तिष्क का जो हिस्सा प्रभावित होता है, उसके आधार पर लक्षण बहुत हल्के या गंभीर हो सकते हैं. यदि ये लक्षण कुछ मिनिटों के बाद अपने आप ही ठीक भी हो जाएं, तो भी इन्हें नजरअंदाज न करें, क्योंकि यह ट्रांजिएंट इक्सेमिक अटैक हो सकता है, जो भविष्य में आने वाले बड़े स्ट्रोक की चेतानी देता है.
इसके अलावा ब्लड प्रेशर नियंत्रित न होने पर स्ट्रोक का खतरा अधिक बढ़ जाता है. साथ ही डायबिटीज, हाई कोलेस्ट्रॉल और एट्रियल फाइब्रिलेशन आदि मेडिकल जोखिम कारकों पर भी ध्यान देना ज़रूरी है.

लाइफस्टाइल है जिम्मेदार

आज की जीवनशैली भी निश्चित रुप से स्ट्रोक का एक बहुत बड़ा कारक है. धूम्रपान समय के साथ रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचाता है. अत्यधिक शराब का सेवन, शारीरिक निष्क्रियता और अस्वस्थ आहार भी इस जोखिम को बढ़ाते हैं. सैचुरेटेड फैट और प्रोसेस्ड फूड से भरपूर आहार शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ाता है, जिससे रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचता है. नींद भी एक महत्वपूर्ण पहलू है;

अनियमित दिनचर्या, अधूरी नींद और स्लीप एपनिया का इलाज न कराने से स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है. हालांकि उम्र, लिंग और आनुवंशिकी ऐसे कारक हैं, जिन्हें बदला नहीं जा सकता, लेकिन मेडिकल स्थिति और जीवनशैली में सुधार करना, पूरी तरह से एक व्यक्ति के हाथ में रहता है. ये सभी बातें युवाओं के लिए भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जो अक्सर यह सोचते हैं कि स्ट्रोक केवल बुजुर्गों को ही होता है. जबकि आजकल कई यंगस्टर्स भी इसके शिकार हो रहे है.

क्या कहती है आँकड़े

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) और नेशनल स्ट्रोक रजिस्ट्री प्रोग्राम के आंकड़ों के अनुसार भारत में स्ट्रोक के हर 7 में से 1 मरीज लगभग 13.8 प्रतिशत की उम्र 45 साल से कम है. यह वृद्धि पिछले कुछ सालों से अधिक देखी जा रही है. युवाओं में स्ट्रोक का मुख्य कारण हाई ब्लड प्रेशर, अनियंत्रित डायबिटिज, काम का अत्यधिक तनाव, धूम्रपान, नशीले पदार्थों का सेवन और अस्वस्थ जीवनशैली है.

बचाव के तरीके

डॉ. दर्शन आगे कहते है कि स्ट्रोक न हो, इसके बचाव को जान लेना जरूरी है, कुछ सुझाव निम्न है,
स्ट्रोक से बचाव का सही अर्थ है सभी रिस्क फ़ैक्टर्स को एक साथ सही मैनेज करना. इसमें सबसे पहले संतुलित आहार का लेना शामिल होता है, मसलन हरी सब्जियां, फल, अंकुरित अनाज, साबुत अनाज आदि रक्तवाहिका तंत्र के लिए बहुत फायदेमंद होता है, जबकि प्रोसेस्ड फूड, रेड मीट और सैच्युरेटेड फैट को कम से कम अपने आहार में शामिल करें.

• यदि आपको हायपरटेंशन है, तो नमक का सेवन बेहद सीमित मात्रा में करें. नियमित व्यायाम भी आवश्यक है, वयस्कों के लिए प्रति सप्ताह 150 मिनट की मध्यम तीव्रता वाली शारीरिक गतिविधि एक अच्छा लक्ष्य होना चाहिए, जिसे किसी एक्सपर्ट के सलाह पर करना सही होता है.

• इसके अलावा धूम्रपान से बचें, शराब का सेवन सीमित या बंद करे, स्वस्थ वजन बनाए रखें और सोने का एक निश्चित समय तय करें. यदि आप बहुत तेज खर्राटे लेते हैं, सोते समय सांस रुकने की समस्या महसूस करते हैं या सुबह उठने पर भी थकावट रहती है, तो तुरंत अपने डॉक्टर से स्लीप एपनिया की जांच के बारे में परामर्श ले सकते है.

• निर्धारित दवाएं समय पर लेकर डायबिटीज, कोलेस्ट्रोल और अन्य सभी जोखिम कारकों को नियंत्रित रखने की कोशिश करें.

• इसके बावजूद यदि आपको स्ट्रोक का कोई भी लक्षण दिखाई दे, तो उसके खुद ही ठीक होने का इंतजार न करें और न ही घर पर इलाज करने की कोशिश करें.

• ऐसी अवस्था में तुरंत पास के किसी इमरजेंसी डिपार्टमेंट में पहुंचे, क्योंकि इस चरण पर तुरंत मिलने वाला सही इलाज मरीज के जीवन को बचा सकता है और लंबे समय के लिए होने वाली विकलांगता का भी खतरा कम हो जाता है.

इस प्रकार ब्रेन स्ट्रोक किसी भी उम्र में किसी को भी हो सकता है, लेकिन यूथ में इसके आंकड़ों का बढ़ना सभी के लिए चिंता का विषय है. इससे बचने के लिए उन्हे अपनी जीवनशैली में सुधार करना और स्ट्रोक के शुरुआती लक्षणों को पहचानना आवश्यक है, ताकि इसका इलाज समय रहते किया जाए और व्यक्ति फिर से एक अच्छी जिंदगी जी सकें.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...