इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि पहाड़ों पर घूमने जाएं या फिर बीच पर, हम सब से खूबसूरत लगना चाहते हैं लेकिन मुश्किल यह होती है कि समझ नहीं आता क्या ले जाएं और क्या नहीं.

सनस्क्रीन ले जाना है मस्ट

आप सनस्क्रीन मत भूल जाइएगा. अपनी त्वचा को सूरज की हानिकारक किरणों से बचाना बहुत जरूरी है. दरअसल, समुद्र के आसपास सूरज की तेज किरण स्किन को जला देती है. सूर्य के प्रभाव में आने से त्वचा में मेलेनिन की मात्रा बढ़ जाती है जोकि त्वचा की रंगत को प्रभावित करती है. साथ ही धूप में त्वचा की पूरी नमी खत्म हो जाती है जिस से त्वचा रूखी और बेजान होने लगती है. इसलिए आप के पास एक अच्छी कंपनी का सनस्क्रीन लोशन होना बहुत जरूरी है. दरअसल, सनस्क्रीन वह क्रीम है जो त्वचा की ऊपरी परत पर लगाई जाती है और जिस का काम हानिकारक यूवी किरणों से त्वचा की रक्षा करना है.

सनस्क्रीन लोशन का चुनाव करते समय उस में मौज़ूद सन प्रोटैक्शन फैक्टर यानी एसपीएफ की मात्रा की सही जानकारी होना जरूरी है. एक एसपीएस 50 सनस्क्रीन 93% यूवीबी किरणों को फिल्टर कर सकता है. हालांकि, आप की त्वचा को अतिरिक्त सुरक्षा की आवश्यकता हो सकती है, यह सूर्य की किरणों के संपर्क पर निर्भर करता है.

सनस्क्रीन में त्वचा को सूरज की हानिकारक किरणों से बचाने के लिए कुछ महत्त्वपूर्ण चीजें होती हैं. जैसे जिंक औक्साइड, टाइटेनियम औक्साइड. ये हमारी त्वचा को एजिंग इफैक्ट्स यानी असमय बुढ़ापे और सनबर्न से बचाती है.

इसलिए सनस्क्रीन के ज्यादा फायदा लेने के लिए आप इसे बाहर जाने से कम से कम 10 मिनट पहले ही लगा लें और हर 2 घंटे में इस को लगाएं.

फेस मास्क अपनी ट्रैवल किट में जरूर रखें

जब आप किसी दूसरी जगह जाते हैं, तो वहां के मौसम, पानी और तेज धूप का स्किन पर बहुत जल्दी असर होता है जिस की वजह से स्किन डल हो जाती है और उस पर टैनिंग और रैशिज की समस्या हो जाती है इसलिए आप के पास मास्क होना चाहिए जो आप को सूट करें. इस हाइड्रेशन मास्क को रात में लगाएं और सुबह फिर वही अपनी दमकती हुई स्किन पाएं.

मोइस्चराइजर का प्रयोग करते रहें

कहीं बाहर जाने पर हम अपनी स्किन का पूरा ध्यान नहीं रख पाते, जिस की वजह से स्किन ड्राई हो जाती है.ऐसे में मोइस्चराइजर स्किन पर नमी बनाए रखता है. इसलिए इसे अपनी किट में जरूर रखें.

ड्राई शैंपू

यात्रा किसी भी प्रकार की हो, सब से ज्यादा देखभाल बालों की करनी पड़ती है और इस के लिए सब से कम समय होता है. ऐसे में ड्राई शैंपू सब से ज्यादा काम आता है. कुछ बूंदें बालों पर स्प्रे करने से बालों में लगी धूलमिट्टी साफ हो जाती है और बाल सुंदर और चमकदार बने रहते हैं.

फेस क्लींजर

पूरा दिन घूमनेफिरने के चलते स्किन पर धूलमिटटी आ जाती है. ऐसे में उस की साफसफाई  करना बेहद जरूरी होता है. इस के लिए आप के पास क्लींजर होना चाहिए, जिसे सुबह और रात को उपयोग कर सकें ताकि स्किन सही रहे.

ऐसे में अपने लिए हलका और जैंटल क्लींजर चुनें जो त्वचा को साफ रखे और अतिरिक्त तेल को हटाए. एक फेसवाश को भी अपने साथ ले कर जाएं.

बी बी क्रीम

एक अच्छी बी बी क्रीम स्किन को नमी देने के साथ प्राइमर, स्किन ट्रीटमैंट, कंसिलर और फाउंडेशन का काम करती है. कुछ बी बी क्रीम में तो ऐंटी एजिंग गुण भी होते हैं. इसलिए साथ ले जाना न भूलें.

रोलऔन और डियोडरेंट

हिमालय जैसे न्यूनतम तापमान में जाना हो या रेगिस्तान के 50 डिग्री से अधिक के तापमान के मजे लेने हों, एक अच्छा डियोडरेंट तो आप के साथ होना ही चाहिए. छोटा खूबसूरत डियोडरेंट आप को हर समय ताजा और फ्रैश महसूस करवाने के लिए जरूरी है. साथ ही यह ट्रैवल के दौरान आने वाले पसीने की दुर्गंध से भी बचाता है.

टोनर

सफर में आप के पास एक ऐंटी बैक्टीरियल और पोर्स टाइटनिंग टोनर जरूर होना चाहिए. यह आप की त्वचा को ताजगी और स्फूर्ति देता है.

लिपबामफटे और रूखें होंठों को हाइड्रेट और सुरक्षित रखने के लिए मोइस्चराइजिंग लिपबाम आप के पास जरूर होना चाहिए.

मेकअप रिमूवर

अपनी ट्रैवल किट में मेकअप रिमूवर जरूर रखना चाहिए क्योंकि कई बार हम पूरा दिन घूमने के बाद रात को जब लौट कर आते हैं, तो इतना थक जाते हैं कि फेसवाश करने का मन नहीं करता और कई बार हम मेकअप रिमूव किए बिना ही सो जाते हैं. लेकिन अगर आप के पास मेकअप रिमूवर होगा तो आप किसी भी समय कहीं भी बिना पानी का इस्तेमाल किए मेकअप रिमूव कर पाएंगे.

अपनी किट में सिर्फ 2 ही लिपस्टिक रखें

लिपस्टिक हमारे चेहरे की खूबसूरती को कई गुना बढ़ा देती है, लेकिन ट्रेवल के दौरान 6-7 अलगअलग शेड की लिपस्टिक रखना बैग में जबरदस्ती सामान को बढ़ाने जैसा है. इसलिए आप आपनी मेकअप किट में सिर्फ 2 लिपस्टिक रखें. जिन में से एक डार्क और ब्राइट शेड हो और दूसरी न्यूड शेड की हो.

इस के अलावा 1 लिप ग्लौस रखें क्योंकि जरूरी तो नहीं कि आप पूरे समय लिपस्टिक लगा कर रखेंगे. इसलिए बाकी समय लिप ग्लौस का इस्तेमाल करें.

फेस मिस्ट

ट्रैवल के दौरान स्किन को फ्रैश और हाइड्रेटेड रखने के लिए फेस मिस्ट बहुत फायदेमंद होता है. इस के लिए गुलाबजल या एलोवेरा मिस्ट का इस्तेमाल करें. फेस मिस्ट से चेहरा थका हुआ कम दिखेगा, जिस से ट्रिप के दौरान फोटोज में आप हमेशा फ्रैश नजर आएंगे.

मिनी/ट्रैवल ब्यूटी किट

आजकल लगभग हर कौस्मेटिक ब्रैंड के ट्रैवल साइज्ड प्रोडक्ट्स बाजार में मौजूद हैं. इसलिए अगर आप ज्यादा सामान नहीं पैक करना चाहती हैं तो ट्रैवल साइज्ड या मिनी ब्यूटी प्रोडक्ट्स अपने साथ ले जा सकती हैं. इस से आप स्किन का पूरा खयाल रख पाएंगी और ये आप के बैग में ज्यादा जगह भी नहीं लेंगे.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...