सलमान खान की फिल्म 'सुल्तान' में अरिजीत सिंह ने जो गाना गाया था उसे सलमान ने फिर से नए सिंगर से गवा लिया है. सलमान खान ने ट्वीट कर कहा पेश है राहत फतेह अली खान द्वारा गाया गया यह गाना 'जगघुमया...’ इसी के साथ यह साफ हो गया कि लगातार माफी मांगने के बाद भी सुल्तान ने अरिजित की अर्जी ठुकरा दी. अरिजित ने अपने द्वारा गाए इस गाने को न हटाने के लिए सलमान खान से अपील की थी.
बता दें कि सलमान खान इन दिनों फिल्म 'आशिकी-2' से फेमस हुए सिंगर अरिजित सिंह से काफी खफा नजर आ रहे हैं. यही वजह है कि अरिजित ने फेसबुक पर सलमान से माफी मांगी और सलमान से विनती की थी कि फिल्म 'सुल्तान' से उनका गाया हुआ गाना वह नहीं हटाएं. हालांकि बाद में अरिजित ने उस पोस्ट को डिलीट भी कर दिया.
हालांकि, अभी तक यह भी स्पष्ट नहीं है कि कैसे अरिजित ने सलमान का अपमान किया है. सिर्फ यह अफवाहें उड़ी कि अरिजित ने सलमान का अपमान किया. कई जगहों पर इस बात कि अफवाहें उड़ाई जा रही है कि सलमान ने जब 'गिल्ड अवॉर्ड' को होस्ट किया था और अरिजित जब इनाम लेने आए थे तो दोनों के बीच में मजाकिया बहस हुई थी. बताया जा रहा है कि इसी के बाद से सलमान अरिजित में नाराज चल रहे हैं.
