Marriage Equality : व्रत तुम्हारा, पुण्य उसका. धर्म ने औरत को हमेशा नीचे और पुरुष को ऊपर उठाया. थाली में प्रसाद नहीं पितृसत्ता परोसी गई. आपने कभी सोचा है सारे व्रत औरत ही क्यों रखती है?

पति की लंबी उम्र के लिए औरत भूखी रहेगी. बच्चे के खूबसूरत भविष्य के लिए भी औरत ही भूखी रहेगी. परिवार की सुख शांति के लिए औरत ही दीपक जलाएगी, कथा सुनेगी और जमीन पर सोएगी.

पुरुष के लिए धर्म में क्या लिखा है? यही न कि तू कमा, तू राज कर और औरत तेरे पैर पूजेगी.

यही सच्चाई है. धर्म ने शुरू से ही औरत को नीचे और पुरुष को ऊँचा बताया है. धर्म ने ही औरत को सिखाया है कि तेरा जन्म ही सेवा के लिए हुआ है, त्याग के लिए हुआ है, व्रत के लिए हुआ है और उसी धर्म की आड़ में समाज ने इसे परंपरा बना दिया.

गुरुग्राम की नीता कहती हैं, “20 साल से करवा चौथ कर रही हूँ. किसी ने कभी नहीं पूछा कि तुम्हारा मन है या नहीं. बस सबने मान लिया कि बहू है तो करेगी ही. ये मेरी आस्था नहीं मेरी ड्यूटी बना दी गई.”

हमें बचपन से यही पढ़ाया गया—-

1. कथा में औरत ही दोषी – हर व्रत कथा में कहानी यही रहती है कि एक स्त्री ने व्रत नहीं रखा तो पति मर गया, राजपाट चला गया, बच्चा बीमार हो गया. फिर उसने व्रत रखा तो सब ठीक हो गया. मतलब साफ है, घर में कुछ बुरा हुआ तो जिम्मेदार औरत. औरत ने पूजा नहीं की इसलिए कुछ भी बुरा हो गया.

2. पति परमेश्वर – हर कथा के अंत में बताया जाता है कि “पति परमेश्वर है”. औरत को हमेशा सिखाया गया कि पति भगवान है. उसकी पूजा करो, उसके पैर दबाओ, उसके लिए भूखी रहो तो तुम्हें स्वर्ग मिलेगा. पुरुष को कभी नहीं सिखाया गया कि पत्नी परमेश्वरी है.

3. धर्म की किताबें पुरुषों ने लिखीं– धर्म ग्रंथ किसने लिखे? पुरुषों ने. व्याख्या किसने की? पंडित पुरुष ने. कथा कौन सुनाता है? पुरुष तो जाहिर है नियम भी पुरुष के फायदे के लिए ही बनेंगे. उन्होंने अपने लिए मोक्ष, राज और अधिकार रखा और औरत के हिस्से में व्रत, उपवास और सेवा लिख दी.

4. डर का निर्माण– धर्म ने औरत के मन में डर बैठा दिया कि व्रत नहीं रखा तो पति मर जाएगा, अखंड सौभाग्य नहीं मिलेगा, अगले जन्म में भी सुख नहीं मिलेगा. ये डर ही सबसे बड़ा हथियार है. डरी हुई औरत कभी सवाल नहीं पूछती.

धर्म ने औरत को फोटो में तो देवी तो बना दिया पर घर में उसे दासी बनाया गया. मंदिर में लक्ष्मी की पूजा करो और घर की लक्ष्मी से कहो पूरे दिन भूखी रहो. ये दोहरापन धर्म की देन है और समाज ने धर्म की इस बात को औरतों के खिलाफ हथियार बना लिया. धर्म ने बीज बोया और समाज ने उसे पेड़ बना दिया.

धर्म ग्रंथों में क्या लिखा है और समाज ने उसे कैसे हथियार बनाया

स्त्री हमेशा पराधीन

मनुस्मृति, अध्याय 5, श्लोक 148 के अनुसार;

बाल्ये पितुर्वशे तिष्ठेत् पाणिग्राहस्य यौवने .

पुत्राणां भर्तरि प्रेते न भजेत् स्त्री स्वतन्त्रताम् ॥

अर्थ – बाल्यावस्था में पिता, युवावस्था में पति और पति के मरने पर पुत्रों के द्वारा स्त्री की रक्षा होनी चाहिए. स्त्री स्वतंत्रता के योग्य नहीं है. उस को हमेशा किसी पुरुष के अधीन रहना चाहिए.

मनुस्मृति, अध्याय 9, श्लोक 3 ;
“पिता रक्षति कौमारे भर्ता रक्षति यौवने. रक्षन्ति स्थविरे पुत्रा न स्त्री स्वातंत्र्यमर्हति.”
अर्थ- वही बात – औरत कभी स्वतंत्र होने लायक नहीं.

ऐसे श्लोकों के आधार पर ही समाज ने औरत को बचपन से सिखाया कि तुम्हें हमेशा किसी न किसी के लिए व्रत रखना है क्योंकि तुम अकेली कुछ नहीं हो.

पति ही भगवान

मनुस्मृति, अध्याय 5, श्लोक 154;

“विशीलः कामवृत्तो वा गुणैर्वा परिवर्जितः. उपचर्यः स्त्रिया साध्व्या सततं देववत्पतिः.”
अर्थ- पति चरित्रहीन हो, व्यभिचारी हो, गुणों से रहित हो, फिर भी साध्वी स्त्री को उसकी देवता के समान पूजा करनी चाहिए.

शिव पुराण और कई व्रत कथाओं में;

“पतिरेव गुरु स्त्रीणाम्”
अर्थ- स्त्रियों के लिए पति ही गुरु है, पति ही सब कुछ है.

यहीं से “पति परमेश्वर” का कॉन्सेप्ट आया और जब पति ही भगवान है तो उसके लिए भूखी तो रहना ही पड़ेगा यही धर्म ने सिखाया.

व्रत न रखने पर सजा

स्कंद पुराण और करवा चौथ, तीज की प्रचलित कथाओं में;

“या नारी व्रतं न कुर्यात् सा वैधव्यं प्राप्नुयात्”
अर्थ – जो स्त्री व्रत नहीं करती, वह विधवा हो जाती है, उसके पति को कष्ट होता है, उसके पुत्र को दुख होता है.

इसी डर से हर कथा में दिखाया जाता है कि एक औरत ने व्रत नहीं रखा तो उसका पति मर गया, फिर व्रत रखा तो जीवित हो गया. औरत के मन में अपराधबोध बिठाने के लिए ये कहानियां गढ़ी गईं.

स्त्रियों का स्वभाव

मनुस्मृति, अध्याय 2, श्लोक 213

“स्वभाव एष नारीणां नराणामिह दूषणम्. अतोऽर्थं न प्रमाद्यन्ति प्रमदासु विपश्चितः.”
अर्थ- स्त्रियों का स्वभाव ही पुरुषों को दूषित करने वाला होता है. इसलिए बुद्धिमान व्यक्ति स्त्रियों से दूर रहता है.

तुलसीदास कृत रामचरितमानस, सुंदरकांड;

“ढोल गँवार शूद्र पशु नारी. सकल ताड़ना के अधिकारी.”
अर्थ- इसकी व्याख्या समाज ने यही की कि नारी पिटाई की हकदार है यानी उसे नियंत्रण में रखना चाहिए.

जब धर्म ग्रंथ ही औरत को “दूषण” और “ताड़ना के योग्य” बताएंगे, तो समाज उसे बराबर कैसे समझेगा?

समाज कैसे टॉर्चर करता है

1. अच्छी बहू का पैमाना- तुम्हारी भक्ति और तुम्हारे व्रतों से तुम्हें जज किया जाएगा. करवा चौथ किया तो संस्कारी. तीज किया तो अच्छी बहू और नहीं किया तो मॉडर्न, बिगड़ी हुई, पति से प्यार नहीं करती.

2. सास से बहू तक ट्रांसफर- सास ने खुद 30 साल जबरदस्ती व्रत रखे. अब वो भी अपनी बहु से वही सब करवाएगी क्योंकि उसे सिखाया गया था कि यही औरत का धर्म है. ये टॉर्चर की चेन है जो पीढ़ी दर पीढ़ी चल रही है.

3. पुरुषों को कोई जिम्मेदारी नहीं- समाज कभी किसी पुरुष से नहीं कहता कि तुम अपनी पत्नी की लंबी उम्र के लिए व्रत रखो. क्योंकि धर्म ने ही तो बताया है पुरुष ऊँचा है. उसे व्रत करने की जरूरत नहीं. उसे केवल सेवा करवाने की जरूरत है.

4. त्योहार नहीं बल्कि परीक्षा- करवा चौथ वगैरह अब त्योहार नहीं बल्कि परीक्षा है. 16 श्रृंगार किया या नहीं, मेहंदी कितनी गहरी रची, साड़ी कितनी महंगी पहनी है यह सब समाज देखेगा और नंबर देगा.

इंदौर की 29 साल की सपना कहती हैं, “मैंने एक बार कहा मुझे भूख बर्दाश्त नहीं होती, मैं व्रत नहीं रखूंगी. तो पड़ोस की आंटी ने मेरे पति से कहा कि तेरी बीवी हाथ से निकल रही है, कंट्रोल में रखो.”

व्रतों की लिस्ट देखिए. साल में औरत के लिए 70 से 80 व्रत होते हैं —–

– पति के लिए- करवा चौथ, वट सावित्री, तीज आदि.

– बच्चे के लिए- जितिया, अहोई अष्टमी, छठ( जिसमे घंटो कमर तक पानी में खड़ी रहती है औरत) आदि.

– परिवार के लिए- हर गुरुवार,शुक्रवार, एकादशी, प्रदोष.

मगर पुरुष के लिए एक भी व्रत ऐसा नहीं जो धर्म ने अनिवार्य किया हो कि तुम्हें पत्नी या बच्चों के लिए रखना ही है. बच्चे तो आखिर दोनों के हैं न. फिर यह पक्षपात क्यों? क्योंकि धर्म की नजर में पुरुष का काम कमाना है, औरत का काम व्रत रखकर उसकी कमाई को बचाए रखना है. औरत की कोई अपनी पहचान नहीं. उसकी पहचान पति और बच्चे से है. इसलिए वो उनके लिए ही व्रत रखेगी.

इस टॉर्चर से औरत के शरीर और मन पर क्या असर पड़ता है?

1. शरीर को नुकसान — 16 घंटे निर्जला रहना, फिर तेल-मसाले वाला खाना. डॉक्टर कहते हैं इससे एनीमिया,यूटीआई, हार्मोनल गड़बड़ी, चक्कर, बेहोशी आम है. पर धर्म कहता है सहन करो तभी पुण्य मिलेगा.

2. मन टूटता है- औरत सोचती है मेरी कोई वैल्यू ही नहीं. मैं सिर्फ व्रत रखने की मशीन हूँ. मेरा प्यार तभी सच्चा है जब मैं भूखी रहूँ. ये सोच उसे अंदर से खत्म कर देती है.

3. नौकरीपेशा औरत का दोहरा टॉर्चर- सुबह 4 बजे उठकर सरगी खाओ, फिर पूरा दिन ऑफिस में भूखे काम करो, फिर शाम को सज-धज कर पूजा करो. पुरुष ऑफिस से आकर आराम से चाय पिएगा और खाना खाएगा.

स्त्री को अपनी वैल्यू समझनी होगी. बेकार के धार्मिक चोंचलों और सामाजिक दबावों से निकल कर अपनी जिंदगी जीनी होगी. बहुत हुआ. धर्म ने जो सिखाया है उस को अब बदलना होगा और समझना होगा कि ;

1. मेरा शरीर, मेरी मर्जी- धर्म कहता है भूखी रहो पर मेरा शरीर कहता है उस को समय से खाना चाहिए. आप अपने शरीर की सुनें. अगर आपकी तबीयत ठीक नहीं, आप प्रेग्नेंट हैं, दवा पर हैं तो व्रत नहीं रखें. परिवार को आपकी जान से ज्यादा आपका व्रत प्यारा नहीं हो सकता.

2. प्यार भूख से नहीं नापा जाता- अगर पति की उम्र आपकी भूख से बढ़ती तो अस्पताल बंद हो गए होते. पति की उम्र बढ़ती है अच्छे खान-पान से, एक्सरसाइज से, इज्जत से. भूखे रहने से नहीं. आप प्यार जताने के लिए खाना बनाएं तो साथ बैठ कर खाएं भी पर भूखी न रहे.

3. व्रत दोनों का हो या किसी का नहीं- अगर व्रत रखना ही है तो दोनों रखो. पति भी रखे पत्नी की लंबी उम्र के लिए या फिर दोनों मिलकर एक दिन सेवा का व्रत रखो – किसी गरीब को खाना खिलाओ, किसी की मदद करो. वो असली पुण्य होगा.

4. कथा बदलो- अपनी बेटी को ये कथा मत सुनाओ कि व्रत नहीं रखा तो पति मर गया. उसे ये कथा सुनाओ कि पढ़-लिखकर, आत्मनिर्भर बनकर उसने अपना परिवार संभाला. धर्म की नई कथा लिखनी पड़ेगी बराबरी वाली.

5. ना कहना सीखो- सबसे बड़ा व्रत है “ना” कहना. सास, पति, समाज को प्यार से बोलो- “मैं इस व्रत में विश्वास नहीं रखती. मैं आपका सम्मान करती हूँ पर भूखी नहीं रहूंगी.” एक बार ना कहोगी तो अगली बार आसान होगा.

लड़कियों और औरतों को देवी नहीं, इंसान बनने दो

धर्म ने औरत को देवी बनाकर पूजनीय तो बना दिया पर इंसान नहीं रहने दिया. जिस धर्म में औरत नीचे है और पुरुष ऊपर वह धर्म नहीं, पितृसत्ता है और पितृसत्ता को तोड़ना ही सबसे बड़ी पूजा है.

इस बार करवा चौथ पर जब चांद निकले तो चाँद को देखकर नहीं अपने अंदर देखकर पूछिए कि क्या मैं ये मन से कर रही हूँ या समाज के डर से? क्या मेरा पति भी मेरे लिए इतना ही करता है? अगर जवाब डर है तो थाली नीचे रख दें. पानी पीएं और खुद से कहें – मेरा प्यार मेरी भूख से बड़ा है क्योंकि भूखी बहू से ज्यादा, संतुष्ट बहु घर को खुशहाल बनाती है.

आपने कभी व्रत करने से मना किया है? क्या हुआ था उसके बाद? अपनी कहानी Grihshobha.in पर लिख कर भेजिए. आपकी एक ना किसी और औरत को हिम्मत दे देगी.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...