Nefertiti Botox treatment : नेफर्टिटी बोटोक्स (Nefertiti Botox) एक तेजी से लोकप्रिय होता गैर सर्जिकल उपचार है, जो जबड़े की रेखा (Jawline) को परिभाषित करने और गरदन को सुडौल (Lift) बनाने के लिए बोटोक्स का उपयोग करता है.
यह प्रक्रिया प्लेटिस्मा मांसपेशियों को आराम देकर, ढीली त्वचा और झुर्रियों को कम करती है, जिस से 3 से 4 दिनों में चेहरा युवा और कसा हुआ दिखने लगता है. इसे अधिकतर आज की तारीख में मौडल्स, कारपोरेट जौब करने वाली और ऐक्ट्रैस आदि करवाती हैं क्योंकि इस में बिना सर्जरी के मनचाहा रिजल्ट मिलता है.
बौलीवुड में अपनी उम्र को थामने और त्वचा को जवां बनाए रखने के लिए कई कलाकार बोटोक्स का सहारा लेते हैं, जिसे अकसर नेफर्टिटी लिफ्ट (Nefertiti lift) तकनीक के माध्यम से किया जाता है. इन प्रक्रियाओं का उपयोग करने वाली प्रमुख हस्तियों में शिल्पा शेट्टी, ऐश्वर्या राय बच्चन, माधुरी दीक्षित, रानी मुखर्जी, प्रीति जिंटा, आदिति राव हैदरी, हर्ष चाय, अनिल कपूर, शाहरुख खान आदि के नाम प्रमुख रूप से सामने आते हैं, जो अपनी झुर्रियां कम करने के लिए यह ट्रीटमैंट करवाते रहते हैं.

मिस्र की रानी पर आधारित नाम नेफर्टिटी बोटोक्स
इस बारे में मुंबई की कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हौस्पिटल की डर्मेटोलौजिस्ट, ट्राइकोलौजिस्ट और एस्थेटिक डर्मेटोलौजिस्ट, डा. रेश्मा टी. विश्नानी कहती हैं कि नेफर्टिटी बोटोक्स एक खास कौस्मेटिक ट्रीटमैंट है, जो गरदन और जबड़े को सुंदर बनाने के लिए किया जाता है. इस ट्रीटमैंट का नाम मिस्र की रानी नेफर्टिटी के नाम पर रखा गया है, जो अपनी लंबी, सुंदर गरदन और शार्प जोलाइन के लिए मशहूर थीं.
