Digital gifting : आजकल बिना कहीं जाए गिफ्ट भेजने का ट्रेंड काफी तेजी से बढ़ रहा है, जिसे डिजिटल गिफ्टिंग या ऑनलाइन गिफ्टिंग कहा जाता है. अब आपको किसी के घर जाने या मार्केट के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं, आप घर बैठे-बैठे कुछ ही मिनट्स में अपने दोस्तों या परिवार वालों को बेहतरीन गिफ्ट्स भेज सकते हैं. कहीं न जाकर घर बैठे ऑनलाइन माध्यमों से गिफ्ट भिजवाने का ट्रेंड तेजी से बढ़ने की मुख्य वजह व्यस्त जीवनशैली, तकनीक का विकास, बेहतरीन ई-कॉमर्स व क्विक-डिलीवरी ऐप्स की सुविधा, समय और ट्रैफिक की बचत और  दूर बैठे अपनों को तुरंत सरप्राइज देने की इच्छा हैं. कुछ खास वजह इस प्रकार है,

  • आजकल लोगों के पास समय की कमी है, व्यस्त दिनचर्या के कारण दुकानों पर जाकर गिफ्ट चुनना और पैक कराना कठिन हो गया है.
  • ई-कॉमर्स और इंस्टेंट डिलीवरी सेवाओं के आ जाने से कुछ ही घंटों या मिनटों में घर बैठे उपहार भेजना मुमकिन हो गया है.
  • सड़क का ट्रैफिक और भीड़भाड़ वाले बाजारों में घूमने से बचने के लिए लोग घर बैठे डिजिटल तरीका अपनाते हैं.
  • ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर हजारों डिजाइन, कस्टमाइज्ड गिफ्ट्स और डिजिटल वाउचर आसानी से मिल जाते हैं.
  • दूसरे शहरों या देशों में रह रहे परिवार और दोस्तों को त्योहारों या जन्मदिन पर सीधे उनके पते पर तोहफा पहुंचाना आसान हो गया है.

ये सही है कि जब आप किसी को गिफ्ट देने की योजना बनाते है, तो सबसे पहले यह देखना पड़ता है कि गिफ्ट स्मार्टली दिया गया हो, ताकि सामने वाले उसे अच्छी तरह से उपयोग में ला सकें, बेकार चीजें कई बार घर को कबाड़ को जन्म देती है और उसका उपयोग सालों तक नहीं होता. कुछ सुझाव निम्न है,

  • डिजिटल गिफ्ट कार्ड्स

यह आज का सबसे पसंदीदा ट्रेंड है, क्योंकि इसमें सामने वाले को अपनी पसंद का सामान खरीदने की आजादी मिलती है. इन्हें सम्हालना आसान होता है, क्योंकि ये सीधे मोबाइल या ईमेल में सुरक्षित रहते हैं और पर्यावरण के लिए भी अनुकूल होते है. इसके अलावा यदि आप किसी का जन्मदिन या ख़ास तारीख़ भूल गए हैं, तो यह तुरंत काम आने वाला सबसे अच्छा विकल्प है.

  • शॉपिंग वाउचर्स

अमेज़न, फ्लिपकार्ट या मिनतरा आदि के डिजिटल गिफ्ट कार्ड्स आसानी से मिलते है, इससे व्यक्ति अपनी पसंद का सामान या कपड़ा खुद खरीद सकता है, इससे मनपसंद चीज़ मिलने से बेकार या नापसंद उपहार मिलने की संभावना खत्म हो जाती है. इसके अलावा कई बार वाउचर्स पर कैशबैक या विशेष डिस्काउंट ऑफर्स मिल जाते हैं.

  • फूड और डाइनिंग

फूड और डाइनिंग वाउचर गिफ्ट में देना बहुत उपयोगी है क्योंकि यह प्राप्तकर्ता को अपनी पसंद का खाना खाने, किसी अच्छे रेस्टोरेंट में जाने और बिना किसी तनाव के अपने परिवार या दोस्तों के साथ एक बेहतरीन समय बिताने की पूरी आज़ादी और सुविधा देता है. स्वीगी, जोमेटो, या स्टारबक्स के ई – वाउचर्स आजकल काफी प्रचलन में है.

  • एंटरटेनमेंट वाउचर

एंटरटेनमेंट वाउचर गिफ्ट के रूप में बेहद उपयोगी होते हैं क्योंकि ये प्राप्तकर्ता को अपनी पसंद का मूवी टिकट, कॉन्सर्ट, लाइव शो या ओटीटी सब्सक्रिप्शन चुनने की पूरी आजादी देते हैं, जिससे बेकार या नापसंद गिफ्ट मिलने की संभावना खत्म हो जाती है. नेटफ्लिक्स, आमेजन प्राइम, स्पॉटिफाई आदि के सब्सक्रिप्शन कार्ड्स काफी अच्छे गिफ्ट माने जाते है.

  • इंस्टेंट डिलीवरी सर्विसेज

इंस्टेंट डिलीवरी सर्विसेज जैसे ब्लिंकिट, जेपटों, इंस्टामार्ट आदि गिफ्ट देने के मामले में एक गेम-चेंजर साबित हो रही हैं. चाहे आप कोई त्योहार मना रहे हों या किसी को सरप्राइज देना चाहते हों, तो ये सर्विसेज बहुत काम आती हैं. आजकल त्योहारों जैसे दिवाली, राखी, वैलेंटाइन डे के दौरान ये कंपनियां विशेष गिफ्ट हैंपर्स, कॉम्बो और गिफ्ट रैपिंग की सुविधा भी देती हैं. क्विक-कॉमर्स ऐप्स में ये सबसे बेस्ट हैं.  ये कुछ ही मिनटों या घंटों में गिफ्ट डिलीवर कर देते हैं. इनके जरिए आप केक, फ्लावर बुके, चॉकलेट्स, ग्रूमिंग किट्स, और छोटे इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स तुरंत भेज सकते हैं.

  • पर्सनलाइज्ड डिजिटल गिफ्ट्स

अगर आप गिफ्ट को थोड़ा इमोशनल या पर्सनल टच देना चाहते हैं, तो पर्सनलाइज्ड डिजिटल गिफ्ट्स आजकल उपहार देने का एक बहुत ही आधुनिक, अनोखा और उपयोगी तरीका बन चुका हैं. जब आप किसी डिजिटल गिफ्ट में किसी का नाम, फोटो या कोई पर्सनल मैसेज जोड़ते हैं, तो वह साधारण उपहार से कहीं ज्यादा खास बन जाता है.

फिजिकल गिफ्ट्स समय के साथ टूट सकते हैं या पुराने हो सकते हैं, लेकिन डिजिटल गिफ्ट्स, मसलन डिजिटल इलस्ट्रेशन, वीडियो या ई-बुक हमेशा के लिए सुरक्षित रहते हैं. इन्हें क्लाउड या ईमेल पर लाइफटाइम सेव रखा जा सकता है. इन गिफ्ट्स में कागज, प्लास्टिक या किसी भी तरह के पैकेजिंग मटेरियल का इस्तेमाल नहीं होता. इसलिए ये पर्यावरण को नुकसान नहीं पहुँचाते. इसके अलावा अगर आपका कोई दोस्त या रिश्तेदार दूसरे देश या शहर में रहता है, तो बिना भारी-भरकम डिलीवरी चार्ज दिए आप उन्हें व्हाट्सएप, ईमेल या सोशल मीडिया के जरिए एक कस्टमाइज्ड गिफ्ट भेज सकते हैं.

क्या न दें

हालांकि आजकल ई – कॉमर्स की सुविधा की वजह से गिफ्ट देना आसान हो गया है, लेकिन कुछ चीजें आपको गिफ्ट में देने से परहेज करना आवश्यक होता है, मसलन किसी भी प्रकार की धारदार वस्तुएँ और धार्मिक वस्तुएँ कभी भी उपहार में न दें.

इस प्रकार बिना जाएँ किसी को गिफ्ट देना एक अच्छा ट्रेंड है, जिसे आज के यूथ अधिकतर फॉलो कर रहे है, लेकिन इसमें जरूरत होती है, स्मार्ट सोच की, ताकि आने वाले त्योहारों पर अपनों को, उनके मन मुताबिक गिफ्ट देकर, प्यार, खुशी और अपनेपन की भावना को सामने वाले तक पहुँचा सकें.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...