Bridal Lehenga : “मैनु लहंगा ले दे महंगा जां मर्ज़ानेया,ऐने पैसे दस्स तू कीथे लेके जानेआ…” इसका मतलब है कि मुझे कोई महंगा सा लहंगा दिला दे! इतने सारे पैसे बता तू कहां लेकर जाएगा?” यह लाइन ससुराल वालों के ‘बजट बचाओ’ अभियान और दुल्हन की ‘महंगे लहंगे’ की डिमांड के बीच की रस्साकशी को दिखाने के लिए सबसे सटीक है.

“लहंगा मेरा लहंगा, जरा संभाल के…””चली जहिया से लहंगा पहिन के, गली-मोहल्ला में शोर भइल बा…”

यह गाना बताता है कि लहंगे के चक्कर में पूरे मोहल्ले और दोनों परिवारों में कैसा शोर और हंगामा मच जाता है. परदे पर ये गाने जितने रंगीन और मस्तमौला लगते हैं, असल जिंदगी की शादी में यही लहंगा उतना ही भारी और संवेदनशील मुद्दा बन जाता है…” आइये जाने कैसे-

दरअसल, जब शादी की शॉपिंग शुरू होती है, तब यह शॉपिंग सिर्फ शॉपिंग नहीं रह जाती, बल्कि इसके साथ हर किसी की अपनी ईगो जुड़ जाती है. सास को लगता है कि ‘हमारी खानदानी परंपरा का ध्यान नहीं रखा जा रहा’, ननद को लगता है कि ‘मेरी फैशन सेंस को इग्नोर किया जा रहा है’, और दुल्हन सोचती है कि ‘यह मेरी जिंदगी का सबसे खास दिन है, तो मेरी पसंद की धज्जियां क्यों उड़ाई जा रही हैं?’

इस तरह शादियों के सीजन में “लहंगा” सिर्फ एक परिधान नहीं, बल्कि कई बार घर-परिवार के बीच “ईगो क्लैश” और तनाव का सबसे बड़ा अखाड़ा बन जाता है! इस एक जोड़े के चक्कर में रिश्ते टूटने तक की नौबत आ जाती है, या फिर उम्रभर ताने सुनने का सिलसिला शुरू हो जाता है.

और सबसे ज्यादा बेचारी स्थिति तो उस पति की होती है, जो ‘सैंडविच जनरेशन’ की तरह दोनों तरफ से पिसता है. एक तरफ मां और बहन का पुराना पारंपरिक नजरिया और बजट का गणित होता है, तो दूसरी तरफ मॉडर्न बहू की अपनी पसंद, सपने और अरमान होते हैं. यह सिचुएशन लगभग हर शादी वाले घर में होती है. इसलिए आइये जाने इस सिचुएशन को कैसे डील करें?

लहंगे हो 2

ससुराल की तरफ से एक पारंपरिक लहंगा (लाल, मैरून या पिंक) जो सास-ननद की पसंद और रीति-रिवाजों के हिसाब से हो, वो पूजा या फेरों के मुख्य वक्त पहना जाए.  खुद की पसंद का लहंगा रिसेप्शन या संगीत के लिए होना चाहिए. दुल्हन अपनी पसंद का मॉडर्न या पेस्टल शेड (गोल्डन, लैवेंडर, मिंट ग्रीन आदि) अपनी पसंद से खुद चुन ले. इससे दोनों पक्षों की इच्छाएं पूरी हो जाती हैं और कोई किसी को दोष नहीं दे पाता कि “मेरी मर्जी नहीं चली.”

बजट और चॉइस को फिक्स कैसे करें

कई बार विवाद इसलिए होता है क्योंकि ससुराल वाले कम बजट में कुछ थोपना चाहते हैं या दुल्हन बहुत महंगा ब्रांडेड लहंगा मांग लेती है. इसका सबसे अच्छा तरीका यह है कि ससुराल पक्ष एक तयशुदा बजट (जैसे- इतने हजार तक का) दुल्हन को बता दे और कहे कि “बजट ये है, पसंद तुम्हारी.”इससे ससुराल वालों का आर्थिक नियंत्रण भी सुरक्षित रहता है और दुल्हन को अपनी पसंद का डिजाइन चुनने की आजादी भी मिल जाती है.

दूल्हा और दुल्हन पहले ही शार्ट लिस्ट कर लें अपनी ड्रेस

अक्सर गलती यह होती है कि लहंगा खरीदने पूरी फौज (सास, ननद, ताइयां, बुआएं) चली जाती है, जहां हर कोई अपनी-अपनी राय थोपने लगता है. बेहतर तरीका तो यह है कि दूल्हा और दुल्हन खुद अकेले या सिर्फ अपने खास दोस्तों के साथ जाकर पहले कुछ शॉर्टलिस्ट कर लें. जब एक-दो विकल्प पसंद आ जाएं, तब बड़ों को फाइनल अप्रूवल के लिए ले जाएं. इससे बड़ों को भी सम्मान मिल जाता है और लड़की पर जबरदस्ती का दबाव भी नहीं बनता.

शॉपिंग की तारीख तय होने से पहले दूल्हा-दुल्हन खुद जाकर 2-3 अच्छी दुकानें देख आएं. वहां अपनी पसंद के 3-4 बेस्ट लहंगे (जो ससुराल के बजट में भी बैठते हों) शॉर्टलिस्ट करके, उनकी फोटो या वीडियो सेव कर लें.

इससे फायदा यह होगा कि जब बाद में परिवार साथ जाएगा, तो उनके सामने 50 लहंगे खोलने के बजाय सिर्फ वही 3-4 विकल्प रखे जाएंगे जो पहले से ही अप्रूव्ड हैं. इससे कन्फ्यूजन और बहस का दायरा 90% कम हो जाता है.

पति कैसे माहौल को सेट करें-

पति को इस मामले में थोड़ा कूटनीतिक होना पड़ेगा. उसे मां और बहन के सामने यह प्रोजेक्ट करना चाहिए कि “लड़की की पसंद आज की जनरेशन के हिसाब से थोड़ी अलग है, अगर हम उसे थोड़ा स्पेस देंगे, तो वो हमारे परिवार को अपना और ज्यादा मानेगी.” वहीं, पत्नी के सामने यह विश्वास दिलाना जरूरी है कि “मां और बहन के मन में कोई दुर्भावना नहीं है, बस उनका नजरिया थोड़ा पुराना है.”

सास बहु को लहंगा दिलाते समय किन बातों का धयान रखें-

कई बार सासें सोचती हैं कि लहंगा जितना भारी, महंगा और जरी-गोटे वाला होगा, खानदान की शान उतनी ही बढ़ेगी. यह जरूर सोचें कि उस 15-20 किलो के लहंगे को उस लड़की को कई घंटों तक पहनकर घूमना है, रस्में निभानी हैं. ऐसा लहंगा दिलाएं जो देखने में भारी और रॉयल लगे, लेकिन पहनने में हल्का और आरामदायक हो, ताकि वह शादी वाले दिन थकान से परेशान न दिखे.

अगर सास, ननद और होने वाली बहू शॉपिंग पर जा रही हैं, तो माहौल दोस्ताना होना चाहिए, पुलिस इंक्वायरी जैसा नहीं. बहू को सहज महसूस कराएं. उससे कहें, “यह तुम्हारी शादी का दिन है, तुम्हें जिस रूप में सबसे ज्यादा खुशी और कॉन्फिडेंस मिले, वही चुनो.” जब बहू को यह महसूस होगा कि ससुराल वाले उसकी खुशी की परवाह करते हैं, तो वह स्वतः ही परिवार की परंपराओं और बड़ों की इज्जत का ख्याल रखेगी.

अक्सर सास या बड़े यह सोचते हैं कि “हमारे जमाने में ऐसा होता था, इसलिए यही सबसे बेस्ट है.” समझदारी: जमाना बदल चुका है. आज की लड़कियों की अपनी चॉइस, स्टाइल और बॉडी इमेज को लेकर अपनी पसंद होती है. उन्हें सिर्फ ‘पारंपरिक’ दिखने का दबाव न डालें. अगर उन्हें पेस्टल शेड्स, मॉडर्न कट्स या हल्का लहंगा पसंद है, तो उनका स्वागत करें.

बहु ससुलवालों के साथ शॉपिंग करते समय किन बातों का धयान रखें-

यदि सास या ननद कोई ऐसा लहंगा दिखाएं जो आपको बिल्कुल पसंद न आ रहा हो, तो तुरंत नाक-भौं सिकुड़ने या कड़वा बोलने से बचें. सम्मानजनक तरीका: प्यार से मुस्कुराते हुए कहें “मम्मी जी, यह डिज़ाइन बहुत प्यारा है, लेकिन मुझे लग रहा है कि इस रंग या स्टाइल में मैं शायद उतनी सहज महसूस न करूं. क्या हम ऐसा ही मिलता-जुलता दूसरा शेड देख सकते हैं?” जब आप नरमी से बात रखेंगी, तो बड़े भी आपकी बात समझने की कोशिश करेंगे.

यह बात तो तय है कि “लहंगे का रंग लाल हो या गोल्डन, अगर रिश्तों में खटास आ जाए, तो जिंदगी का रंग ही फीका पड़ जाता है.” समझदारी इसी में है कि कपड़े के एक टुकड़े के लिए जीवनभर की गांठों को कमजोर न होने दिया जाए.

अगर ससुराल वालों ने पहले से कोई बजट तय किया है, तो उसी दायरे के अंदर अपने लिए सबसे बेहतरीन और खूबसूरत पीस तलाशें. अगर आपको लगता है कि आप अपनी पसंद का थोड़ा महंगा लहंगा चाहती हैं, तो प्यार से बात कर सकती हैं कि बाकी का अंतर आप खुद मैनेज कर लेंगी.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...