अक्सर फ्लैट्स या छोटे घरों में रहने वाले पैरेंट्स की एक ही चिंता होती है—”घर इतना छोटा है कि बच्चा दौड़-भाग नहीं पाता, उसकी एनर्जी कैसे कम होगी?” जब बच्चों को शारीरिक हलचल फिजीकल मूवमेंट के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलती, तो उनकी मांसपेशियों में ताकत तो जमा होती है, लेकिन वो सही जगह इस्तेमाल नहीं हो पाती. इसी को फिजियोथेरेपी की भाषा में ‘दबी हुई मोटर एनर्जी’ कहते हैं, जो बाद में बच्चों के गुस्से या चिड़चिड़ेपन में बदल जाती है.

अमेरिकन ऑक्यूपेशनल थेरेपी एसोसिएशन’ (AOTA) के स्टडी में यह पाया गया है कि छोटे स्थानों पर जाने वाली ‘हैवी वर्क’ गतिविधियां (जैसे दीवार को धक्का देना या एनिमल वॉक) उनके नर्वस सिस्टम को सीधे प्रभावित करती हैं इस स्टडी में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि जब बच्चे घर के अंदर ऐसी चुनौतीपूर्ण शारीरिक हलचल करते हैं, तो उनकी मांसपेशियों और जोड़ों पर पड़ने वाले सुरक्षित दबाव से दिमाग में शांत करने वाले हार्मोन्स रिलीज होते हैं.

एक चाइल्ड फिटनेस ट्रेनर और पीडियाट्रिक फिजियोथेरेपिस्ट के नजरिए से, बच्चों की एनर्जी निकालने के लिए बहुत बड़े मैदान की जरूरत नहीं है. छोटे स्पेस में भी ‘स्ट्रक्चर्ड मूवमेंट’ के जरिए उनके पूरे शरीर की एक्सरसाइज कराई जा सकती है.
1. एनिमल वॉक: फुल-बॉडी स्ट्रेंथ और एनर्जी बर्नर
यह फिजियोथेरेपी में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली तकनीक है. इसमें बच्चों को अलग-अलग जानवरों की तरह चलने को कहा जाता है. यह खेल-खेल में उनके पूरे शरीर की बड़ी मांसपेशियों को थका देता है.
• फ्रॉग जंप: एक ही जगह पर नीचे बैठकर ऊपर की तरफ उछलना. यह पैरों की ताकत बढ़ाता है.
• बियर वॉक: हाथों और पैरों के बल जमीन पर चलना (घुटने जमीन पर नहीं टिकने चाहिए). इससे कोर पेट और कंधों की ताकत बढ़ती है.
• क्रैब वॉक: पेट को ऊपर की तरफ आसमान की ओर रखकर, हाथों और पैरों के बल उल्टे चलना. यह संतुलन सुधारता है.
2. द ‘पिलो एंड गद्दे’ ऑब्सटैकल कोर्स
ड्राइंग रूम के फर्श पर घर में मौजूद सोफे के कुशन, तकिए और गद्दे बिछाकर एक छोटा सा रास्ता बना दें.
• क्या करना है: बच्चे को इन तकियों के ऊपर से कूदकर जाना है, गद्दे पर रोल (गोल-गोल घूमना) करना है और बिना फर्श को छुए दूसरी तरफ पहुंचना है.
फायदा: तकिए और गद्दे जैसी अस्थिर सतह पर चलने से बच्चों के टखनों और पैरों के जोड़ों को मजबूती मिलती है और उनका दिमाग पूरी तरह इस बात पर फोकस रहता है कि वे गिरें न. इससे उनका फोकस बहुत तेजी से सुधरता है.
3. बैलून वॉलीबॉल
एक छोटे कमरे में असली गेंद से खेलने पर चीजें टूटने का डर रहता है, इसलिए गुब्बारे का इस्तेमाल करें.
• नियम: हवा में एक या दो गुब्बारे छोड़ दें. बच्चे का टास्क यह है कि उसे गुब्बारे को जमीन पर गिरने नहीं देना है। वह इसके लिए अपने हाथ, पैर, सिर या कोहनी किसी का भी इस्तेमाल कर सकता है.
• फायदा: यह खेल बच्चों के आंख और हाथ का तालमेल को बेहतर करता है. गुब्बारे को बचाने के लिए बच्चा लगातार उछल-कूद करेगा, जिससे उसकी कार्डियो एक्टिविटी घर के अंदर ही हो जाएगी.
4. आइसोमेट्रिक और ‘हैवी वर्क’ एक्टिविटीज
फिजियोथेरेपी में ‘हैवी वर्क’ उन गतिविधियों को कहते हैं जो जोड़ों और मांसपेशियों पर थोड़ा सुरक्षित दबाव डालती हैं, जिससे दिमाग को शांत करने वाले सिग्नल्स मिलते हैं.
• दीवार को धक्का देना: बच्चे से कहें कि वह दीवार को इतनी ताकत से धक्का दे जैसे उसे खिसकाना हो. 10-15 सेकंड के 5 सेट करवाएं.
• सोफा कुशन स्क्वीज: घुटनों के बीच तकिया दबाकर जंप करना या उसे जोर से भींचना.

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, बच्चों का बहुत अधिक समय बैठे रहने और मनोरंजन के लिए स्क्रीन का उपयोग करने में बिताना उनके स्वास्थ्य पर नेगेटिव असर डाल सकता है। इसलिए, स्क्रीन टाइम को शारीरिक गतिविधियों और पर्याप्त नींद के साथ संतुलित रखना चाहिए, ताकि बच्चों का स्वस्थ विकास हो सके।

इसके साथ ही, शोध यह भी निष्कर्ष निकालते हैं कि छोटे कमरों में महज 10 से 15 मिनट का ऐसा ‘स्ट्रक्चर्ड मूवमेंट’ बच्चों के संतुलन और शारीरिक नियंत्रण को तो बेहतर करता ही है, साथ ही उनके ध्यान लगाने की क्षमता और सीखने की गति को भी 25% तक बढ़ा देता है.
एक्सपर्ट टिप: जब भी बच्चा घर के अंदर बहुत ज्यादा हाइपर होने लगे, तो उसे सीधे शांत बैठने के लिए न कहें। पहले 5 मिनट उसे ‘फ्रॉग जंप’ या ‘बियर वॉक’ कराएं ताकि उसकी बढ़ी हुई हार्ट रेट और एनर्जी एक सही दिशा में इस्तेमाल हो जाए. जब शरीर थक जाएगा, तो बच्चा अपने आप शांत होकर बैठ जाएगा और उसका फोकस बढ़ जाएगा.
छोटे घर बच्चों की ग्रोथ में रुकावट नहीं बन सकते, बशर्ते हम उनके खेल को थोड़ा ‘स्ट्रक्चर’ कर दें. इन इनडोर मूवमेंट्स से न सिर्फ बच्चों की अतिरिक्त ऊर्जा बाहर निकलेगी, बल्कि उनकी हड्डियां, मांसपेशियां और मानसिक एकाग्रता भी मजबूत होगी.