Wedding Budget Planning : दिल्ली की एक युवती का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में वह कहती नजर आती है कि उसके माता-पिता ने उसकी शादी के लिए ₹50 लाख बचाए हैं, लेकिन यदि यही पैसा इन्वेस्ट किया जाए, तो वह पूरी जिंदगी आर्थिक रूप से मजबूत और फाइनेंशियली इंडिपेंडेंट रह सकती है. युवती की इस सोच ने इंटरनेट पर नई बहस छेड़ दी है. कुछ लोग उसकी बात का समर्थन कर रहे हैं और निवेश को बेहतर विकल्प बता रहे हैं, जबकि कुछ लोगों का मानना है कि शादी भी जीवन का एक महत्वपूर्ण अवसर है.

उस लड़की ने 50 लाख रुपये शादी में खर्च करने के बजाय उन्हें निवेश कर भविष्य सुरक्षित करने की इच्छा जताई है. यह सोचना अपनी जगह आधुनिक, स्वतंत्र और वित्तीय रूप से समझदारी भरा लग सकता है कि पैसे बचाए जाएं और फालतू खर्चों से बचा जाए. लेकिन इसके दूसरे पहलू को भी गहराई से देखने की जरूरत है. जहाँ माता-पिता इस बात पर अड़े होते हैं कि उन्होंने पूरी जिंदगी समाज में रिश्ते निभाए हैं, दूसरों की शादियों में लिफाफे दिए हैं और दावतें खाई हैं., तो वह भी अपने बच्चे की शादी खूब धूमधाम से करेंगे उन्हने इसी दिन के लिए तो पूरी ज़िंदगी सेविंग की है.

क्या है माता पिता का पक्ष-

हालाँकि यहाँ माता पिता भी गलत नहीं है क्यूंकि वे मानते है कि हमने पूरी जिंदगी समाज में रिश्ते निभाए हैं, दूसरों की शादियों में लिफाफे दिए हैं और दावतें खाई हैं.  “हम बीसियों शादियों में होकर आए हैं, अब हमारी बारी है लोगों को दावत देने की.” यह केवल दिखावा नहीं, बल्कि समाज के ताने-बाने का एक हिस्सा है ,यह उनके जीवन की मेहनत का एक सामाजिक समापन और सम्मान का पल होता है. जिसमें अपनापन और सामाजिक दायित्व शामिल होते हैं.

दरअसल, हमारे समाज में शादियाँ केवल दो लोगों या दो परिवारों का मिलन भर नहीं होतीं, बल्कि यह एक ऐसा सामाजिक उत्सव होता है जिसमें पूरा जीवन-दर्शन और सामाजिक ताना-बाना जुड़ा होता है.

अब भाई जब उन्होंने इतने लोगों की शादी अटेंड की होती है तो उनका भी मन करता है कि हम भी अपने बच्चों की शादी इतने ही धूमधाम से करें ताकि हमारी जिम्मेवारी भी पूरी हो सकें. ऐसा ना लगें समाज में कि हमने अपने बच्चों की ख़ुशी के लिए उनके जीवन के लिए कुछ किया ही नहीं.

माता-पिता ने दशकों तक न जाने कितनी शादियों में जाकर रिश्ते निभाए होते हैं, यह उम्मीद करते हुए कि जब उनके घर में शहनाई बजेगी, तो वही अपनापन उनके आंगन में भी लौटेगा. ऐसे में, जब युवा यह कहते हैं कि “हम इस तामझाम और खर्च पर पैसा बर्बाद नहीं करना चाहते,” तो वे केवल अपनी नजरिये से सोचते हैं. लेकिन वे यह भूल जाते हैं कि माता-पिता के लिए यह सिर्फ पैसों का हिसाब-किताब नहीं, बल्कि समाज के बीच उनकी इज्जत, उनका सम्मान और उनके जीवन भर की कमाई का एक भावनात्मक निवेश होता है.

वे समाज को यह संदेश देना चाहते हैं कि उन्होंने अपने बच्चों को काबिल बनाया है और वे गर्व से दुनिया के सामने उनकी गृहस्थी बसा रहे हैं. इस हक को छीन लेना या इसे सिर्फ ‘फालतू खर्च’ कहकर खारिज कर देना माता-पिता के उस लंबे सामाजिक सफर की अनदेखी करना है, जो उन्होंने चुपचाप पूरी ईमानदारी से निभाया है.

बैंक बैलेंस शाम के सन्नाटे को क्यूँ दूर नहीं कर सकता आइये जानें-

आज के दौर में युवा पीढ़ी वित्तीय स्वतंत्रता और बैंक बैलेंस को सबसे बड़ी सुरक्षा मानती है और यह सोच अपने स्तर पर गलत भी नहीं है. 50 लाख रुपये बचाकर निवेश करना या भविष्य को आर्थिक रूप से मजबूत करना आज के समय में समझदारी का कदम लग सकता है. लेकिन, क्या सिर्फ पैसे से एक पूरा जीवन काटा जा सकता है?

शाम के सात-आठ बजते ही जब दफ्तर की थकान के बाद आप घर लौटते हैं, तो ताला खोलकर अंदर घुसने पर आपका स्वागत करने वाला कोई नहीं होता. बैंक खाते में कितने ही शून्य क्यों न हों, वे न तो आपकी दिनभर की थकान बाँट सकते हैं और न ही रात के सन्नाटे में आपसे कोई बात कर सकते हैं.

माता-पिता इस बात को बहुत गहराई से समझते हैं, क्योंकि वे उम्र के उस पड़ाव पर हैं जहाँ वे जीवन की नश्वरता और अकेलेपन के दर्द को करीब से देख चुके हैं. वे जानते हैं कि यह सिस्टम कुछ इस तरह बना हुआ है कि अगर आज आप युवा हैं, तो अकेले रहना कूल लग सकता है; लेकिन ढलती उम्र में, जब बीमारियाँ घेरती हैं या सांध्य बेला का अकेलापन बढ़ता है, तब कोई एक ऐसा साथी या परिवार चाहिए होता है जो बिना किसी शर्त के आपके पास बैठ सके.

शादी आने वाले कल की बिमा पॉलिसी कैसे है आइये जाने-

माता-पिता का यह कहना बिलकुल सही है कि शादी केवल समाज को दिखाने या रस्म निभाने के लिए नहीं है, बल्कि यह उस आने वाले कल की बीमा पॉलिसी है, जहाँ पैसा काम नहीं आता, बल्कि अपनों का साथ और एक जीवनसाथी का हाथ काम आता है. आपके पास कितना भी पैसा क्यूँ न हो आप उससे सच्चे रिश्ते नहीं खरीद सकते. जरुरत में आपके अपनों का साथ आपकी हर मुश्किल को दूर कर देता है जिसमे ऐसा फाइनेंशली तो मदद कर सकता है लेकिन मानसिक रूप से सहारा नहीं दे सकता. जीवन सिर्फ गणित या निवेश के चार्ट से नहीं चलता, इसके लिए दिल के रिश्तों की भी उतनी ही जरूरत होती है. आपके उस पैसे के होने का भी क्या फायदा जब उसे खर्चने वाला कोई हो ही ना, खुशियां भी तो तभी आएंगी जब उन्हें सेलेब्रेट करंगे और इसके लिए भी तो लोग और अपने रिश्ते चाहिए.

इसलिए बीच का रास्ता निकाले-

शादी को पूरी तरह रद्द करने या बहुत ज्यादा फिजूलखर्च करने के बजाय एक ‘मीडियम बजट’ या ‘डेस्टिनेशन/इंटिमेट वेडिंग’ का विकल्प चुनें.

अगर बजट 50 लाख रुपये का है, तो उसमें से केवल 10 से 15 लाख रुपये ही शादी के पारंपरिक खर्चों और मेहमानों की मेहमानवाजी पर लगाएं.

इससे माता-पिता की यह इच्छा भी पूरी हो जाएगी कि उन्होंने समाज को दावत दी और रिश्तेदारों के बीच मान-सम्मान रखा, और बाकी के 35 से 40 लाख रुपये बच भी जाएंगे जिन्हें आप भविष्य के लिए सुरक्षित कर सकेंगी.

जहाँ आप लहंगे पर 1 लाख रुपया खर्चती वहीँ आप कुछ हज़ार का भी ले सकती है.

शादी में 4  फंक्शन करने के बजाएं 1  ही फंक्शन करें इससे शादी की दावत होने की माता पिता की बात भी रह जाएगी और आपका भी काफी पैसा बच जायेगा जिसे आप कहीं भी इन्वेस्ट कर सकती है.

पैसे बचाना और निवेश करना भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है, लेकिन रिश्तों की गर्माहट और अपनों का साथ भी जीवन के लिए उतना ही जरुरी हैं. इसलिए, 50 लाख में से एक छोटा और गरिमापूर्ण हिस्सा शादी पर खर्च करके बाकी के बड़े हिस्से को भविष्य के लिए निवेश कर देना ही बुद्धिमानी भरा और व्यावहारिक फैसला होगा. इससे न तो माता-पिता का दिल दुखेगा और न ही आपका वित्तीय भविष्य दांव पर लगेगा.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...