Menopause Care : शाम के 7 बजे हैं. रसोई में सुनीता सब्जी काट रही है. अचानक पूरे शरीर में जैसे आग लग गई. पसीने से चेहरा तर, दिल जोर जोर से धड़कने लगा. उसने चुपके से पल्लू से पसीना पोंछा और फिर से प्याज काटने लगी.
बगल से बेटा बोला, “मम्मी, AC चला दूं क्या, तुम्हें तो बहुत पसीना आ रहा है.”
सुनीता ने हँस कर टाल दिया, “अरे नहीं, गर्मी लग रही है बस.”
सुनीता को गर्मी नहीं लग रही थी. उसे हॉट फ्लैश आ रहा था. रात भर नींद नहीं आती, दिन भर थकान, बिना बात के आँखों में आँसू और जोड़ों का दर्द. डॉक्टर के पास गई तो डॉक्टर ने कहा – “ये मेनोपॉज है.” सुनीता ने पूछा – “ये क्या होता है?” डॉक्टर ने पर्ची पर कैल्शियम लिख दिया.
46 साल की सुनीता की कहानी देश की 12 करोड़ महिलाओं की कहानी है जिनके बारे में आज तक किसी सरकारी फाइल में एक लाइन भी नहीं थी. पर अब राज्यों ने पहली बार कहा है – इन महिलाओं की भी सुनो, इन की तकलीफ समझो और वहीं से ये बड़ी खबर शुरू होती है.
देश के कई राज्यों ने पहली बार माना है कि महिलाओं का स्वास्थ्य सिर्फ पीरियड, प्रेग्नेंसी और डिलीवरी तक सीमित नहीं है. मेनोपॉज भी एक बड़ा मसला है.
1. कर्नाटक – देश में सबसे पहला कदम:
कर्नाटक सरकार महिलाओं के लिए एक व्यापक स्वास्थ्य नीति ‘ऋतु थारे’ ला रही है. इसका अर्थ है – जीवन की ऋतुओं को थामना. कर्नाटक ऐसा करने वाला देश का पहला राज्य बन जाएगा जो मेनोपॉज को अपने सार्वजनिक स्वास्थ्य तंत्र में शामिल करेगा. प्रस्तावित नीति में क्या है–
– गाँव गाँव में पेरिमेनोपॉज और मेनोपॉज पर जागरूकता अभियान.
– हर जिले में अलग मेनोपॉज स्क्रीनिंग कार्यक्रम.
– जिला स्तर पर ही स्तन कैंसर और हड्डियों की मजबूती (ऑस्टियोपोरोसिस) की जांच.
– पोषण, खान पान और जीवनशैली पर काउंसलिंग.
– पूरे राज्य में मध्यम आयु की महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य क्लीनिक.
2. तमिलनाडु – दूसरा राज्य जो तैयार है:
तमिलनाडु सरकार भी मेनोपॉज से गुजर रही महिलाओं के लिए अलग सार्वजनिक स्वास्थ्य नीति बनाने पर विचार कर रही है. इसका मकसद है कि महिलाओं की शारीरिक और मानसिक समस्याओं की समय रहते पहचान हो और उन्हें जांच, परामर्श और इलाज की सुविधा एक ही जगह मिले.
3. महाराष्ट्र – 580 क्लीनिक का सबसे बड़ा नेटवर्क:
महाराष्ट्र ने पॉलिसी का इंतजार नहीं किया बल्कि सीधा काम शुरू कर दिया. राज्य में 580 मेनोपॉज क्लीनिक खोले जा चुके हैं.
4. केरल – जिसने 2006 में ही सोच लिया था:
केरल के कोट्टायम मेडिकल कॉलेज में 2006 से ही मेनोपॉज क्लीनिक चल रहा है, जब देश में कोई इस शब्द को जानता भी नहीं था. अब सरकार ने जिला अस्पतालों में ऐसे क्लीनिक शुरू करने के लिए 3 करोड़ रुपए का अलग बजट बनाया है. केरल ने इसके लिए अलग बजट बनाया.
और ये लहर पूरे देश में है –
– झारखंड: रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान में हफ्ते में एक दिन स्पेशल क्लीनिक.
– असम: गुवाहाटी, जोरहाट और कोकराझार के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में अलग क्लीनिक.
– गुजरात: जीएमईआरएस मेडिकल कॉलेज में हफ्ते में एक दिन.
– ओडिशा और उत्तर प्रदेश: भुवनेश्वर के PGIMER एवं कैपिटल अस्पताल और लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भी सुविधा शुरू.
आंकड़ा जो आँखें खोल देगा
भारतीय महिलाओं में मेनोपॉज की औसत आयु 46.2 वर्ष है. विदेशों में 51 वर्ष. एक भारतीय महिला अपने जीवन का एक तिहाई हिस्सा यानी लगभग 30 साल मेनोपॉज के बाद जीती है. अगर हम 46 से 76 साल तक जिएंगे तो क्या हमने उन 30 सालों की कोई तैयारी की है? यही सवाल अब सरकारों ने पूछा है.
जब महिला जीवन का इतना बड़ा हिस्सा इस फेज में गुजारती है तो उसकी बीपी, शुगर, हड्डी, स्तन और मानसिक स्वास्थ्य की जांच अनिवार्य होनी चाहिए. मेनोपॉज बीमारी नहीं है पर इस समय बीमारियों का खतरा सबसे ज्यादा बढ़ता है.
हर मेडिकल कॉलेज के साथ एक मेनोपॉज क्लीनिक अटैच हो. गाइडलाइंस के अनुसार प्रोफेशनल्स को ट्रेनिंग दी जाए. सबसे जरूरी है मेनोपॉज को एमबीबीएस और नर्सिंग के सिलेबस का हिस्सा बनाया जाए. ऐसे डेडिकेटेड स्पेशलिस्ट होने चाहिए जो सिर्फ इसी पर काम करें. तभी सुनीता जैसी महिलाओं को पर्ची पर सिर्फ कैल्शियम लिख कर नहीं टाला जाएगा.
मेनोपॉज के वो 10 लक्षण जो हम “नखरा” समझ कर टाल देते हैं
कई बार पति, बच्चे और खुद हम भी सोचते हैं कि मम्मी को क्या हो गया है, हर बात पर चिड़चिड़ा क्यों जाती हैं. ये चिड़चिड़ापन नहीं, लक्षण हैं –
1. हॉट फ्लैश और रात में पसीना: अचानक शरीर में आग लगना, चेहरा लाल हो जाना.
2. नींद का टूटना: रात को 2 बजे आँख खुल जाना और फिर नींद न आना.
3. मूड स्विंग और रोना: छोटी-छोटी बात पर आंसू, घबराहट, अकेलापन लगना.
4. जोड़ों और कमर दर्द: सुबह उठते ही एड़ियों और घुटनों में दर्द.
5. थकान और भूलना: अभी चाबी रखी और भूल गई, बात करते-करते शब्द भूल जाना.
6. वजन बढ़ना: खासकर पेट के आसपास, चाहे खाना कम ही क्यों न खाया हो.
7. दिल की धड़कन बढ़ना: बिना भागे-दौड़े दिल का तेज धड़कना.
8. यूरिन इन्फेक्शन: बार-बार पेशाब आना या जलन.
9. बालों का झड़ना और स्किन रूखी होना.
10. पीरियड का कभी 15 दिन में आना, कभी 3 महीने तक गायब हो जाना – इसे पेरिमेनोपॉज कहते हैं.
ये 3 भ्रम तो आज ही तोड़ दीजिए
भ्रम 1: मेनोपॉज के बाद औरत की जिंदगी खत्म.
सच यह है कि ये दूसरी पारी की शुरुआत है. इस समय बच्चे बड़े हो चुके हैं. आप अपने लिए जी सकती हैं.
भ्रम 2: ये सब झेलना ही पड़ेगा. इसका कोई इलाज नहीं.
सच: सही खान-पान, व्यायाम और समय पर जांच से 80% तकलीफें कम हो सकती हैं.
भ्रम 3: हार्मोन की दवा लेने से कैंसर होता है.
सच: हर किसी को हार्मोन थेरेपी की जरूरत नहीं. डॉक्टर आपकी जांच के बाद ही फैसला करता है. खुद से कोई दवा मत लीजिए.
इस उम्र में खुद को कैसे संभालें
A. खाने की थाली बदलिए –
– रोज – दूध, दही, पनीर, रागी, तिल, चौलाई का साग – कैल्शियम के लिए.
– हफ्ते में 3 बार – सोयाबीन, अलसी के भुने बीज – इसमें प्राकृतिक एस्ट्रोजन होता है.
– धूप – रोज 20 मिनट सुबह की धूप – विटामिन D के लिए.
– नमक और चीनी कम – बीपी और शुगर इसी उम्र में बढ़ता है.
B. शरीर को चलाइए –
– हफ्ते में 150 मिनट तेज चलना यानी रोज 30 मिनट वाक जरूरी है. इससे हॉट फ्लैश 40% तक कम होते हैं.
– हफ्ते में 2 दिन वजन वाली एक्सरसाइज – जैसे पानी की बोतल से हाथों की एक्सरसाइज ताकि हड्डी मजबूत रहे.
C. जांच की लिस्ट (45 साल के बाद) –
हर साल ये 7 जांच जरूर करवाएं —
1. BP और शुगर
2. लिपिड प्रोफाइल (कोलेस्ट्रॉल)
3. थायराइड
4. विटामिन D और B12
5. BMD टेस्ट – हड्डी की मजबूती
6. मैमोग्राफी और पेप स्मीयर
7. आँख और दांतों की जांच
अगर आपकी माँ/पत्नी इस दौर से गुजर रही है तो –
– उसे “तुम तो हर वक्त चिड़चिड़ी रहती हो” मत कहिए. कहिए , “क्या मैं कुछ मदद कर दूं?”
– रात में AC का टेम्परेचर थोड़ा कम रखिए, उसे हॉट फ्लैश में राहत मिलेगी.
– उसकी बात सुनिए. कई बार उसे सिर्फ सुनने वाला चाहिए, सलाह नहीं.
कर्नाटक ने अपनी पॉलिसी का नाम ‘ऋतु थारे’ रखा है. कितना सुंदर नाम है. ऋतु कभी खत्म नहीं होती, बदलती है. सावन जाता है तो पतझड़ आता है और पतझड़ के बाद फिर बसंत. औरतें भी वही हैं. मेनोपॉज अंत नहीं है. ये एक नई ऋतु है. जिसमें अनुभव ज्यादा है और जिम्मेदारियां कम हैं. सरकार ने पहली बार इस ऋतु के लिए बजट बनाया है, क्लीनिक खोले हैं. अब आपकी बारी है कि इस पर बात करें. शर्माएं नहीं.
