आदित्य रॉय कपूर का करियर आगे बढ़ने का नाम ही नहीं ले रहा है. जबकि तकदीर ने उन्हें बड़े बैनर के अलावा संजय लीला भंसाली, मोहित सूरी व अयान मुखर्जी जैसे नामी निर्देशकों के साथ काम करने का अवसर दिया. मगर ‘‘आशिकी 2’’ को छोड़कर उनके करियर में असफल फिल्मों की ही सूची है. ‘फितूर’ और ‘ओके जानू’ जैसी फिल्मों की असफलता के बाद बॉलीवुड में चर्चाएं गर्म हैं कि अब आदित्य रॉय कपूर क्या करेंगें? वास्तव में आदित्य रॉय कपूर के पास कोई फिल्म है ही नही. मगर आदित्य रॉय कपूर का दावा है कि वह बड़े बैनर की एक हल्की फुल्की रोमेंटिक फिल्म में अभिनय कर रहे हैं. पर आदित्य रॉय कपूर फिल्म का नाम या निर्माण कंपनी का नाम या निर्देशक का नाम भी बताने को तैयार नहीं है? इससे कहा जा सकता है कि आदित्य रॉय कपूर घर पर बैठे हैं, पर वह झूठ बोलकर भ्रम फैला रहे हैं.
तो वहीं कुछ जानकार मानते हैं कि आदित्य रॉय कपूर के भाई सिद्धार्थ रॉय कपूर ने डिजनी को अलविदा कहने के बाद अपनी खुद की प्रोडक्शन कंपनी शुरू की है, जिसके तहत वह एक फिल्म का निर्माण कर रहे हैं, उसी फिल्म में आदित्य रॉय कपूर अभिनय करने वाले हैं. पर इसे कोई कबूल नहीं कर रहा है. यूं तो बॉलीवुड में आदित्य रॉय कपूर, उनके भाई सिद्धार्थ रॉय कपूर तथा उनकी भाभी विद्या बालन की काफी अच्छी ईमेज है. पर फिल्मों के लगातार असफलता के चलते आदित्य राय कपूर की अच्छी ईमेज उन्हें कब तक बचाएगी?
