Cockroach Janata Party : आज के युवा वर्ग में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। हाल ही में शिक्षा के लिए आंदोलन को ले कर युवा वर्ग लाखों की तादाद में सड़कों पर उतर आया। न इन्हें पुलिस के डंडों का डर है और न ही सिस्टम सियासत का खौफ। हालात कुछ ऐसे हैं कि ये अपना हक पाने के लिए पुलिस के डंडे खाने को भी तैयार हैं और जेल जाने को भी.
इस का श्रेय जाता है सीधेसादे और आम इंसान दिखने वाले अभिजीत दीपके, नेहा और यूट्यूबर ध्रुव राठी जैसे आम लोगों को, जो आज के युवा वर्ग के हक के लिए लड़ने को तैयार हैं और ये अंजाम की परवाह किए बिना कई सारी यातनाएं और तकलीफ झेल कर युवा वर्ग के लिए लगातार लड़ रहे हैं।
युवाओं के रियल हीरो
साधारण से दिखने वाले ये रियल लाइफ हीरो आज के युवा वर्ग की जान बन गए हैं क्योंकि ये रियल लाइफ हीरो बिना किसी लालच के जान हथेली पर रख कर जनता की आवाज बन कर सिस्टम से लड़ रहे हैं और बच्चों के भविष्य को संभालने की भरसक कोशिश में जुटे हैं.
वहीं दूसरी ओर रील लाइफ हीरो संजय दत्त से ले कर अक्षय कुमार, अजय देवगन से ले कर रणवीर सिंह, रणबीर कपूर तक अपने फायदे को ध्यान में रख कर मौजूदा सिस्टम की जीहजूरी करने में जुटे हैं।
सरकार से डर क्यों
एक तरफ जहां मौजूदा सरकार की खुशी को ध्यान में रख कर ये सारे ऐक्टर्स पौराणिक फिल्मों में काम करने और फिल्म का प्रमोशन करने में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर संजय दत्त जिन्होंने शेखर सुमन के शो में मौजूदा सरकार के खिलाफ कुछ बातें क्या कह दीं तब से संजय दत्त सोशल मीडिया पर माफी मांगते नजर आ रहे हैं। वहीं यूट्यूबर ध्रुव राठी और अभिजीत दीपके युवाओं के हक के लिए ठोस कदम उठा रहे हैं. सिस्टम के खिलाफ जा कर युवाओं का भविष्य संभालने की भरसक कोशिश में जुटे हैं।
इसीलिए इन रियल लाइफ हीरो की एक झलक देखने और उन के समर्थन में युवाओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। अफसोस की बात तो यह है कि आज के युवा वर्ग को अंगरेजों या अन्य देशों से नहीं, बल्कि अपने ही सरकार और सिस्टम से लड़ना पड़ रहा है.
गलत प्रचार
गौरतलब तो यह भी है कि गांधी परिवार के पढ़ेलिखे राहुल गांधी को ‘पप्पू’ कहलाने के लिए और उन की छवि खराब करने के लिए लाखोंकरोड़ों रुपए खर्च किया गया, वहीं राहुल गांधी आज करोड़ों के दिलों में बस कर युवा लोगों की आवाज बन कर पूरी मेहनत और जोश के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन की लगन, मेहनत और सचाई का नतीजा है कि आज लाखों लोग उन को सुनना भी चाहते हैं और देखना भी।
बहन प्रियंका गांधी सहित जमीन पर खदेड़े जाने के बावजूद युवा वर्ग के हक के लिए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सिस्टम के गलत फैसलों के खिलाफ लड़ रहे हैं।
मौजूदा हालात में ये रियल लाइफ हीरोज अपने मकसद में कितना कामयाब होंगे, यह कहना तो मुश्किल है लेकिन एक बात तो तय है कि मौकापरस्त रील लाइफ हीरोज को पछाड़ कर साधारण से दिखने वाले रियल लाइफ हीरोज ने युवा वर्ग के दिलों में अपनी अमिट छाप तो जरूर छोड़ दी है.
