Thrift Shopping : बदलतेदिन के साथ रोज एक नया फैशन स्टेटमैंट देखने को मिल रहा है. कभी वाइड लैग जींस, निओन कलर, जालीदार कपड़े तो कभी रफ्ल्ड कपड़े. लोग किसी भी फैशन को फौलो करने से चूकते नहीं और भला कौन नहीं चाहता कि वह भी समय के साथ अपग्रेड ला रहे वह भी तब जब फैशन करना सस्ता भी हो.
आजकल आप ने थ्रिफ्ट मार्केट या थ्रिफ्ट शौपिंग का नाम तो जरूर सुना होगा. इंस्टाग्राम पर सैकड़ों पेज हैं जो सैकंड हैंड या ऐक्पोर्ट रिजैक्ट कपड़े बेच रहे हैं. कोई कहता है यह सस्टेनेबल फैशन है तो कोई इसे बजटफ्रैंडली शौपिंग बताता है. लेकिन क्या भारत में थ्रिफ्ट मार्केट में वाकई सस्ती चीजें मिलती हैं और लोग इसे इतना क्यों बढ़ावा दे रहे हैं?
थ्रिफ्ट मार्केट या थ्रिफ्ट शौपिंग का मतलब है पहले से इस्तेमाल किए गए कपड़े, जूते, ऐक्सैसरीज या फैशन आइटम्स को दोबारा बेचना. ये कपड़े अच्छे ब्रैंड्स के भी हो सकते हैं जो किसी ने 1-2 बार पहन कर छोड़ दिए हों या फिर ओवरस्टाक यानी बची हुई नई चीजें जो स्टोर्स में नहीं बिकी भी हो सकती हैं.
भारत में अब यह चलन खासकर इंस्टाग्राम और औफलाइन मार्केर्ट्स के जरीए काफी बढ़ा है. मुंबई, दिल्ली, बैंगलुरु, पुणे जैसे शहरों में अब हर महीने कहीं न कहीं थ्रिफ्ट फेयर या सस्टेनेबल मार्केट लगती हैं.
इस की सब से फेमस मार्केट दिल्ली की सरोजिनी नगर मार्केट है, जहां ब्रैंड्स के सस्ते कपड़ों से ले कर तरहतरह की ऐक्सैसरीज मिलती हैं. यहां 50 रुपए से कपड़े मिलना शुरू हो जाते हैं. दिल्ली ही नहीं अलगअलग शहरों के लोग भी यहां शौपिंग करने आते हैं. इस का एक कारण तो यह है कि यहां फैशन स्टेटमैंट सब से पहले आता है और केवल 500 रुपए में आप झोला भर शौपिंग कर सकते हैं. यहां नए, पहने हुए, ऐक्सपोर्ट रिजैक्ट कपड़े खरीदने को मिलते हैं. थ्रिफ्ट मार्केट में सस्ते और महंगे दोनों तरह के औप्शन मौजूद होते हैं.
लोग इसे क्यों बढ़ावा दे रहे हैं?
सस्टेनेबल फैशन: फैक्टरी में हर कपड़े को बनाने में पानी, कैमिकल और ऐनर्जी लगती है. थ्रिफ्टिंग से नए कपड़ों की डिमांड थोड़ी घटती है, जिस से पर्यावरण पर दबाव कम होता है.
यूनीक फैशन स्टाइल: थ्रिफ्ट मार्केट में ऐसी चीजें मिल जाती हैं जो अब बाजार में नहीं मिलती. इस से लोग अपना यूनीक स्टाइल दिखा पाते हैं.
ब्रैंडेड चीजें सस्ते में: बहुत से युवाओं को जारा या नाइकी जैसे ब्रैंड्स पसंद हैं लेकिन नया लेना महंगा पड़ता है. थ्रिफ्ट शौप्स उन्हें आधे दाम में वही कपड़े दे देती हैं. इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफौर्म्स पर थ्रिफ्ट हौल वीडियो बहुत पौपुलर हैं. कई इन्फ्लुएंसर थ्रिफ्टिंग को कूल और जिम्मेदार दिखाते हैं.
थ्रिफ्ट मार्केट में क्याक्या मिलता है
थ्रिफ्ट मार्केट में आप को सिर्फ कपड़े ही नहीं बल्कि बहुत कुछ मिलता है, विंटेज जैकेट्स और डैनिम्स, ब्र्रैंडेड टौप्स और ड्रैसेज, बूट्स और जूते, बैग्स और पर्स, ज्वैलरी या छोटी ऐक्सैसरीज, यहां तक कि कुछ किताबें और होम डैकोर आइटम्स भी बेचते हैं यानी ये सिर्फ पुराने कपड़े नहीं, बल्कि स्टाइलिश और क्यूरेटेड कलैक्शन भी होते हैं.
इंडिया में इस का बिजनैस मौडल कैसा है
भारत में ज्यादातर थ्रिफ्ट शौप्स या तो इंस्टाग्राम पेजेस पर चलती हैं या फिर औफलाइन मार्केट्स में स्टौल लगती हैं. इन दुकानों में मालिक खुद दूसरे देशों (जैसे जापान, कोरिया, यूके) से सैकंड हैंड कपड़े खरीद कर यहां रीसेल करते हैं.
कुछ लोग लोकल मार्केट्स जैसे सरोजिनी नगर या बांद्रा लिंकिंग रोड से भी बढि़या पीस चुन कर उन्हें साफसुथरा कर रीसेल करते हैं. इन कपड़ों को पहले अच्छे से धोया जाता है, स्टीम या सैनिटाइज किया जाता है और कई वैंडर्स तो इन में कलर डाई भी करते हैं जिस से कपड़े एकदम नए जैसे दिखने लगते हैं. इसलिए अकसर ऐसा देखा गया है कि हम मार्केट में जो कपड़े पसंद करते हैं वे 1 या 2 बार में ही फेड और डल हो जाते हैं ऐसे में पछतावा भी होता है कि अभी तो इसे मन भर कर पहना भी नहीं और कपड़ा फेड भी हो गया.
बैस्ट औफशन
अब सवाल यह उठता है कि क्या सच में थ्रिफ्ट शौपिंग करना फायदे का सौदा है? इस के लिए हम ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के कुछ स्टूडैंट्स से बातचीत की. उन्होंने बताया कि वे काफी सालों से सरोजिनी नगर से शौपिंग करते आ रहे हैं. शुरू में तो यह काफी बजट फ्रैंडली लगती थी और नए फैशन से कूल वाइब्स आती थी लेकिन स्टूडैंट्स ने बात नोटिस की कि ये कपड़े सिर्फ कुछ समय तक ही चमकते हैं और 2-3 वाश के बाद ही पुराने जैसे दिखने लगते हैं.
यह बात सही है कि आप 50 रुपए में भी एक टौप खरीद सकती हैं. लेकिन यह 1 महीने से ज्यादा नहीं टिक पाता. यह आप को सोचने पर मजबूर जरूर करता है कि कपड़े सिर्फ दिखावे के लिए नहीं, टिकाऊ और सैंसिबल भी होने चाहिए. वहीं अगर आप किसी ब्रैंड या लोकल मार्केट से कपड़े खरीदते हैं तो वे थ्रिफ्ट मार्केट से कुछ महंगे होते हैं लेकिन उन की चमक सालोंसाल तक वैसी ही बना रहती है.
अगर आप शोऔफ के नजरिए से कपड़े खरीद रहे हैं तो थ्रिफ्ट मार्केट सब से बैस्ट औप्शन है लेकिन अगर आप चाहते हैं कि कपड़ों में टिकाऊपन हो तो ये आप के लिए नहीं हैं.
