अभिनेत्री और कवियित्री प्रिया मलिक जब भी स्टेज पर अपनी कविताएं सुनाती हैं, तो ऑडियंस और सुनने के लिए बेताब हो जाती हैं. कुछ ऐसी ही बातों से प्रेरित होकर अभिनेत्री ने प्यार पर कविता लिख डाली, क्योंकि आज के जमाने में प्यार की परिभाषा भले ही बदली हो, लेकिन उसकी खूबसूरती नहीं बदली. कविता की फील्ड में आने से पहले उन्होंने कई टीवी शोज में अभिनय भी किया और 10 साल बाद फिर से कविता के मंच पर लौटी और आज यही उनका प्रोफेशन बन चुका है.

खूबसूरत, हंसमुख, विनम्र प्रिया, कवियित्री बनने से पहले कई धारावाहिकों में अभिनय भी किये है, जैसे चारी 111, ये काली काली आँखें, जीना अभी बाकी है आदि. काम के दौरान प्रिया की मुलाकात करण बक्शी के साथ हुई, प्यार हुआ और शादी की. इन दिनों उनकी किताब ‘इश्क के सात पढ़ाव’ भी उनके खुद की प्रेम कहानी पर आधारित है, जो काफी पोपुलर हो रही है, उनसे उनकी जर्नी के बारें में बात हुई, पेश है कुछ खास अंश.

हुई जर्नी शुरू

अपनी जर्नी के बारें में प्रिया कहती हैं कि साल 2019 में एक स्थान पर मैँ परफॉर्म कर रही थी, वहाँ पर एक प्रकाशन की अदिति माहेश्वरी ने मुझे परफॉर्म करते देखा और अगले ही दिन उन्होंने किताब लिखने के बारे में मुझे ईमेल किया और लिखा कि परवीन शातिर के समय से उन्होंने किसी शायरा को पब्लिश नहीं किया है और मेरी बुक छापने की इच्छा उन्होंने जाहिर की.

मैंने उनसे कहा कि मैँ केवल स्टेज पर कविताएँ परफॉर्म करती हूँ, ऐसे में किताब लिख पाना कितना संभव होगा, ये पता नहीं, लेकिन कुछ साल बाद यू ट्यूब पर मेरी कविता को पसंद करने वालों की बढ़ती संख्या देखकर मुझे लगा कि अब मैँ कविताओं की किताब लिख सकती हूँ और मैं उन्हे फिर से ई – मेल कर लिखने की इच्छा जताई और मुझे स्वीकृति मिली.

मिली प्रेरणा

किताब लिखने के पीछे मिली प्रेरणा के बारें में प्रिया कहती है कि आज की जेनरेशन ने पढ़ना कम कर दिया है, लेकिन कुछ लोगों की रुचि आज भी कविताओं की तरफ है, उनके लिए ये एक अच्छी रिसोर्स होगी, जिसमें सारी कविताओं को उन्हे एक किताब में पढ़ने को मिलेगा और अगर चाहे तो किसी को गिफ्ट भी कर सकते है. ये सही है कि आज की जेनरेशन के लिए प्यार की परिभाषा बदल चुकी है, ऐसे में मेरी कवितायेँ उन्हे इस ओर ध्यान देने की प्रेरणा देगी.

इश्क के कई रंग

असल में इश्क हो या प्यार एक अनोखा एहसास होता है, जो व्यक्ति को खुशी देता है, इसे हर व्यक्ति के जीवन में होन जरूरी होता है. प्रिया कहती है कि सूफी इश्क के 7 पढ़ाव होते है, जिसमें पहला पढ़ाव दिलकशी यानि आकर्षण, दूसरा उन्स यानि दीवानगी, इसके बाद अकीदत यानी भरोसा, फिर मोहब्बत, जुनून, इबादत और अंत में मौत. ये प्यार की पूरी जर्नी को दिखाती है. ये सारी बातें मैंने कविताओं के रूप में लिखा है.

प्रिया हँसती हुई कहती है कि प्यार हर स्टेज में सभी को चाहिए, लेकिन इसे ढूँढने का तरीका और मंजिल बदल गई है. इसे मैँ अच्छा मानती हूँ, क्योंकि अब एक लड़की अपनी तौर तरीके से जिंदगी जीना चाहती है. मैँ जब छोटी थी, तो मेरी माँ हमेशा मुझसे कहती थी कि जो भी पहनना या जाना हो शादी के बाद ही करना. पहले प्यार के बाद शादी और फिर बच्चे के रूप में बदलने को प्रयोरिटी दी जाती थी, लेकिन उसके रूप में अब बदलाव देखने को मिल रहा है, हालांकि आज के जेनरेशन को भी प्यार ही चाहिए, पर अलग रूप में. आज की जेनरेशन को किसी प्रकार का दबाव पसंद नहीं. आज के लड़के भी इस बात को अच्छी तरह से समझ चुके है कि लड़कियों की आजादी, चुनाव के तरीके, रिश्तों में पड़ना आदि सब में उन्हे आजादी जरूरी है. जिससे प्यार किया, उसी से शादी हो, आज ये जरूरी नहीं. आज की इस सोच में कुछ अच्छी तो कुछ खराब बातें भी है. आज के बच्चे अपना प्यार ढूंढते – ढूंढते कई बार अपनी मंजिल से भटक भी जाते है, लेकिन एक स्त्री को आज अपनी आवाज उठाने का अधिकार मिला है, जो पहले नहीं था.

बचपन से था सपना

प्रिया कहती है कि मेरे परिवार में कोई भी लेखन से नहीं जुड़ा है, लेकिन मैंने 12 साल की उम्र से लिखना शुरू कर दिया था. मैं बचपन से सपनों में जीने वाली लड़की रही हूं. मुझे कहानियों, कविताओं, फिल्मों वाला प्यार बहुत रोमांचित करता था. मैं बचपन से अपने लिए एक परफेक्ट लव स्टोरी चाहती थी.

पहले प्यार का एहसास

मुझे पहली बार प्रेम का एहसास 12 साल की उम्र में हुआ. तब मैं देहरादून के एक स्कूल में पढ़ती थी. मैं 7वीं क्लास में ‘ए’ डिवीजन में थी और वो ‘बी’ डिवीजन में था. स्कूल की असेंबली लाइन में खड़े होकर हम एक दूसरे को देखते थे. तब मैंने पहली बार प्यार पर कविता लिखी थी. किसी ने मुझे सीरियसली नहीं लिया था, लेकिन आज ये मेरा पेशा बन चुका है, क्योंकि इसे मैँ पसंद करती हूँ. जब मैं कविता लिख रही थी, तो मम्मी ने पूछा कि तुम ये किसके लिए लिख रही हो. जब मैंने मां को अपने क्रश के बारे में बताया तो मुझे तो मम्मी-पापा और टीचर से बहुत डांट पड़ी. मेरी वो पहली लव स्टोरी तो आगे नहीं बढ़ी, लेकिन लिखने की शुरुआत हो गई.

परिवार का सहयोग

परिवार का सहयोग हमेशा मुझे रहा है. सभी ने मुझे प्रोत्साहन दिया है, लेकिन इसे किसी ने फुल टाइम कैरियर बनाने की सलाह नहीं दी थी, क्योंकि तब कोई भी माइक पर कविता सुनाकर घर नहीं चला रहा था. मैंने भी कभी सोचा नहीं था कि मैँ इस फील्ड में कुछ करूंगी. बीच में मैंने इसे कुछ दिनों के लिए कविताएँ लिखना बंद कर दिया था. पढ़ाई पूरी की, टीवी शोज किये, फिर 10 साल बाद स्टेज पर कविताओं के साथ गई, ऐसे में मैंने जब लोगों की पसंद को देखा, तो लगा कि जमाना बदल गया है.

मिला हमसफ़र

प्रिया ने अधिकतर कविताएँ जिंदगी से प्रेरित होकर लिखी है. वह कहती है कि मेरी शादी भी अकस्मात रूप से हुई. मैं टेक कंपनी में काम करने वाले करण से पहली बार लिफ्ट में मिली. वो मेरी ऊपर वाली मंजिल में रहते थे, लेकिन हम कभी एक दूसरे से मिले नहीं थे. लिफ्ट में हमने औपचारिक बातें की. करण ने कहा कि कभी किसी चीज की जरूरत हो, तो मैँ उनसे संपर्क कर सकती हूँ.

एक दिन मैं अपने फ्लैट में ऑनलाइन ऑडिशन की रिकॉर्डिंग कर रही थी, तो करण ने मुझे अपनी बालकनी से देखा और मेरी मदद की. स्टूडियो लाइट, ट्राइपॉड और डीएसएलआर कैमरा लेकर मेरे घर आ गए. उस दिन से हमारी दोस्ती शुरू हुई. एक रात मुझे तेज बुखार आया, मैंने रात 3 बजे करण को घर बुलाया. वो मुझे हॉस्पिटल ले गए और पता चला मुझे मलेरिया हो गया. उस दौरान करण ने मेरा इतना ध्यान रखा कि मलेरिया, लवेरिया में बदल गया. फिर हमने शादी कर ली. आज हमारा ढाई साल का बेटा जोरावर है. करण मेरा सबसे बड़ा क्रिटिक है.

खुद से प्यार करना है जरूरी

प्रिया का कहना है कि मुझे लगता है प्यार को महसूस करना, दिल टूटना, ये भी जिंदगी को सीखने और समझने का प्रोसेस है. खासकर हम महिलाएं ये तो जानती हैं कि हमें जिंदगी में क्या चाहिए, लेकिन ये नहीं जानना चाहतीं कि हमें जिंदगी में क्या नहीं चाहिए. जब महिलाएं ‘ना’ बोलना सीखती हैं, वहां से उनका सेल्फ लव शुरू होता है. मैंने अपनी जिंदगी में यही सीखा कि जब तक आप खुद से प्यार नहीं करते, तब तक किसी और को प्यार नहीं दे सकते.

दस साल पहले मैंने सोचा भी नहीं था कि एक दिन मेरी जिंदगी इतनी अच्छी होगी. जब मैंने खुद से प्यार करना शुरू किया, तब मुझे सच्चा प्यार मिला. मैं अमृता प्रीतम की लेखनी से जुड़ाव महसूस करती हूं. हमारे देश में महिलाओं को अपने अधिकारों के लिए हमेशा लड़ना पड़ा है, फिर चाहे वो इश्क का अधिकार ही क्यों न हो. इसीलिए मैंने लिखा है कि मुझे प्यार नहीं इश्क चाहिए, मांग नहीं रही, हकदार हूं इसकी.

अभिव्यक्ति की आजादी में कमी

स्टैन्डअप कमेडियन या कविता कहने वालों की आजादी में आज आई कमी को लेकर प्रिया कहती है कि अभिव्यक्ति की आजादी हमेशा होनी चाहिए, फिर चाहे वह लेखक हो या कमेडियन. आज मैँ भी जब कविता लिखती हूँ तो सोचती हूँ कि कविता में ये शब्द लिखूँ या नहीं. ये व्यंग्य करूँ या न करूँ, मैँ कोई मुश्किल में तो नहीं रहूँगी? मुझे लगता है कि जब सेल्फ सेंसरशिप आने लगे, जो मेरे अंदर पिछले कुछ सालों में आई है, तो ये डरावनी चीज होती है, क्योंकि इसमें मैँ अपनी शब्दों और खयालों को कैद कर रही हूँ. इसमें अच्छी बात यह है कि सुनने वाले श्रोता हमारे साथ है, जिसकी वजह से लिखने की रुचि मेरे अंदर बनी हुई है और मैँ अधिकतर इश्क पर कविताएँ लिखती हूँ, इश्क में मेरा इंकलाब निकलता है

बिग बॉस 9 में मैँ गई थी, वहाँ से निकल कर जब मैंने मंच पर कविताएँ की, तो मुझे बहुत सारे कॉमेंट सुनने को मिलते थे कि मैँ कैसे कविता लिख सकती हूँ, जबकि उन्होंने मुझे बिग बॉस में लड़ते हुए देखा है. बिग बॉस के बाद मुझे 3 से 4 साल अपनी इमेज बदलने में लगा है. असल में कोई भी शो इंसान की हर पहलू को नहीं दिखाता, जो दिखता है, वह कई बार सही भी नहीं होता.

आज की जेनरेशन किताबों से अधिक सोशल मीडिया पर रहती है. किताबें पढ़ना वे पसंद नहीं करते. वह कहती है कि बदलाव बहुत आया है, आज की जेनरेशन एब्रीवीऐशन यूज करती है. छोटे – छोटे शॉर्ट फॉर्म का वे प्रयोग करते है. हो सकता है कि वैसे ही शॉर्ट फॉर्म में किताबें भी आने वाले समय में छपने लगे. यही वजह है कि मैंने अपने बेटे को पिछले ढाई सालों में किताबों का तोहफा दिया है. उसके पास अभी 250 किताबें है. कमरे की हर कॉर्नर पर मैंने किताबें रखी है. नींद से सुबह उठकर वह किताबों को पहले पकड़ता है, उसे किताब की हर पन्ने पर क्या है, पता रहता है. मैंने हिन्दी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं की किताबें रखी है. ये सही है कि आज के बच्चे किताबों से दूर और स्क्रीन पर अधिक समय बिताने लगे है. मेरे हिसाब से पेरेंट्स का दायित्व है कि वे बच्चों को किताबों की तरफ ले आयें. आज मेरे बच्चे की शब्द बोलने क्षमता काफी बेहतर हो चुकी है, क्योंकि वह किताबें पढ़ता है.

आगे की योजनाएँ

प्रिया अभी एक पोएटिक लव स्टोरी पर फिल्म बनाने जा रही है, उस पर काम चल रहा है. इसके अलावा फिल्मों और वेब सीरीज के लिए गाने भी लिख रही है. सुपर पावर मिलने पर प्रिया लोगों का मन और दिमाग पढ़ना चाहती है.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...