bonding with grandparents  : ग्रेटर नोएडा में एक वन बीएचके फ्लैट लेकर रहने वाली 25 साल की तान्या काफी टैलेंटेड है. वह एक इंटीरियर डेकोरेटर है. इंस्टा पर रील भी बनाती है पर उसकी एक आदत है कि वह अपने अंकल आंटी या ग्रैंडपेरेंट्स से बात करने से बचती है और हर तरह से उन को टालने की कोशिश करती रहती है.

जब भी मामा का फोन आता, “बेटा कैसी है?”

तान्या जल्दी से कहती, “मामा अभी क्लास में हूँ बाद में कॉल करती हूँ. ”
और वह बाद में कभी नहीं करती.

बुआ का व्हाट्सएप पर मैसेज आता, “बेटा तेरी मम्मी कैसी है?”

वह मैसेज देख कर भी कोई जवाब नहीं देती. नानी के घर जाने का नाम सुनते ही उस का मुंह बन जाता. तुनक कर कहती, “वहाँ तो नेटवर्क भी नहीं आता. बोर हो जाऊंगी. पूरे दिन दादी से उन के समय की कहानियां सुनते रहो. ”

तान्या की मम्मी तो अब नहीं रही मगर वह अपने पापा से भी ज्यादा बात नहीं करती थी. वह बस कूल लोगों से मिलना चाहती थी यानी अपने दोस्तों से जो उस की उम्र के हों और अंग्रेजी में फर्राटेदार बात करते हो और उस के साथ मस्ती मजाक करते हों.

फिर एक दिन तान्या की जॉब चली गई. उसे 30-40 हजार की जरूरत थी. फ्लैट का किराया देना था साथ ही कुछ और जरूरी खर्च थे. उस ने इंस्टा पर 800 फॉलोअर्स में स्टोरी डाली – “Need help”. 20 लोगों ने इमोजी भेजा, 2 ने लिखा – ” टेक केयर यार “. किसी ने 30 हजार तो दूर 3 हजार भी नहीं दिया. पापा को कॉल किया तो उस समय वे भी बिजी थे.

रात को वो अकेले कमरे में रोती रही. वह समझ गई थी कि उस का अपना कोई नहीं.

इधर दिल्ली में रहने वाली 26 साल की श्रेया भी इंटीरियर डेकोरेटर थी. टैलेंट सेम था पर श्रेया का स्वभाव अलग था. वह अपने अंकल आंटी और ग्रैंड पेरेंट्स के साथ खूब बातें करती, उन से मिलने जाती और उन के घर आने पर खूब मस्ती करती.

वह दिल्ली में पेरेंट्स के साथ रहती थी. हर संडे सुबह 10 मिनट नानी को वीडियो कॉल करती और उन के हालचाल लेती, “नानी, आप के घुटने में दर्द तो नहीं? आप ने वो दवाई ली?”

महीने में एक बार बुआ को फोन करती “बुआ आप जब कॉलेज में थीं तो जींस पहनती थीं? सच बताना.”

बुआ हँस-हँस कर लोटपोट हो जाती फिर अपनी पूरी कॉलेज की कहानी सुनाती.

मामा जब दिल्ली आते हैं तो श्रेया बिना बोले स्टेशन चली जाती. मामा मामी के लिए अच्छी अच्छी चीजें बनाती. दादाजी को जब बैंक का कोई फॉर्म नहीं भरना आता तो श्रेया ही भरती.

फिर जब श्रेया ने अपना काम शुरू किया तो उसे क्लाइंटस के लिए ऐड नहीं चलाना पड़ा. बुआ ने अपनी किटी ग्रुप में डाल दिया “मेरी भतीजी बहुत अच्छी इंटीरियर डेकोरेटर है. अपना काम शुरू किया है आप उस का हौसला बढ़ाएं और उस से इंटीरियर करा कर घर को नया खूबसूरत लुक दें. ”

इधर मामी ने भी अपने ऑफिस ग्रुप में भांजी के लिए क्लाइंट ढूंढने शुरू किए. कुछ ही समय में उस के पास बहुत से काम आ गए.

एक दिन श्रेया को लोन की जरुरत हुई तो उस ने अपने मामा को फोन किया. मामा 22 साल से एसबीआई में हैं. मामा ने कहा – “तू टेंशन मत ले, मेरे सीनियर हैं जो स्टार्टअप लोन देखते हैं, मैं तेरा नंबर देता हूँ.”

2 दिन में मीटिंग फिक्स हो गई.

तान्या और श्रेया दोनों में फर्क टैलेंट का नहीं था बल्कि फर्क नेटवर्क का था. तान्या का नेटवर्क सिर्फ 25 साल के दोस्तों का था जिनके पास खुद नौकरी, पैसा या तजुर्बा नहीं था. श्रेया का नेटवर्क 25 से 80 साल तक के लोगों का था – मामा, बुआ, चाचा, दादा, नानी और पड़ोस के अंकल आंटी वगैरह भी – जिनके पास पैसा भी था, कॉन्टैक्ट भी और सबसे बड़ी बात – बिना मतलब के श्रेया के लिए खड़े होने का जज्बा भी था क्योंकि वह सब की दुलारी जो थी.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...