No Means No : फरीदाबाद   के कुरेशीपुर गांव में बिहार के मधेपुरा की रहने वाली 23 साल की प्रीति अकेली रह रही थी. 2 साल पहले उस की शादी रोहित से हुई थी लेकिन 2 महीने पहले अलग हो गई थी. उस के घर के सामने रहने वाले धर्मेंद्र और उस की पत्नी ललिता ने प्यार दिखाते हुए कहा कि हम तुम्हें गोद ले लेते हैं.

तुम्हें बेटी बना कर रखेंगे और अच्छे घर में शादी कराएंगे. लेकिन कुछ दिन बाद प्रीति को पता चला कि उस की शादी किसी अच्छे घर में नहीं बल्कि एक 65 साल के बुजुर्ग से 3 लाख रुपए में तय कर दी गई है. प्रीति ने इस का विरोध किया और फिर उस दंपती ने जो किया उस की कोई कल्पना भी नहीं कर सकता.

16 अगस्त को सुबह 4 बजे जब प्रीति सो रही थी तो धर्मेंद्र और ललिता ने उस पर खौलता पानी डाल दिया. प्रीति का प्राइवेट पार्ट सहित शरीर का बड़ा हिस्सा   झुलस गया. इस के बाद 3 दिन तक उन्होंने कमरे में बाहर से ताला लगा कर और प्रीति का मोबाइल छीन कर उसे तड़पता छोड़ दिया.

19 अगस्त को पड़ोसी को शक हुआ तो उस ने प्रीति के मौसा राहुल को बताया. पुलिस ने ताला तोड़ कर प्रीति को बहुत ही बुरी स्थिति में निकाला. पहले बीके अस्पताल और फिर हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग में आईसीयू में भरती कराया गया. आरोपी फरार हो गए. धौज थाने में हत्या के प्रयास, गंभीर चोट और बंधक बनाने की धाराओं में केस दर्ज हुआ.

प्रीति का कुसूर क्या था? उस ने 65 साल के बुजुर्ग से 3 लाख में तय की गई शादी से मना कर दिया और सजा क्या मिली? सोते हुए उस पर खौलता पानी डाल दिया गया. यह सिर्फ प्रीति की कहानी नहीं है.

क्या औरत को ‘न’ कहने का हक है

समाज भले ही औरत के इस हक दो स्वीकार न करे मगर उसे ‘न’ कहने का हक कानून ने दिया है. भारत का संविधान और सुप्रीम कोर्ट दोनों यह कहते हैं:

संविधान का आर्टिकल 21: हर व्यक्ति को अपनी मरजी से जीवन जीने और अपनी पसंद चुनने का अधिकार है. इस में शादी की पसंद भी शामिल है.

सुप्रीम कोर्ट के फैसले: सुप्रीम कोर्ट कई बार कह चुका है, ‘‘2 बालिग अपनी मरजी से किस के साथ रहेंगे, किस से शादी करेंगे, यह उन का निजी फैसला है. परिवार भी इस में दखल नहीं दे सकता.’’

सहमति ही सबकुछ है: दिल्ली हाई कोर्ट ने अपनी बहस में भी कहा था, ‘‘एक शादीशुदा औरत को भी न कहने का हक है. उस की सहमति के बिना कुछ भी करना उस की गरिमा के खिलाफ है.’’

मतलब साफ है कि 18 साल से ऊपर की किसी भी लड़की को जबरन शादी के लिए मजबूर करना, बेचना या धमकाना कानूनन अपराध है परंपरा नहीं.

आंकड़े क्या कहते हैं

एनसीआरबी: क्राइम इन इंडिया 2023 रिपोर्ट.

2023 में महिलाओं के खिलाफ 4,48,211 केस दर्ज हुए. मतलब हर घंटे लगभग 51 केस.

द्य इस में 113 ऐसिड अटैक, 2,796 रेप की कोशिश और 88,605 अपहरण के केस थे.

ऐसिड अटैक का सब से बड़ा कारण रिसर्च में ‘लव रिजैक्शन’ यानी प्रेम प्रस्ताव ठुकराना पाया गया है.

एनसीआरबी 2022 डेटा: शहरों में ऐसिड अटैक.

2022 में सब से ज्यादा ऐसिड अटैक बैंगलुरु (8 केस) और दिल्ली (7 केस) में हुए और ज्यादातर केस में वजह थी, ‘शादी से मना करना.’

(नैशनल फैमिली हैल्थ सर्वे) 2019-21.

द्य भारत में 18% शादीशुदा महिलाओं ने कहा कि अगर वे संबंध नहीं बनाना चाहतीं तो भी अपने पति को न नहीं कह सकतीं.

20% पति ‘न’ सुनने पर गुस्सा होते हैं और डांटते हैं जबकि 13% आर्थिक मदद रोक देते हैं.

यानी ‘न’ कहने की सजा घर के अंदर भी मिलती है.

जब एक महिला न कहती है तो उसे सजा देने के लिए हत्या तक कर दी जाती है. तमिलनाडु में एक टीचर को सिर्फ इसलिए स्कूल में चाकू मार दिया गया क्योंकि उस ने शादी से मना किया था. यह दिखाता है कि समाज औरत की न को उस की आजादी नहीं बल्कि अपनी बेइज्जती सम  झता है.

प्रीति जैसी अकेली लड़की क्या करे

मौखिक गोद लेना गोद लेना नहीं है: बिना सैंट्रल अडौप्शन रिसोर्स अथौरिटी और कोर्ट के पेपर के कोई गोद वैध नहीं. बेटी बना कर बेचना मानव तस्करी है, जिस की सजा भारतीय न्याय संहिता की धारा 143 में 10 साल से ले कर उम्रकैद तक है.

न कहना आप का अधिकार है: अगर कोई जबरन शादी तय करे तो महिला हैल्प लाइन 181, 112 और 1098 पर काल करे. थाने में लिखित शिकायत दे.

सुबूत बचाए: धमकी के स्क्रीनशौट, काल रिकौर्डिंग, खौलते पानी जैसे हमले में मैडिकल रिपोर्ट, ये सब सुबूत हैं. पुलिस नहीं सुने तो सीधे कोर्ट में प्रोटैक्शन याचिका लगती है.

पड़ोसी की भूमिका सब से बड़ी: प्रीति को पड़ोसी ने बचाया. अगर आप के आसपास भी कोई लड़की 2-3 दिन से नहीं दिख रही या चीखें सुनाई दे रही हैं तो ‘मु  झे क्या’ सोचने के बजाय 112 पर काल कीजिए.

अकेली रहती हैं तो ये 3 नंबर लिख कर रखें: अपने थाने का नंबर, 181 महिला हैल्प लाइन और एक भरोसेमंद रिश्तेदार का नंबर डायरी या दीवार पर लिख कर रखें ताकि अगर फोन छिन भी जाए तो नंबर याद रहेगा.

प्रीति ने न कह कर कोई गुनाह नहीं किया. उस ने अपने संविधान में लिखे हक का इस्तेमाल किया. जरूरत है कि हम अपनी बेटियों को हां कहना नहीं बल्कि जरूरत पड़ने पर पूरी हिम्मत से न कहना भी सिखाएं और उन की न की इज्जत करना सिखाएं.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...