मैं 32 वर्षीय शिक्षिका हूं. मुझे लिवर में सूजन की परेशानी है. मैं जानना चाहती हूं लिवर को स्वस्थ रखने के लिए कौन से घरेलू उपाय किए जा सकते हैं?
अपना भार औसत रखें विशेषकर शरीर के मध्य भाग में चरबी न बढ़ने दें. इस के लिए पोषक भोजन का सेवन करें जिस में फाइबर, विटामिन, ऐंटीऔक्सीडैंट और मिनरल की मात्रा अधिक और वसा की मात्रा कम हो. नियमित रूप से ब्लड टैस्ट कराते रहें ताकि आप अपने रक्त में वसा, कोलैस्ट्रौल और ग्लूटकोज के स्तर पर नजर रख सकें. नमक, चाय और कौफी का सेवन कम करें.
दिन में कम से कम 8 गिलास पानी पीएं. तनाव को नियंत्रित रखें क्योंकि इस से पाचन प्रक्रिया प्रभावित होती है, जिस का सीधा असर लिवर की कार्यप्रणाली पर पड़ता है. सप्ताह में कम से कम 150 मिनट ऐक्सरसाइज करें. अगर धूम्रपान या शराब का सेवन करती हैं तो इसे तुरंत बंद कर दें.
मैं पेशे से वकील 57 वर्षीय महिला हूं. डायग्नोसिस में मेरे लिवर में 2 मिलिमीटर का ट्यूमर होने का पता चला है. क्या सर्जरी से इस का पूरी तरह उपचार संभव है?
बहुत कम मामलों में ही लिवर कैंसर का पता शुरूआती चरण में चल पाता है और इस स्तर पर सर्जरी के द्वारा इस का लगभग सफल उपचार संभव है. सर्जरी के द्वारा ट्यूमर और लिवर के कुछ स्वस्थ उतकों को निकाल दिया जाता है जो ट्युमर के आसपास होते हैं. मिनिमली इनवेसिव लैप्रोस्कोपिक या रोबोटिक सर्जरी ने सर्जरी को काफी आसान बना दिया है. यह एक अत्याधुनिक विकसित तकनीक है जिस में सर्जरी करने में कंप्यूटर और रोबोट की मदद ली जाती है. कंप्यूटर द्वारा नियंत्रित इस सर्जरी में सर्जन रोबोट को नियंत्रित करने के लिए कंप्यूटर का इस्तेमाल करते हैं. इस में पारंपरिक सर्जरी की तरह बड़े कट नहीं लगाए जाते हैं, जिस से जटिलताएं कम होती हैं और मरीज को ठीक होने में कम समय लगता है अस्पताल में ज्यादा रुकने की जरूरत भी नहीं होती है.
मेरे पति को लिवर सिरोसिस है. यह स्वास्थ्य समस्या क्यों होती है और इस के उपचार के कौनकौन से विकल्प उपलब्ध हैं?
लिवर सिरोसिस यानी लिवर का स्थाई रूप से क्षतिग्रस्त हो जाना. सिरोसिस में लिवर की स्वस्थ्य कोशिकाएं इतनी क्षतिग्रस्त हो जाती हैं कि लिवर अपने निर्धारित कार्य नहीं कर पाता है. सामान्यतौर पर जब पुरानी कोशिकाएं क्षतिग्रस्त हो जाती हैं तब लिवर नई कोशिकाओं का पुन:निर्माण कर के स्वयं इस क्षति की भरपाई कर लेता है, लेकिन सिरोसिस में लिवर की कोशिकाएं इतनी तेजी से और इतनी अधिक मात्रा में क्षतिग्रस्त होती हैं कि इन का पुनर्निर्माण करना लिवर के लिए संभव नहीं होता. इसे ही सिरोसिस कहते हैं. शराब का अत्यधिक मात्रा में सेवन लिवर सिरोसिस का सब से प्रमुख कारण है. इस के अलावा फैटी लिवर की समस्या और हेपेटाइटिस भी इस का कारण बन सकते हैं. लिवर सिरोसिस का उपचार इसपर निर्भर करता है कि इसका कारण क्या है और लिवर को कितनी क्षति पहुंच चुकी है.
मैं 46 वर्षीय घरेलू महिला हूं. मेरे भाई को लिवर ट्रांसप्लांट की जरूरत है. मैं उसे अपना लिवर दान करना चाहती हूं. ऐसा करने से मेरे स्वास्थ्य और जीवन पर तो कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा?
लिवर ट्रांसप्लांट के लिए जीवितदाता से लिवर का केवल एक भाग ही लिया जाता है पूरा लिवर नहीं. किसी भी इंसान को जीवित रहने के लिए 25% लिवर ही काफी है. हम 75% प्रतिशत लिवर निकाल सकते हैं. लिवर का जितना भाग निकाला जाता है वह छह सप्ताह में फिर से विकसित हो कर सामान्य आकार ले लेता है. लिवर दान करने के लिए दाता का शारीरिक और मानसिक रूप से फिट होना बहुत जरूरी है. दाता से लिवर लेने के पहले सारे टैस्ट किए जाते हैं कि लिवर लेने के बाद वह फिर से विकसित होगा या नहीं. सारे टैस्ट पौजिटिव आने के बाद ही दाता से लिवर लिया जाता है.
मेरे पति की उम्र 56 वर्ष है. उन का लिवर फेल्योर हो चुका है. मैं जानना चाहती हूं कि लिवर फेल्योर क्या है और इस के लिए कौनकौन से उपचार उपलब्ध हैं?
लिवर फेल्योर तब होता है जब लिवर का एक बड़ा भाग क्षतिग्रस्त हो जाता है और उसे किसी उपचार से ठीक नहीं किया जा सकता है. लिवर फेल्योर, जीवन के लिए एक घातक स्थिति है, जिस के लिए तुरंत उपचार की जरूरत होती है. शुरूआती चरण में लिवर फेल्योर का उपचार दवाईयों से किया जाता है इस के उपचार का प्रारंभिक उद्देश्य यह होता है कि लिवर के उस हिस्से को बचा लिया जाए जो अभी भी कार्य कर रहा है. अगर यह संभव नहीं है तब लिवर प्रत्यारोपण जरूरी हो जाता है.
मेरे पति का लिवर फेल हो चुका है. डाक्टर ने लिवर ट्रांसप्लांट कराने के लिए कहा है, लेकिन मैं ने सुना है लिवर ट्रांसप्लांट की सफलता दर बहुत कम है?
हमारे देश में लिवर ट्रांसप्लांट की सफलता दर अत्यधिक विकसित देशों के समान ही है. लिवर ट्रांसप्लांट के 90-95% मामलों में मरीज ट्रांसप्लांट के बाद स्वस्थ्य और सामान्य जीवन जी सकते हैं और कुल लिवर ट्रांसप्लांट के मामलों में से 70-80% में लोग 5 साल या उससे अधिक जीते हैं.
लिवर ट्रांसप्लांट के बाद हम देखते हैं कि लिवर फेल्योर से मृत्यु के मामले लगभग न के बराबर होते हैं. मृत्यु का कारण बुढ़ापा, हृदय रोग या अन्य स्वास्थ्य समस्याएं होती हैं.
पाठक अपनी समस्याएं इस पते पर भेजें :
गृहशोभा, ई-8, रानी झांसी मार्ग, नई दिल्ली-110055
कृपया अपना मोबाइल नंबर जरूर लिखें.
स्रूस्, व्हाट्सऐप मैसेज या व्हाट्सऐप औडियो से अपनी समस्या 9650966493 पर भेजें.
