Tips for Dark Mehndi Color : मेरी शादी पर भी मेरी मेहंदी डार्क नहीं रची थी. अब करवाचौथ है और मुझे फिर मेहंदी लगानी है. मैं चाहती हूं इस बार मेरी मेहंदी बहुत डार्क रचे. कृपया कोई ऐसे उपाय बताएं जिस से मेहंदी डार्क लग जाए?

गहरी मेहंदी रचाने के लिए हिना या मेहंदी पाउडर में नीलगिरी का तेल, चीनी, चाय की पत्ती और इमली का सार मिलाएं. इन सब को मेहंदी में मिलाने से मेहंदी का रंग अच्छा आता है. मेहंदी लगाने के पहले युकलिप्टस औयल लगाने से मेहंदी का रंग अच्छा गहरा होता है. इस के लिए नीलगिरी के तेल की 3 बूंदें लें और इस से अपने सूखे हाथों पर 5 मिनट तक मसाज करें.

इस से आप की त्वचा मेहंदी लगाने के लिए तैयार हो जाती है. नीलगिरी का तेल लगाने के बाद 15 मिनट तक इंतजार करें और उस के बाद ही मेहंदी लगाना प्रारंभ करें. मेहंदी को जल्दी सुखाने के लिए हेयर ड्रायर या पंखे के उपयोग से बचें. मेहंदी जितनी देर तक लगी रहेगी उतनी देर उस का रंग आता रहेगा. मेहंदी के रंग को गहरा बनाने के लिए मेहंदी पर नीबू और चीनी के इस मिश्रण की गाढ़ी परत लगाएं. इस से निश्चित मेहंदी ज्यादा देर तक लगी रहेगी और उस का रंग गहरा ब्राउन आएगा या फिर मेहंदी के सूखने के बाद उस पर बाम लगाएं. बाम लगाने से मेहंदी का रंग गहरा होता है.

मेरी उम्र 33 साल है. पैरों का कलर काफी डार्क है. इसे ग्लोइंग, क्लीन करने का तरीका बताएं?

चेहरे कालेपन को दूर करने के लिए कच्चे पपीते का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. कच्चे पपीते में पैपीन नाम का ऐंजाइम होता है जो कालेपन को खत्म करता है. इस के लिए पहले पैरों को ब्लीच कर लें. फिर कच्चे पपीते की एक फांक ले कर धीरेधीरे पैरों पर रगड़ें. अब इसे लगभग आधे घंटे के लिए छोड़ दें. बाद में इसे साफ पानी से धो लें.

कच्चे पपीते में विटामिन ए, सी, ई मैग्नीशियम और पोटैशियम भरपूर मात्रा में पाया जाता है. इसलिए यह स्किन के लिए बहुत अच्छा होता है. पैरों की सफाई निश्चित समय पर होती रहनी चाहिए. इस के लिए आप साफसफाई के अलावा पैडीक्योर भी करा सकती हैं. एक साफ बालटी या टब में कुनकुना पानी डालें. इस के बाद अपनी पसंद की क्रीम या साल्ट सोप हो उस पानी में डालें. आप के पैरों की स्किन रूखी है तो उस में औलिव औयल भी डाला जा सकता है. साल्ट से पैरों की स्किन नर्म हो जाती है और औलिव औयल एक मौइश्चराइजर का काम करता है.

कम से कम 10 से 15 मिनट तक पैर इस पानी में रखने के बाद बाहर निकालें. ध्यान रहे कि कहीं पैरों की उंगलियों के बीच में साबुन बचा न रह जाए. इस के बाद बौडी स्क्रबर से स्क्रब करें. स्क्रब करने के बाद ठंडे पानी से पैरों को अच्छी तरह साफ कर लें. कोल्ड क्रीम से पैरों की हलकी मालिश करें. रुई से उंगलियों के बीच फंसी क्रीम को साफ करें.

मेरी उम्र 26 साल है. अगले महीने मेरी शादी है. मेरे अंडरआर्म्स और उस के आसपास की स्किन काफी डार्क है. कृपया कोई ऐसा घरेलू उपाय बताएं, जिस से इस समस्या से छुटकारा पाया जा सके?

रेजर के नियमित इस्तेमाल से बालों की ग्रोथ हार्ड हो जाती है तथा त्वचा भी काली हो जाती है. अत: सब से पहले आप रेजर का इस्तेमाल न करें. बालों से छुटकारा पाने के लिए आप वैक्सिंग करा सकती हैं अथवा पल्सड लाइट तकनीक के द्वारा परमानैंट रिडक्शन का ट्रीटमैंट ले सकती हैं. इस की 6 से 8 सिटिंग्स में बालों की ग्रोथ काफी कम हो जाती है.

घरेलू उपायों के तौर पर आप 1 चम्मच दूध के साथ 4 केसर का पेस्ट बना कर उसे अंडरआर्म्स पर लगाने से वहां की डार्कनैस खत्म हो जाती है. आप नारियल तेल से अंडरआर्म्स की मसाज करें. इस के साथ 1 चम्मच नीबू का रस, 2 चम्मच दही में मिक्स कर के भी अंडरआर्म के डार्क हिस्से पर लगा सकती हैं. इस से अंडरआर्म्स की डार्कनैस हलकी पड़ती है और स्किन में ग्लो आता है.

मेरी उम्र 28 साल है. कुछ समय पहले मेरे फेस पर दाने हुए थे. अब दाने ठीक हो गए हैं, लेकिन उन के मार्क्स रह गए हैं. कृपया कोई घरेलू उपाय बताएं, जिस से मार्क्स से छुटकारा मिल सके?

चेहरे पर दानों के निशानों को हटाने के लिए आप पपीते के गूदे में चंदन पाउडर, हलदी, पुदीने का रस व मुलतानी मिट्टी मिला कर पैक की तरह चेहरे पर लगाएं. इस पैक को आप हफ्ते में 2 दिन लगा सकती हैं. इसे लगाने से आप के चेहरे से धीरेधीरे निशान कम हो जाएंगे. इस के अलावा आप को रात में सोने से पहले एएचए क्रीम लगाने से भी बहुत लाभ मिलेगा.

मेरी उम्र 38 साल है. मेरे पेट पर काफी सारे स्ट्रैच मार्क्स हैं. कई क्रीमें अप्लाई कर चुकी हूं, लेकिन स्ट्रैच मार्क्स रिमूव नहीं हो रहे हैं. कोई घरेलू उपाय बताएं?

कोका बटर में नारियल का तेल बराबर मात्रा में मिला कर उसे तब तक ओवन में रखें जब तक कि वह पिघल न जाए. फिर इसे अच्छी तरह से मिला कर ठंडा होने दें. ठंडे मिश्रण को छाती, हाथों, हिप्स, टमी और अन्य प्रभावित हिस्सों में लगा कर मसाज करें या आप ह्वीट जर्म औयल और आलमंड औयल को मिक्स कर के लगाएं और 5 मिनट तरजनी उंगली से हलकी मालिश करें. इस के अलावा एएचए यानी अल्फा हाइड्रौक्सी ऐसिड युक्त कोई अच्छी क्रीम भी स्ट्रैच मार्क्स को कम कर देती है. अगर आप चाहती हैं कि ये बिलकुल भी न दिखें तो इस के लिए किसी अच्छे कौस्मैटिक क्लीनिक से यंग स्किन मास्क और लेजर ट्रीटमैंट ले सकती हैं.

पाठक अपनी समस्याएं इस पते पर भेजें :

गृहशोभा, ई-8, रानी  झांसी मार्ग, नई दिल्ली-110055

कृपया अपना मोबाइल नंबर जरूर लिखें.

स्रूस्, व्हाट्सऐप मैसेज या व्हाट्सऐप औडियो से अपनी समस्या 9650966493 पर भेजें.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...