Indian Pistol Shooter : हरियाणा  के  झज्जर की मिट्टी ने देश को कई पहलवान दिए हैं लेकिन इस बार इस मिट्टी से एक ऐसी बेटी निकली है जिस ने हाथ में पिस्टल उठाई और दुनिया को दिखा दिया कि निशाना कैसे लगाया जाता है. हम बात कर रहे हैं

20 साल की सुरुचि इंदर सिंह फोगाट की. वह लड़की जिसे पिता कुश्ती के अखाड़े में भेजना चाहते थे लेकिन कौलरबोन की चोट के बाद जिंदगी उसे भिवानी की शूटिंग रेंज तक ले आई और वहीं से शुरू हुआ एक शानदार सफर. 10 मीटर एअर पिस्टल शूटर सुरुचि आज भारत की सब से सफल महिला पिस्टल शूटर में से एक है.

परिवार और शुरुआती जीवन

सुरुचि का पूरा नाम सुरुचि सिंह फोगाट है जो 28 अप्रैल, 2006 को हरियाणा के एक छोटे से गांव सासरौली में जन्मी थीं. उन के पिता इंडियन आर्मी में थे और वे चाहते थे कि उन की बेटी कोई खिलाड़ी बने, देश के लिए लड़े और मैडल लाए. गांव में कुश्ती का माहौल था. सुरुचि के ताऊ वीरेंद्र गुंगा पहलवान हैं जो डेफलिंपिक में गोल्ड मैडलिस्ट रह चुके हैं. इसी वजह से सुरुचि ने सब से पहले रैसलिंग शुरू की. गांव में अखाड़ा था वहीं प्रैक्टिस होती थी.

रैसलिंग से शूटिंग तक का मोड़

सुरुचि ने रैसलिंग सिर्फ 6 महीने की. इसी दौरान उन की कौलरबोन में इंजरी हो गई. उन के पिता नहीं चाहते थे कि बेटी को आगे चल कर और बड़ी चोटें आएं क्योंकि उन्हें लंबे समय तक खेलना था. इसी सोच से उन्होंने एक ऐसा खेल ढूंढ़ा जिस में इंजरी का खतरा सब से कम हो. वह खेल था शूटिंग. पिता उन्हें शूटिंग रेंज ले कर गए. सुरुचि को पहली बार में ही रेंज बहुत पसंद आई.

इस के बाद उन के पिता ने सेना से रिटायरमैंट ले लिया ताकि वे बेटी को पूरा समय दे सकें. दोनों रोज 120 किलोमीटर डेढ़ घंटे का सफर तय कर के भिवानी जाते थे. उस के पापा हमेशा साथ रहते थे और कभी अकेला नहीं छोड़ा. भिवानी की गुरु द्रोणाचार्य शूटिंग अकादमी में उन्होंने कोच सुरेश सिंह के अंडर में 13 साल की उम्र में ट्रेनिंग शुरू की. अखाड़े में जहां ताकत और शारीरिक मुकाबला महत्त्वपूर्ण था वहीं शूटिंग में एकाग्रता, नियंत्रण, तकनीक और हर शौट पर मानसिक स्थिरता की जरूरत थी. सुरुचि ने इस नई चुनौती को स्वीकार किया. उन्होंने धीरेधीरे शूटिंग की तकनीक सीखी और ट्रेनिंग में खुद को ढालना शुरू किया.

कोरोना के समय जब अकादमी बंद थी तब भी उन्होंने घर पर ही जुगाड़ कर 10 मीटर रेंज बना कर प्रैक्टिस जारी रखी. जहां बाकी दुनिया महामारी से जू  झ रही थी, वहीं एक छोटे से घर में एक युवा निशानेबाज अपने भविष्य के लिए निशाना साध रही थी. यह अस्थायी रेंज भले ही किसी बड़े शूटिंग सैंटर जैसी नहीं थी लेकिन सुरुचि के लिए वह उन की मंजिल की ओर बढ़ने का जरीया थी. सुरुचि के दूसरे कोच समरेश जंग थे जिन का उन की सफलता में काफी योगदान रहा.

जूनियर कैरियर: नींव का साल

सुरुचि ने मार्च, 2019 में खेलना शुरू किया और मई, 2019 में डिस्ट्रिक्ट लैवल पर पहला मैच खेला. फिर 2022 में उन्होंने पहला नैशनल मैडल जीता. सुरुचि की अंतर्राष्ट्रीय पहचान जूनियर स्तर से बनी. 2023 में जरमनी के सुहल में हुए आईएसएसएफ जूनियर वर्ल्ड कप में उन्होंने टीम और मिक्स्ड टीम में मैडल जीता. यहीं से वे सीनियर सर्किट के लिए तैयार हुईं.

2025: गोल्डन ईयर जिस ने सब बदल दिया

2025 सुरुचि के कैरियर का सब से बड़ा साल है. इस साल उन्होंने वह किया जो भारत में किसी महिला पिस्टल शूटर ने नहीं किया था-

ब्यूनस आयर्स वर्ल्ड कप: पहला इंडिविजुअल गोल्ड मैडल. यहीं से उन की गोल्डन हैट्रिक की शुरुआत हुई.

लीमा वर्ल्ड कप: मनु भाकर को हरा कर सुरुचि ने पहली बार सुर्खियां बटोरी थीं. पेरू के लीमा में हुए आईएसएसएफ वर्ल्ड कप 2025 में महिलाओं की

10 मीटर एअर पिस्टल फाइनल में सुरुचि ने 243.6 का स्कोर किया और मनु भाकर को 242.6 पर रोक कर गोल्ड जीत लिया था. यह उन का दूसरा लगातार इंडिविजुअल गोल्ड था.

म्यूनिख वर्ल्ड कप: उन्होंने जून, 2025 में म्यूनिख वर्ल्ड कप में भी स्वर्ण जीत कर अपनी स्वर्णिम हैट्रिक पूरी की थी. लगातार 3 वर्ल्ड कप गोल्ड जीतने के बाद उन की गिनती दुनिया की टौप शूटरों में होने लगी.

दोहा वर्ल्डकप फाइनल 2025: यह उन के कैरियर की सब से बड़ी जीत थी. फाइनल में उन्होंने 245.1 का स्कोर किया और जूनियर वर्ल्ड रिकौर्ड बना दिया साथ ही गोल्ड जीता. इसी के साथ उन का नैशनल रिकौर्ड 588 भी है.

निशाना लगाती सुरुचि

2025 में कुल 5 गोल्ड मैडल: अगर मिक्स्ड टीम इवेंट और वर्ल्ड कप फाइनल को भी शामिल कर लिया जाए तो उन्होंने पूरे 2025 सीजन में कुल 5 गोल्ड मैडल अपने नाम किए थे.

इस शानदार प्रदर्शन के बाद 2025 में उन की वर्र्ल्ड रैंकिंग 1 हो गई थी.

2026 निरंतरता का साल

2025 की फौर्म को सुरुचि ने 2026 में भी जारी रखा-

म्यूनिख वर्ल्ड कप 2026: सुरुचि सिंह ने महिला 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडिविजुअल गोल्ड मैडल जीता.

एशियन चैंपियनशिप (नई दिल्ली): फरवरी, 2026 में नई दिल्ली में आयोजित हुई एशियन राइफल/पिस्टल चैंपियनशिप में उन्होंने मिक्स्ड टीम (मिश्रित टीम) स्पर्धा में सिल्वर मैडल अपने नाम किया.

एशियन गेम्स 2026: 25 सितंबर, 2026 की सुबह थी जब जापान के आइची नागोया में पिछले 48 घंटों में भारत को महिला और पुरुष दोनों वर्गों में निराशा हाथ लगी थी. शूटर सुरुचि सिंह खुद इंडिविजुअल इवेंट में मैडल से चूक गई थीं. लेकिन आखिरी इवेंट में उन्होंने वह किया जो कुश्ती में 5 पौइंट का दांव होता है. कमलजीत के साथ मिल कर सुरुचि ने 10 मीटर एअर पिस्टल मिक्स्ड टीम का गोल्ड मैडल जीत लिया. क्वालिफाइंग में 587 पौइंट के साथ पहले स्थान पर रहीं और फाइनल में 484.6 पौइंट का नया एशियन रिकौर्ड और गेम्स रिकौर्ड बना कर गोल्ड जीता. पिस्टल शूटिंग में भारत का यह एशियन गेम्स 2026 का इकलौता गोल्ड था.

इस जीत ने सुरुचि को शूटिंग की फील्ड का चमकता सितारा बना दिया. आज सुरुचि वर्ल्ड रैंकिंग में टौप 3 में हैं और 2026 के रोम में होने वाले आईएसएसएफ वर्ल्ड कप फाइनल के लिए सीधे क्वालीफाई कर चुकी हैं.

सुरुचि का टोटल मैडल रिकौर्ड 8 गोल्ड, 3 सिल्वर, 4 ब्रौंज तक पहुंच गया है.

महंगा गेम, फाइनैंशियल स्ट्रगल और इक्विपमैंट

सुरुचि का सपना आसान नहीं था. शूटिंग महंगा खेल है. किट में 3 चीजें मुख्य रूप से होती हैं- पिस्टल, चश्मा और शूज. सुरुचि मोरिनी कंपनी की पिस्टल यूज करती हैं जो ढाई से 3 लाख की है क्योंकि वह जल्दी खराब नहीं होती. पिस्टल के अलावा गोलियां, ट्रेनिंग, प्रतियोगिताओं की फीस और यात्रा का खर्च एक मध्यवर्गीय परिवार के लिए बड़ी चुनौती हो सकता है. सुरुचि के परिवार के सामने भी यही मुश्किल थी लेकिन उन के पिता ने बेटी के सपने पर भरोसा किया.

शुरू में पिता की पैंशन से ही घर चलता था. बाद में उन्होंने लोन भी लिया. सुरुचि की पहली प्रोफैशनल मैच पिस्टल खरीदने के लिए इंदर सिंह ने बैंक से लाखों रुपए का कर्ज लिया. यह रकम सिर्फ एक पिस्टल की कीमत नहीं थी बल्कि बेटी के नए सपने पर पिता का भरोसा थी. जब मैडल नहीं आ रहे थे तब भी उन्होंने पूरा सपोर्ट किया.

सुरुचि बताती हैं कि अब खेलो इंडिया से पौकेट मनी मिल जाती है और हरियाणा सरकार से मैडल आने के बाद कैश अवार्ड भी मिलता है मगर शुरुआत में हालात अलग थे.

दिनचर्या, सोच और रोल मौडल

सुरुचि आज भी गांव में रहती हैं. सुबह खेतों में घूमना, फिर 3-4 घंटे ट्रेनिंग और 2 घंटे रैस्ट और फिर प्रैक्टिस. उन की नजर में शूटर की

2 क्वालिटी सब से जरूरी हैं- शांत स्वभाव और मैंटली स्ट्रौंग होना.

सुरुचि कहती हैं, ‘‘मैं स्कोर पर नहीं अपनी टैक्नीक पर फोकस करती हूं. प्रौब्लम आने पर कोच से बात कर के रीस्टार्ट करती हूं. हार को हैंडल करना पापा ने सिखाया. रोल मौडल भी पापा ही हैं जो डिसिप्लिन रखते थे और कहते थे कि जितना ज्यादा हार्ड वर्क करोगी सफलता उतनी जल्दी मिलेगी.’’

सुरुचि का गोल साफ है: ओलिंपिक 2028 में देश के लिए गोल्ड मैडल लाना. वे चाहती हैं कि कम से कम एक सरकारी शूटिंग रेंज हरियाणा में हो जिसे सरकार चलाए ताकि उन के जैसे और भी शूटर्स बिना भारी फीस के ट्रेनिंग ले कर निकल सकें और देश का नाम रोशन कर सकें.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...