Husband Wife Relationship : शादी के 10 साल बाद भी अगर पति कहे कहे कि तुम्हारे बिना मेरा एक दिन भी नहीं चलता तो ये लाइन सुनकर किसी भी पत्नी का सीना गर्व से चौड़ा हो जाएगा। पर सवाल है कि ये निर्भरता आएगी कैसे? पुराने जमाने में कहा जाता था कि पति के दिल का रास्ता पेट से होकर जाता है। आज के जमाने में रास्ता बदल गया है। आज पति के दिल और दिमाग का रास्ता लैपटॉप से होकर जाता है।
प्यार अब सिर्फ बेड पर नहीं पनपता। प्यार पनपता है उस वक्त जब पति ऑफिस की टेंशन लेकर घर आए और पत्नी कहे – “टेंशन मत लो, मैंने उस क्लाइंट को मेल कर दिया है”। प्यार पनपता है जब पति कहे “आज रिपोर्ट सबमिट करनी है” और पत्नी बोले “रुको, मैंने 4 गलतियां निकाल कर ठीक कर दी हैं”।
एक सफल मैरिज का मतलब अब सिर्फ सुंदर दिखना और खाना बनाना नहीं है। इसका मतलब है – सहयोगी बनना, पार्टनर बनना और टीममेट बनना।
पति को खुद पर निर्भर बनाने का मतलब उसे कमजोर करना नहीं है। इसका मतलब है उसे इतना मजबूत सपोर्ट देना कि उसे लगे अगर पत्नी आसपास नहीं है तो वह अधूरा है. बैंक का काम हो, कॉरपोरेशन का काम हो या दोस्तों की महफिल हो, हर जगह उस की नजर आप को ढूंढे और उसकी पहली कॉल आप को जाए।
सजावटी पीस नहीं बल्कि सहयोगी बनें
सबसे बड़ी गलती जो औरतें करती हैं वो है खुद को “घर की शोभा” समझना। यह एक गलत सोच है. पत्नी की ड्यूटी केवल सुंदर दिखना, घर संभालना और बच्चों को देखना नहीं है. न ही बाहर के सारे काम निपटाने केवल पति की जिम्मेदारी है. आप दोनों मिल कर सारे काम करें। बाहर का काम हो या घर का, ये किसी एक की जिम्मेदारी नहीं हो सकती। पत्नी का काम अगर घर को मैनेज करना है तो न सिर्फ घर बल्कि रिश्ते भी और पति की ग्रोथ भी पत्नी की ही जिम्मेदारी है।
1. डेकोरेटिव पीस मत बनिए
शादी के शुरुआती 2-3 साल तक पति आपको पार्टियों में ले जाते हैं. आप चमकती हैं, सब तारीफ करते हैं। पर 5 साल बाद वो बोर हो जाता है। क्योंकि आपसे बात करने को सिर्फ “साड़ी अच्छी है” या “खाना टेस्टी है” के अलावा कुछ नहीं है। इसलिए खुद को हर फील्ड में आगे बढ़ाइए। घर के साथ बाहर की दुनिया की भी खबरें रखिए। हर तरह की नॉलेज रखिए। पति जब अपने दोस्तों और सहकर्मियों से मिलाता है तो आप उनके साथ बैठ कर बिजनेस, मार्केट, पॉलिटिक्स पर बात कीजिए। महिलाओं के अलग ग्रुप में जाकर “किसके घर क्या बना” पर चर्चा मत कीजिए। जब पति के दोस्त कहें “भाभी आपसे बात करके बहुत कुछ सीखने को मिला” तो समझिए आपने पहली सीढ़ी चढ़ ली। जब पति दोस्तों को घर लाए तो किचन में मत घुस जाइए। 10 मिनट बाहर बैठिए। उन के काम, उनके गोल्स पर बात कीजिए। सलाह दीजिए कि अरे भैया, आप ये प्रोजेक्ट ऐसे कर सकते हो । 3-4 बार के बाद दोस्त खुद हर बात में कहेंगे “भाभी से पूछ लेते हैं वो बता देंगी”।
2. “मैं तो हाउसवाइफ हूँ” ये डायलॉग बंद करें
आप केवल हाउसवाइफ नहीं हैं। आप होम मिनिस्टर हैं। एक कंपनी चलती है 10 डिपार्टमेंट से। घर भी एक कंपनी है। आप घर का बजट सम्भालिए। घर के मैनेजमेंट की जिम्मेदारी भी अपने ऊपर रखिए। एच आर और पी आर का काम भी कीजिए। जब आप खुद को इम्पोर्टेन्ट समझेंगी तभी पति भी समझेंगे।
3. सहयोगी का मतलब नौकर नहीं
आप हर काम मेंपति की सहयोगी बनने का प्रयास करें। आगे बढ़कर मदद करें मगर इस का मतलब ये नहीं कि आप उसकी फाइलें उठाएं। इसका मतलब है उसकी प्रॉब्लम को अपनी प्रॉब्लम समझना। वो परेशान होकर आए तो पूछिए क्या हुआ और फिर समाधान भी दीजिए। धीरे धीरे उन्हें आदत हो जाएगी कि हर प्रॉब्लम का सॉल्यूशन आपसे शुरू होता है।
4 .लैपटॉप सीखिए
“प्यार बेड पर नहीं लैपटॉप पर होता है” – ये लाइन आज के रिश्ते का सच है। इसलिए आप को टेक्नोलॉजी से दोस्ती करनी होगी। बेड टॉप नहीं लैपटॉप सीखिए. पुरुषों को लगता है कि औरतों को टेक नहीं आती। ये सोच तोड़िए।
एक्सेल सीखें और बजट, ईएमआई, इन्वेस्टमेंट आदि के शीट आप बनाएं। ताकि मनी मैटर्स के लिए पति आप पर निर्भर हो जाएं। प्रेजेंटेशन सीखें और पति की रिपोर्ट में गलतियां निकाल कर दें। वो चौंक जाएंगे।
बैंकिंग ,कारपोरेशन के काम सीखें और टैक्स फाइलिंग, कंपनी रजिस्ट्रेशन, लोन की प्रक्रिया समझें ताकि आप ये सब भी कर सकें।
जब वो कहे “बैंक जाना है” और आप कहें “मैंने ऑनलाइन कर दिया”, तो वो 10 लोगों को बताएंगे “मेरी बीवी कमाल है”।
5 नेटवर्किंग में मदद करें
अगर आप जॉब करती हैं तो अपने कॉन्टेक्ट्स और जानकारियों को पति से शेयर करें ताकि उन्हें फायदा पहुंच सके. “मेरी कंपनी में एक कांटेक्ट है उससे तुम्हारी कंपनी को फायदा होगा” – ये एक लाइन पति के लिए सोने से ज्यादा कीमती है। उन्हें महसूस होगा कि आप सिर्फ अपना नहीं बल्कि उन के ग्रोथ के लिए भी सोचती हैं. अपना LinkedIn प्रोफाइल बनाएं और पति की इंडस्ट्री के लोगों से जुड़ें। जब आप उन के करियर में सीधे मदद करेंगी तो वो प्रोफेशनली भी आप पर निर्भर हो जाएंगे।
6. प्रॉब्लम सॉल्वर बनें
पति रिपोर्ट बनाए तो आप भी पढ़ें। सजेशन भी दें, “इसमें ये डेटा गलत है और ये ग्राफ और अच्छा हो सकता है”।
वो कभी परेशान होकर ऑफिस से आए तो कारण पूछकर 2 -3 ऑप्शन दें- “या तो बॉस से ऐसे बात करो या फिर ये प्रपोजल भेज दो”।
आदमी उस औरत को कभी नहीं छोड़ता जो उसकी दिमागी उलझन सुलझा दे। रिश्ता प्यार से चलता है अहसान से नहीं। जब आप उसकी मदद करें तो ये सोचकर न करें कि “अब वो मेरे एहसान तले दबेगा”। इस सोच से करें कि “ये मेरी टीम है और टीम जीतनी चाहिए”।
7 .व्यावहारिक मदद के साथ इमोशनल जुड़ाव जरूरी है
याद रखें आप के पति दुनिया में 12 घंटे लड़ते हैं। घर आकर उसे सुकून चाहिए सवाल नहीं। वो गुस्से में हो तो चिल्लाएं नहीं। उन्हें शांत होने दें और पहले पानी पिलाएं फिर कारण पूछें। जब उसे लगेगा कि टूटने पर सिर्फ आप ही जोड़ेंगी तो वो आप पर इमोशनली निर्भर हो जाएगा। उस की छोटी छोटी तारीफ करें- “आज तुमने मीटिंग बहुत अच्छे से हैंडल की”, “तुम्हारे जैसे डिसीजन कोई नहीं ले सकता” वगैरह ताकि उसका आत्मविश्वास बढ़े. उसके साथ क्रिकेट देखें, उसकी पसंद का खाना खाएं। रात को एक घंटे सिर्फ बातें करें बिना मोबाइल के। ऐसे में जब उसे हंसना होगा, रोना होगा या बस चुप बैठना होगा तो वो आपको ही चुनेगा।
इस तरह आप उन्हें न सिर्फ खुद पर निर्भर बनाती हैं बल्कि उसे अपना भी बना लेती हैं.
