कहानी थोड़ी फिल्मी प्रतीत होती है, लेकिन सच्ची है. लड़की सहारनपुर के एक संयुक्त मुस्लिम परिवार से है, जिसमें मिश्रित विवाह का इतिहास 1955 से है- हिन्दू-मुस्लिम, सिख-मुस्लिम, शिया-सुन्नी... इस परिवार में सभी रंग के जोड़े हैं. कारण- परिवार के दादा और दादी अपने समय से बहुत आगे थे. लेकिन लड़की की मां पुराने ख्यालात की है. अपनी बेटी का निकाह शरिअत (मुस्लिम कानून व रीति रिवाज) के पाबंद लड़के से करना चाहती है, जिसके लम्बी न सही मगर विराट कोहली जैसी दाढ़ी तो हो. क्या इतना काफी नहीं कि वह लगभग दो दशक से एक क्लीन शेव नास्तिक पति को बर्दाश्त करती आ रही है?

लड़का मेरठ के अग्रवाल परिवार से है. उसके संयुक्त व्यापारी परिवार को अपनी शुद्ध अग्रसेन वंशावली पर गर्व है. आज तक न वर्ण से बाहर और न ही पूर्व निर्धारित दहेज के बिना परिवार में कोई विवाह हुआ है. प्रेम विवाह की तो किसी ने कल्पना तक नहीं की है. घर में अंडे व प्याज तक का सेवन नहीं होता. लोग मांस भी खाते हैं यह सिर्फ सुना है, देखा नहीं. अब लड़का नाक कटवाने पर तुला है. वर्ण, जाति तो छोड़िये दूसरे धर्म की मांसभक्षी लड़की को दुल्हन बनाकर लाना चाहता है. क्या कलियुग है, धर्म भ्रष्ट करायेगा, पाप लगेगा.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...