सपनों को साकार करने के लिए शिक्षा जरूरी है और आजकल उच्च शिक्षा हासिल करना हर किसी के बस की बात नहीं. फीस और दूसरे खर्चे किसी भी अभिभावक की कमर तोड़ सकते हैं. पर मेधावी छात्रों को निराश होने की जरूरत नहीं. एजुकेशन लोन है न आपके सपनों को पंख लगाने के लिए. कैसे और किन्हें मिल सकता है एजुकेशन लोन आपको बताते हैं इस खास रिपोर्ट में.
अच्छी शिक्षा अब सस्ती नहीं रही, अगर आपका किसी अच्छे कौलेज या कोर्स में एडमिशन हो जाता है तो आपके सामने सबसे बड़ी चुनौती होती है संस्थान की आसमान छू रही फीस. लेकिन विभिन्न बैंकों की एजुकेशन लोन योजनाओं के कारण अब फीस आपकी राह में रोड़ा नहीं बन पाएगी. सरकारी और प्राइवेट, दोनों ही तरह के बैंक आसान शर्तों पर एजुकेशन लोन मुहैया करा रहे हैं. कुछ सामान्य से दस्तावेजों के जरिए आप एजुकेशन लोन प्राप्त कर सकती हैं.
यही नहीं, पढ़ाई पूरी करने के बाद जब आपकी नौकरी लग जाए, तब आप इसे आसान किश्तों के साथ चुका सकती हैं.
किसे मिल सकता है एजुकेशन लोन
एजुकेशन लोन हासिल करने के लिए आपको एक गारंटर की जरूरत होगी. अगर आप कर्ज चुकाने में सफल नहीं हो पाते तो गारंटर को लोन चुकाना होगा. ज्यादातर बैंक ऐसे लोगों को गारंटर मानते हैं, जिनकी नेटवर्थ या सालाना आय एजुकेशन लोन की कुल पूंजी से ज्यादा हो.
