Smart Office Look : ऑफिस में लड़कियां कैसे कपड़े पहने इस का सम्बन्ध सुंदर दिखने से ज्यादा अपने काम को आसान बनाना और स्मार्ट बनना है. अक्सर देखा जाता है कि महिलाएं दो तरह की गलती करती हैं.
पहली गलती है ऑफिस को पार्टी स्पॉट बना देना. शिमरी टॉप, बड़े बड़े झुमके, ऊंची हील और खुले बालों में आप जरूर आकर्षक लगती हैं लेकिन दिन भर फाइल उठा कर इधर उधर जाने में, लैपटॉप पर आठ घंटे बैठ कर काम करने ने में, ग्राहक के सामने स्मार्टली सामान दिखाने या बात समझाने में आप खुद ही असहज हो जाती हैं. आपका सारा ध्यान काम पर नहीं बल्कि कपड़ों को संभालने में चला जाता है.
दूसरी गलती है खुद को पूरी तरह छुपा कर रखना. पुरुषों जैसी ओवरसाइज्ड शर्ट और बेरंग पैंट पहन लेना ताकि कोई कुछ कहे नहीं. इससे आप सुरक्षित तो लगती हैं पर खुद ही बोर हो जाती हैं. आईने में देख कर लगता है कि यह आप हैं ही नहीं और आपका आत्मविश्वास वहीं कम हो जाता है.
इसलिए जरूरत है एक ऐसी ड्रेसिंग की जो आपके काम के हिसाब से हो, जिस में आप स्मार्ट भी लगें और दिन भर आराम से काम भी कर सकें.
1. कपड़े आपका दिमाग बदलते हैं यह फैशन नहीं साइंस है
2012 में अमेरिका की नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी में एक स्टडी हुई जिसे एनक्लोद्ड कॉग्निशन कहा गया. वैज्ञानिकों ने दो ग्रुप्स को एक जैसा सफेद कोट दिया. एक ग्रुप से कहा गया कि यह डॉक्टर का कोट है और दूसरे से कहा गया कि यह पेंटर का कोट है. नतीजा यह निकला कि जिस ग्रुप ने खुद को डॉक्टर समझा उसने ध्यान वाले कामों में कहीं बेहतर प्रदर्शन किया. कपड़ा एक ही था लेकिन उस का अर्थ बदलते ही दिमाग की सोच बदल गई.
इस का सीधा अर्थ यह है कि आप जो पहनती हैं वह आप के दिमाग को संकेत देता है. अगर आप पजामे में काम करेंगी तो दिमाग कहेगा कि सोना है और अगर आप ब्लेजर पहन कर बैठेंगी तो दिमाग कहेगा कि फोकस करना है. यही कारण है कि घर से काम करने वाले लोग भी जब सुबह नहा कर ऑफिस जैसे कपड़े पहनते हैं तो ज्यादा काम कर पाते हैं.
2015 में स्लेपियन की स्टडी में पाया गया कि जब आप फॉर्मल पहनते हैं तो आप ज्यादा पावरफुल फील करते हैं और ज्यादा बड़ी सोचते हैं। और जब आप बहुत कैजुअल पहनते हैं तो आप ज्यादा फ्रेंडली लगते हैं पर आपकी अथॉरिटी कम हो जाती है।
2. काम के हिसाब से कपड़े कैसे होने चाहिए
अगर आप टीचर, प्रोफेसर या डॉक्टर हैं –
आपका काम चलने फिरने वाला है. आपको छह घंटे खड़े रहना पड़ता है. इसलिए छह मीटर की साड़ी जिस में हर समय पिन और पल्लू संभालना पड़े वह आपके लिए सही नहीं है. आपके लिए सबसे अच्छा है प्योर कॉटन का स्ट्रेट कुर्ता, साथ में स्ट्रेट पैंट या प्लाजो और बंद जूते जिन में कुशन हो. रंग हल्के रखिए जैसे सफेद, बेज या हल्का नीला. अगर साड़ी पहननी है तो हैंडलूम कॉटन की साड़ी पहनिए.
अगर आप कॉर्पोरेट, आईटी या बैंक में हैं –
यहां आपको भरोसा बेचना है. आपका ब्लेजर आपका कवच है. नेवी ब्लू, ब्लैक या ग्रे कलर का ब्लेजर पहनते ही आप की आवाज में भी थोड़ी गंभीरता आ जाती है. साथ में सिल्क जैसी शर्ट, टेलर्ड ट्राउजर और पॉइंटेड फ्लैट जूते पहनिए. स्कर्ट पहन रही हैं तो घुटने से नीचे रखें.
अगर आप सेल्स या ज्वेलरी शोरूम में हैं –
यहां आप खुद को नहीं प्रोडक्ट को बेचती हैं. इसीलिए आजकल बड़े बड़े ज्वेलरी ब्रांड अपनी स्टाफ के लिए एक जैसी ड्रेस तय कर रहे हैं. यह बहुत सही तरीका है. एक ही रंग का कुर्ता सेट या साड़ी पहनने से ग्राहक का ध्यान आप पर नहीं ज्वेलरी पर जाता है. आपकी स्लीव तीन-चौथाई होनी चाहिए ताकि डिब्बा दिखाने में आसानी हो और कपड़ा ऐसा हो जिस में पसीना न दिखे. खुद बहुत ज्यादा ज्वेलरी मत पहनिए. सिर्फ छोटे टॉप्स और एक पतली चेन काफी है.
अगर आप लिखने पढ़ने या डेस्क वर्क में हैं –
आप का काम आठ घंटे एक कुर्सी पर बैठ कर दिमाग चलाने का है. आप के लिए सब से जरूरी है ऐसा कपड़ा जो कहीं से भी इरिटेट न करे. मतलब पहनने के बाद पता ही न चले कि कुछ पहना है. कॉटन जर्सी, मोडल या बम्बू फैब्रिक सबसे अच्छा है. वाइड लेग पैंट जिस में कमर पर इलास्टिक हो, बेल्ट नहीं ताकि पेट पर दबाव न पड़े. रंग ऐसे जो आंखों को थकाएं नहीं जैसे ग्रे, बेज या सेज ग्रीन. बालों को लो बन में बांध कर रखें और पैरों में सॉफ्ट स्लीपर या जूती पहनें.
3. क्या करना चाहिए और क्या बिल्कुल नहीं करना चाहिए
क्या करना चाहिए – Do’s
1. फैब्रिक पर पैसा लगाइए-
इंडिया में गर्मी है इसलिए कॉटन, लिनन-ब्लेंड और खादी सबसे अच्छे हैं. पॉलिएस्टर में आप आठ घंटे बैठ कर चिड़चिड़ी हो जाएंगी.
2. लेयरिंग करना सीखिए-
अंदर एक कॉटन टॉप और ऊपर एक हल्का ब्लेजर या श्रग रखिए. ऑफिस में एसी तेज लगे तो पहन लिया, बाहर गर्मी लगे तो उतार दिया.
3. कैप्सूल वार्डरोब बनाइए-
आपको तीस कपड़े नहीं चाहिए. दस अच्छे कपड़े चाहिए जो आपस में मिक्स-मैच हो जाएं. इससे सुबह क्या पहनूं वाली टेंशन खत्म हो जाती है जिसे डिसीजन फैटिग कहते हैं. बराक ओबामा भी इसी वजह से सिर्फ ग्रे और ब्लू सूट पहनते थे.
4. काम के हिसाब से कपड़ा बदलिए-
मीटिंग वाले दिन ब्लेजर, डेस्क वाले दिन कुर्ता सेट और साइट विजिट वाले दिन पैंट और बंद जूते.
क्या बिल्कुल नहीं करना चाहिए – Don’ts
1. ऑफिस को पिकनिक स्पॉट मत बनाइए-
बहुत ज्यादा चमक, बहुत ज्यादा कट वाले कपड़े, बहुत तेज परफ्यूम और खन खन करने वाली चूड़ियां ऑफिस के लिए नहीं हैं. इस से सब का ध्यान भटकता है.
2. बहुत टाइट या बहुत ढीले कपड़े मत पहनिए-
बहुत टाइट कपड़ों में आप बैठ नहीं पाएंगी और बहुत ढीले कपड़ों में आप बिखरी हुई लगेंगी.
3. हील के साथ समझौता मत कीजिए-
चार इंच की स्टिलेटो में आप दिन भर नहीं चल सकतीं. ब्लॉक हील या कुशन वाले फ्लैट जूते लीजिए.
4. पुरुषों की कॉपी मत कीजिए-
बराबरी कपड़े कॉपी करने से नहीं आती काम से आती है. आपको पुरुष जैसा नहीं प्रोफेशनल जैसा दिखना है.
याद रखिए आप ऑफिस सुंदर दिखने नहीं बल्कि काम करने जाती हैं. आपका कपड़ा या मेकअप ऐसा होना चाहिए जिस से प्रोडक्टिविटी बढ़े और जगह के हिसाब से आप मिसफिट न लगें.
