Women financial security : आज की भारतीय महिलाएं पहले से कहीं ज्यादा आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से मजबूत हैं. वे नौकरी कर रही हैं, अपना बिजनैस चला रही हैं और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भी बराबर की भागीदारी निभा रही हैं. लेकिन इस के बावजूद एक ऐसा क्षेत्र है, जिस पर अभी भी पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता और वह है आर्थिक सुरक्षा.
भविष्य की वित्तीय सुरक्षा जैसी चीजों को प्राथमिकता नहीं
वरूण अग्रवाल, हेड, टर्म इंश्योरैंस, पौलिसी बाजार डौट कौम का कहना है, “अकसर देखा जाता है कि महिलाएं कमाई तो करती हैं, लेकिन हैल्थ इंश्योरैंस, टर्म इंश्योरैंस और भविष्य की वित्तीय सुरक्षा जैसी चीजों को प्राथमिकता नहीं देतीं. इस की एक बड़ी वजह यह है कि लंबे समय तक परिवारों में पैसों और इंश्योरैंस से जुड़े फैसले पुरुषों द्वारा लिए जाते रहे हैं. इसलिए महिलाओं की विशेष जरूरतों को ध्यान में रख कर वित्तीय योजना बनाने की परंपरा ज्यादा विकसित नहीं हो पाई.”
इस तरह की और वीडियो देखने के लिए गृहशोभा के चैनल को सब्सक्राइब करें
हैल्थ इंश्योरैंस कवर
आज महिलाएं एकसाथ कई भूमिकाएं निभा रही हैं. वे प्रोफैशनल हैं, बिजनैस वूमन हैं, गृहिणी हैं और परिवार की देखभाल करने वाली भी हैं. ऐसे में उन के सामने स्वास्थ्य और वित्तीय जोखिम भी अलग तरह के होते हैं. थायरायड, पीसीओएस, ब्रैस्ट कैंसर, दिल की बीमारियां और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं महिलाओं में तेजी से बढ़ रही हैं. ऐसे समय में सिर्फ फैमिली फ्लोटर हैल्थ इंश्योरैंस पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं माना जाता. विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि महिलाओं के पास अपना अलग हैल्थ इंश्योरैंस कवर भी होना चाहिए.
लाइफ और टर्म इंश्योरैंस
इसी तरह लाइफ और टर्म इंश्योरैंस भी महिलाओं के लिए उतना ही महत्त्वपूर्ण है. अब इंश्योरैंस कंपनियां गृहिणियों और कामकाजी महिलाओं दोनों के लिए विशेष योजनाएं और राइडर्स उपलब्ध करा रही हैं.
अच्छी बात यह है कि महिलाओं को अकसर पुरुषों की तुलना में कम प्रीमियम पर टर्म इंश्योरैंस का लाभ भी मिल सकता है.
मजबूत आर्थिक सुरक्षा
हालांकि सब से बड़ी चुनौती आज भी जागरूकता की है. कई महिलाएं परिवार की जरूरतों को अपनी सुरक्षा से ऊपर रखती हैं और इंश्योरैंस जैसे महत्त्वपूर्ण फैसले टाल देती हैं. लेकिन सचाई यह है कि आर्थिक स्वतंत्रता तभी पूरी मानी जाएगी, जब उस के साथ मजबूत आर्थिक सुरक्षा भी जुड़ी हो.
असली वित्तीय आजादी मतलब सही सुरक्षा
समय की मांग है कि महिलाएं सिर्फ कमाई पर ही नहीं, बल्कि अपने और अपने परिवार के भविष्य को सुरक्षित बनाने पर भी बराबर ध्यान दें क्योंकि असली वित्तीय आजादी सिर्फ पैसा कमाने से नहीं, बल्कि सही समय पर सही सुरक्षा हासिल करने से मिलती है.
