संजय लीला भंसाली मन ही मन उस दिन को कोस रहे होंगे जिस दिन उन्होंने फिल्म ‘पद्मावती’ बनाने का निर्णय लिया होगा. पहले दिन से ही इस फिल्म को कई तरह की समस्याओं से जूझना पड़ रहा है.
संजय लीला भंसाली को सबसे पहले फिल्म के लिए कलाकारों के चयन में काफी बाधाएं आयी. कई कलाकार आए और गए. अंततः दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर के साथ उन्होंने जोधपुर में फिल्म की शूटिंग शुरू की, मगर ‘‘राजपूत करणी सेना’’ ने शूटिंग रूकवा दी. उन्होंने संजय लीला भंसाली के साथ मारपीट भी की.
उसके बाद संजय लीला भंसाली कोल्हापुर में इस फिल्म की शूटिंग शुरू करने वाले थे, पर वहां पर फिल्म का सेट जला दिया गया. उसके बाद मुंबई में फिल्म के कॉस्ट्यूम जला दिए गए. उधर ‘राजपूत करणी सेना’ बार बार संजय लीला भंसाली को इस फिल्म का निर्माण रोकने के लिए धमका रही है.
फिल्म ‘पद्मावती’ के साथ जो कुछ हो रहा है, उसे देखते हुए बॉलीवुड में चर्चाएं गर्म हो गयीं कि अब यह फिल्म नहीं बनेगी. कुछ लोगों ने कहना शुरू कर दिया कि अब फिल्म ‘पद्मावती’ 2018 में ही आ सकती है. उधर यह चर्चाएं भी गर्म हो गयीं कि संजय लीला भंसाली ने शाहिद कपूर को लेकर दूसरी फिल्म पर काम करना शुरू कर दिया है.
