Pre Wedding Chatting : शादी की पूरी तैयारियां हो चुकी थीं. हल्दी, मेहंदी की रस्म चल रही थी. ढोलक की थाप पर महिलाएं शगुन के गीत गा रही थीं कि तभी एक फोन आया, जिसे सुन कर शादी वाले घर में सन्नाटा पसर गया.
दरअसल, वह फोन होने वाली दुलहन का था, जिस ने शादी करने से इनकार कर दिया. लेकिन ऐसा क्या हो गया कि शादी के 2 दिन पहले लड़की ने शादी करने से इनकार कर दिया, यह बात किसी को भी सम झ नहीं आ रही थी. लड़का पक्ष ने लड़की पक्ष से संपर्क किया और पता चला कि 2 दिन पहले लड़कालड़की के बीच फोन पर हुई बातचीत में कुछ विवाद हो गया, जिस के चलते लड़की ने शादी से इनकार कर दिया.
लड़के के मातापिता और रिश्तेदार ने लड़की के घर जा कर उन्हें सम झाने की बहुत कोशिश की कि शादी की सारी तैयारी हो चुकी है और फिर बदनामी तो दोनों परिवारों की होगी न. लेकिन लड़की ने शादी करने से साफ मना कर दिया और उन्हें वहां से निराश हो कर लौटना पड़ा. लड़के की मां ने बताया कि सगाई के 6 महीने बाद शादी का डेट पड़ी थी, इस बीच लड़कालड़की रोज फोन पर बात और चैटिंग करते थे. शादी के 2 दिन पहले पता नहीं उन के बीच फोन पर क्या बातें हुईं कि लड़की ने शादी करने से मना कर दिया.
एक ऐसा भी मामला आया जहां शादी से पहले लड़के ने फोन पर लड़की से ऐसी गंदी बात कर दी कि लड़की ने शादी करने से इनकार कर दिया. इतना ही नहीं, लड़की ने लड़के के खिलाफ पुलिस में एफआईआर भी दर्ज करा दी.
शादी एक ऐसा बंधन है जो 2 लोगों को ही नहीं बल्कि 2 परिवारों को भी आपस में जोड़ता है. लेकिन कई बार ऐसा होता है कि शादी का सफर शुरू होने से पहले ही रिश्ता टूट जाता है. शादी की सारी रस्मेंरिवाज निभाने के बाद आखिरी पलों में शादी टूट जाती है.
भारत में अकसर ऐसा होता है, जब रिश्ता पक्का हो जाता है तब शादी से पहले 2 लोग एकदूसरे को जाननेसम झने का प्रयास करते हैं. इस के लिए लड़कालड़की न केवल घंटोंघंटों फोन पर बातें करते हैं बल्कि चैटिंग और वीडियो कौल्स भी करने लगते हैं. ऐसे में जब कपल्स के बीच छोटेछोटे मुद्दों से ले कर जीवन के बड़े फैसलों तक पर बातें होने लगती हैं तो कुछ बातों को ले कर उन के बीच मनमुटाव पैदा होने लगता है और उन्हें लगता है कि वे एकदूसरे के साथ निभा नहीं पाएंगे और वे शादी तोड़ने का फैसला कर लेते हैं.
शादी उम्रभर का रिश्ता है. ऐसे में शादी से पहले 2 लोगों के बीच जितनी बातें साफ रहती हैं, रिश्ता उतना ही मजबूत होता है. इसलिए जीवनभर के लिए एकदूसरे के साथ बंधने से पहले चीजों को खुल कर डिस्कस कर लेना जरूरी है. वैसे भी आज के समय में शादी से पहले लड़कालड़की के बीच फोन पर बातचीत, चैटिंग या वीडियो कालिंग बहुत आम बात है. एकदूसरे के साथ जीवनभर के लिए बंधने से पहले एकदूसरे को जान लेने के लिए यह जरूरी भी है. लेकिन खासतौर पर लड़कियों को अपने होने वाले पति से बात करते समय बहुत सावधानी बरतनी चाहिए वरना रिश्ता जुड़ने से पहले ही टूटने की नौबत आ जाती है.
अरैंज्ड मैरिज में लड़कालड़की की पहली मुलाकात अकसर फोन पर ही होती है. इस दौरान कुछ बातें ऐसी होती हैं जो पार्टनर को असजह कर सकती हैं और रिश्ते को नुकसान पहुंचा सकती हैं. इसलिए शादी से पहले पार्टनर से फोन पर बात करते समय किन बातों से बचना चाहिए, आइए जानते हैं:
निजी सवाल पूछने से बचें: शुरुआती बातचीत में बेहद निजी सवाल पूछने से बचें जैसे उन के पिछले रिश्तों के बारे में, ब्रेकअप्स या व्यक्तिगत समस्याओं के बारे में पूछना. पिछले रिश्ते के बारे पूछने से इसलिए बचना चाहिए क्योंकि हो सकता उन के साथ कुछ बुरा घटा हो, कोई कड़वा अनुभव रहा हो और वे उस बारे में बात नहीं करना चाहते हों और जब आप उस बात को छेड़ने की कोशिश करें तो उन का वह कड़वा अनुभव ताजा हो उठे. इसलिए ऐसी बातें करने से बचें.
आर्थिक स्थिति या सैलरी पूछने से बचें: उन की जौब, सैलरी या पारिवारिक स्थिति के बारे में पूछना भी अशिष्टता है. शादी तय होते ही कुछ लड़कियां यह गलती कर देती हैं और पहली बार में ही वे अपने होने वाले पति से उस के बारे में सबकुछ जान लेना चाहती हैं. लेकिन इस से बचना चाहिए, क्योंकि क्या पता आप की कौन सी बात उन्हें बुरी लग जाए और उन्हें लगे कि आप के साथ जुड़ कर वे कोई गलती करने जा रहे हैं.
बहुत अधिक बात करने से बचें: केवल आप ही बोलते रहेंगे तो पार्टनर को कुछ बोलने का मौका नहीं मिलेंगे. इसलिए ज्यादा बात करने से बचें और सामने वाले को भी बोलने का मौका दें. कहा भी गया है, अच्छे वक्ता के साथ अच्छा श्रोता बनना भी जरूरी है.
धार्मिक और राजनीतिक विचारों पर चर्चा से बचें: शुरुआती बातचीत में धार्मिक और राजनीतिक जैसी बातों से बचना चाहिए क्योंकि आप को नहीं पता कि इन सब को ले कर सामने वाले क्या विचार रखते हैं. ये विषय अकसर विवाद का कारण बन सकते हैं.
अति आत्मविश्वास और नकारात्मक बातों से बचें: बहुत अधिक आत्मविश्वासी दिखने से आप घमंडी लग सकते हैं. वहीं अपने और अपने परिवार के बारे में नैगेटिव बातें करने से बचें. इस तरह की बातों से आप के पार्टनर के मन में आप को ले कर गलत धारणा बन सकती है.
क्या करें
बातचीत नौर्मल बातों से शुरू करें: सब से पहले आप उन से उन की हौबीज, किताबें, फिल्में, देशदुनिया घूमने आदि पर बातें करें. फिर अपने बारे में बताएं कि आप ने अभी कौन सी फिल्में देखीं और खाने में आप को क्या पसंद है. आप की पसंदीदा किताब कौन सी है. इस से सामने वाले आप के साथ बात करने में सहज हो सकेंगे. बातचीत में जब आरामदायक माहौल होगा तभी वे आप के साथ कंफर्ट हो पाएंगे.
भावनाओं में बह कर न बताएं अपने परिवार के बारे में कुछ ऐसीवैसी बातें: लड़कियां बहुत ही इमोशनल होती हैं. वे दिल से ज्यादा सोचती हैं. ऐसे में लड़कियां शादी से पहले अपने होने वाले पति को अपने परिवार के बारे में कुछ ऐसी बातें बता देती हैं, जिस का परिणाम उन्हें शादी के बाद तानों के रूप में सुनने को मिलता है. सब का पास्ट होता है लेकिन जरूरी नहीं कि उसे खुले मन से सब के सामने जाहिर किया जाए. अत: जल्दबाजी में अपने पार्टनर को कोई ऐसी बातें न बताएं या पूछें जो आप के फ्यूचर पर भरी पड़ जाए.
न करें कंट्रोल करने की कोशिश: खासकर लड़कियां अपने पार्टनर को कंट्रोल करने की कोशिश करती हैं. उन्हें लगता है उन का पार्टनर उन की हर बात माने. यह भी एक कारण है रिश्ता टूटने का. इसलिए अपने होने वाले पति के फैसलों में ज्यादा दखलंदाजी ने करें. हमेशा ओपन माइंड से उन्हें सुनें और बात को बस एक राय के रूप में देखें. इस से वे आप की बातों को सीरियसली लेंगे.
सुनना बहुत जरूरी है: अपने पार्टनर की बातें ध्यान से सुनें और फिर उन की बातों का जवाब दें ताकि उन्हें लगे कि आप उन की बातें सुन और सम झ रही हैं. बातचीत के दौरान पौजिटिव बिहेव और चेहरे पर मुसकान रखें.
शादी से पहले लड़कालड़की दोनों को ही ज्यादा बातें करने से बचना चाहिए क्योंकि इस से रिश्ते पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है. अतिरिक्त समय और बातचीत से गलतफहमियां और अपेक्षाएं पैदा हो सकती हैं. शादी से पहले फोन पर ज्यादा बातचीत करने से रिश्ते पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है. इसलिए इसे कम से कम करना चाहिए. भविष्य की योजनाएं और गंभीर बातें शादी की बाद ही करनी चाहिए.
रिश्तों में विलेन बनता मोबाइल फोन: शादी से पहले एक रिश्ता इसलिए टूट गया क्योंकि लड़की अपने होने वाले पति का फोन तुरंत नहीं उठाती थी.
मोबाइल फोन आज कपल्स के बीच नई दीवार है. चाहे शादी हो या लव लाइफ, इन रिश्तों पर मोबाइल फोन ग्रहण बन कर टूट रहा है. ‘साइंसडाइरैक्टडौटकौम’ में पब्लिश एक स्टडी के मुताबिक मोबाइल फोन रिश्ते बिगाड़ने से ले कर उन के टूटने की वजह बन रहा है.
नैशनल ओपिनियन रिसर्च के एक सर्वे में 60 फीसदी लोगों का कहना है कि वे अपने रिश्ते से बहुत संतुष्ट नहीं हैं और कारण है मोबाइल फोन जो पतिपत्नी के बीच दुशमन बना बैठा है.
डा. क्लिंट मैक्सवैल अपनी किताब ‘ब्रेकअप विद योर फोन ऐडिक्शन’ में मोबाइल ऐडिक्शन के खतरों से आगाह करते हुए बताते हैं कि मोबाइल फोन की लत का कारण यह है कि हमारा दिमाग डोपामाइन ऐडिक्ट हो गया है.
यही कारण है कि कोई जरूरी काम न होने पर भी हम हर थोड़ी देर में अपना फोन उठा लेते हैं और अगर हमारा फोन हमारे पास न हो तो हमें घबराहट होने लगती है. आज मोबाइल फोन के ज्यादा इस्तेमाल से रिश्तों में तनाव बढ़ रहा है. सामाजिक अलगाव, अकेलापन और बोरियत बढ़ने लगी है. लोग अपने काम पर ध्यान केंद्रित नहीं कर पा रहे हैं. डिप्रैशन और ऐंग्जाइटी के शिकार हो रहे हैं.
