Adventure tourism : वर्केशन के बाद अब जैन जी के बीच एक नया ट्रेंड उभर रहा है डेयरकेशन का. वर्क फ्रौम होम कर रहे ये युवा वर्केशन में अपनी वैकेशन में जहां किसी शांत और फैवरिट जगहों पर जा कर घूमते हैं और काम के दौरान काम भी करते हैं वहीं डेयरकेशन के दौरान यह जेन जी और मिलेनियल्स युवा अपनी वैकेशन में किन्हीं डेयरिंग और रोमांच से भरी जगहों पर घूमने जाना पसंद कर रहे हैं.

बेबी बूमर्स और जैनरेशन ऐक्स के लोग घूमने जाते समय सेफ्टी यानी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हैं. वे खतरे या खतरे के अंदेशे वाली किसी भी जगह पर जाना पसंद नहीं करते हैं, वहीं जैन जी खतरे या ऐडवैंचर वाली जगहों पर जा कर ऐडवैंचर टूरिज्म करना ही पसंद कर रहे हैं. पिंटरेस्ट की प्रिडिक्ट्स 2026 की रिपोर्ट के अनुसार 2026 में जैन जी सामान्य की जगह ऐडवैंचर वाली जगहों पर जाना अधिक पसंद करेगी. 2025 में ऐडवैंचर टूरिज्म की डिमांड 75 फीसदी तक बढ़ी है जो 2026 में और अधिक बढ़ेगी. जैन जी और मिलेनियल्स 2026 में थ्रिल और ऐडवैंचर टूरिज्म के लिए सफर करेंगे. छुट्टियों को ऐडवैंचर के साथ बिताने की इस अवधि को ही डेयरकेशन का नाम दिया गया है.

इस नए ट्रेंड में लोग क्लास 5 रिवर राफ्टिंग, झरनों से रैपलिंग और केन्योनियरिंग या फिर बड़े इंटरनैशनल स्पोर्ट्स इवेंट्स के आसपास अपना ट्रिप बनाना पसंद करते हैं. यदि आप डेयरकेशन पर जाने का प्लान कर रहे हैं तो निम्न टिप्स आप के लिए काफी मददगार साबित हो सकते हैं-

प्रीप्लानिंग है जरूरी

जैन जी युवाओं की सब से बड़ी समस्या है कि उन का हर काम अचानक और बिना प्लानिंग के होता है, जिस से अकसर उन्हें अपने प्लान को सफल बनाने के लिए कई गुना कीमत चुकानी पड़ती है. आप जिस भी स्थान पर ऐडवैंचर करना चाहते हैं उस की पहले से प्लानिंग अवश्य करें ताकि आप होटल, फ्लाइट और ट्रेन की बुकिंग्स कर सकें.

आप जिस भी स्थान पर जाना चाहते हैं उस की पूरी जानकारी गूगल पर सर्च कर के जाएं ताकि जो भी ऐडवैंचर आप करना चाहते हैं और जिस स्थान को आप घूमना चाहते हैं उसे भलीभांति ऐक्सप्लोर कर सकें. यदि आवश्यक लगे तो गाइड की मदद लें.

मैडिकल चेकअप कराएं

यदि आप लेह लद्दाख जैसी ऊंचाई वाली जगहों पर जा कर ऐडवैंचर करने का प्लान कर रहे हैं तो ट्रिप पर जाने से पहले अपना मैडिकल चैकअप अवश्य कराएं ताकि किसी भी प्रकार की मैडिकल इमरजैंसी से बचे रहें.

डौक्यूमैंटेशन है जरूरी

अपना आधार कार्ड, वोटर आईडी या ड्राइविंग लाइसैंस में से कोई भी एक पहचानपत्र और पासपोर्ट की हार्ड कौपी तथा होटल व अन्य बुकिंग की सौफ्ट कौपी अपने साथ रखें.

पर्याप्त मात्रा में कैश रखें

यों आजकल की जैन जी डिजिटल सोर्सेज पर पूरी तरह डिपैंड है परंतु ऐडवैंचर पर जाते समय अपने साथ पर्याप्त मात्रा में कैश अवश्य रखें क्योंकि ऊंचाई पर अकसर नैटवर्क की समस्या होती है. ऐसे में आप कोई भी लेनदेन करने में असमर्थ होते हैं. यदि आप के पास कैश है तो आप को लेनदेन में कोई परेशानी नहीं आएगी.

अन्य जरूरी सामान

पावर बैंक, सर्दीबुखार और सिरदर्द की जरूरी दवा और कुछ स्नैक्स अपने साथ ले कर जाएं ताकि आपातकाल में आप उन का प्रयोग कर सकें.

लगेज का रखें ध्यान

सोशल मीडिया के इस युग में घूमने से अधिक सोशल मीडिया पोस्ट्स पर अधिक ध्यान दिया जाता है और इस में अपने सूटकेस को ढेर सारे आउटफिट्स से भर लिया जाता है. इस से बचें और 2-3 आउटफिट्स को मिक्स ऐंड मैच कर के स्टोल, हैट और गौगल्स के साथ पेयर कर के अपने अलग लुक बनाएं. इस से आप का लगेज तो कम होगा ही आप को स्टाइल के साथ भी समझौता नहीं करना पड़ेगा.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...