माधुरी दीक्षित अभी भी अभिनय से ले कर टीवी रिऐलिटी शो, ब्रैंड इंडोर्समैंट और औनलाइन डांस ऐकेडमी आदि में व्यस्त रहती हैं. पर इन सब से वे अपने परिवार के लिए समय अवश्य निकाल लेती हैं. माधुरी से हुई बातचीत में यह पता चला कि वे व्यस्त रहने के बावजूद भी किस तरह अपने परिवारिक दायित्वों को पूरा करती हैं.
बच्चों के साथ आप का रिश्ता किस तरह का है?
मैं अपने बच्चों की मां होने के साथसाथ उन की दोस्त और टीचर भी हूं. मेरे बच्चे मुझे तनाव मुक्त कर देते हैं. उन की बातें को सुनना, उन के साथ स्कूल में क्या हुआ, आगे उन्हें क्या करना है आदि बातों को जानना मैं रोज करती हूं. मैं एक ऐसी मां हूं जो बच्चे का होमवर्क पूरा हुआ कि नहीं इस का भी खयाल रखती हूं.
जरूरत पड़ने पर मैं एक स्ट्रिक्ट मां भी हूं जो अपने बच्चों को अनुशासन में रखती है ताकि उन का भविष्य अच्छा बने. पर इस के साथसाथ मैं उन के साथ सभी बातें शेयर भी करती हूं. अभी वे छोटे हैं, इसलिए मैं उन्हें दिशा निर्देश दे कर सही रास्ता चुनने के लिए प्रेरित करती हूं. ताकि बाद में वे गलतियां न करें और सही दिशा की ओर अग्रसर हों.
