Anti-Aging Serum: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, तनाव, धूप, प्रदूषण और गलत खानपान का असर सब से पहले हमारी त्वचा पर दिखाई देता है. समय से पहले झुर्रियां, त्वचा का ढीलापन और चमक कम होना अब आम समस्या बन चुकी है. ऐसे में महिलाएं कई तरह के महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करती हैं लेकिन हर बार कैमिकल युक्त प्रोडक्ट त्वचा के लिए सही साबित हों यह जरूरी नहीं.
अगर आप अपनी त्वचा की देखभाल प्राकृतिक तरीके से करना चाहती हैं तो घर पर बना ऐंटीएजिंग सीरम एक अच्छा विकल्प हो सकता है. कुछ आसान घरेलू चीजों की मदद से ऐसा सीरम तैयार किया जा सकता है जो त्वचा को पोषण देने के साथसाथ उसे मुलायम और चमकदार बनाए रखने में भी मदद करता है.
किन चीजों की जरूरत होगी:
2 चम्मच ऐलोवेरा जैल, 1 चम्मच गुलाबजल, 1 चम्मच बादाम का तेल, 1 विटामिन ई कैप्सूल, 2 बूंद लैवेंडर औयल (वैकल्पिक).
सीरम बनाने का तरीका
एक साफ कटोरी में ऐलोवेरा जैल डालें. अब इस में गुलाबजल मिला कर अच्छे से मिक्स करें. इस के बाद बादाम का तेल और विटामिन ई कैप्सूल का औयल डालें. अगर चाहें तो हलकी खुशबू और अतिरिक्त पोषण के लिए लैवेंडर औयल की कुछ बूंदें भी मिला सकती हैं. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाने के बाद इसे एक छोटी कांच की बोतल में भर लें. इसे ठंडी जगह या फ्रिज में स्टोर करें.
इस्तेमाल कैसे करें
रात में सोने से पहले चेहरे को साफ पानी या फेसवाश से धो लें. इस के बाद सीरम की 2-3 बूंदें ले कर चेहरे और गरदन पर हलके हाथों से मसाज करें. इसे रातभर लगा रहने दें. नियमित इस्तेमाल से त्वचा में नमी और चमक बनी रह सकती है. ऐलोवेरा त्वचा को ठंडक और नमी देता है. गुलाबजल त्वचा को फ्रैश रखने में मदद करता है, जबकि बादाम का तेल त्वचा को पोषण देता है. विटामिन ई को त्वचा की देखभाल के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है क्योंकि यह त्वचा को ड्राई होने से बचाने में मदद करता है.
किसी भी नई चीज को चेहरे पर लगाने से पहले पैच टैस्ट जरूर करें. अगर त्वचा बहुत संवेदनशील है तो डाक्टर की सलाह लेना बेहतर रहेगा.
सीरम को हमेशा साफ हाथों से इस्तेमाल करें. सिर्फ बाहरी देखभाल ही नहीं बल्कि पर्याप्त पानी पीना, अच्छी नींद लेना और संतुलित आहार भी त्वचा को लंबे समय तक स्वस्थ और जवां बनाए रखने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
- ब्लौसम कोचर
सौंदर्य विशेषज्ञा
