बाहुबली में कटप्पा का किरदार निभाने वाले एक्टर सत्यराज की वजह से 'बाहुबली 2' के कर्नाटक में रिलीज होने को लेकर मुश्किलें खड़ी हो गईं हैं. तकरीबन 2,000 कन्नड़ संगठन इस फिल्म की रिलीज को पूरे प्रदेश में रोकने के लिए तैयार हैं. इनका नेतृत्व ऐक्टिविस्ट वतल नागराज कर रहे हैं.
मीडिया से बातचीत में वतल ने कहा, 'हम कर्नाटक के एक भी थिएटर में इस फिल्म को रिलीज नहीं होने देंगे. हम फिल्म के खिलाफ नहीं, बल्कि इसमें कटप्पा का रोल प्ले करने वाले ऐक्टर सत्यराज के खिलाफ हैं.'
उन्होंने कहा कि जब सभी तमिल एक्टर्स ने कावेरी के पानी को शेयर करने के लिए आवाज उठाई तो ऐसे में सत्यराज का कदम अपमानजनक रहा. वतल के मुताबिक, 'सत्यराज ने सभ्यता की सभी सीमाओं को लांघा है. उन्होंने कर्नाटक और यहां के वासियों के खिलाफ फालतू बातें की हैं. हमने भी तमिलनाडु के खिलाफ प्रोटेस्ट किया लेकिन हम वहां के लोगों के खिलाफ नहीं हैं.'
वतल की मानें तो जब बाहुबली का पहला भाग यहां हाल ही में फिर से रिलीज किया गया तो प्रदर्शनकारियों ने सिनेमाघरों के मालिकों से आग्रह किया था कि वे इस फिल्म को बैन करें और उन्होंने मांगों को स्वीकारा भी था. आगामी 28 अप्रैल को रिलीज होने वाली इस फिल्म को लेकर पूरी तैयारी है और इसको प्रदर्शित नहीं करने दिया जाएगा.
