Monsoon Special: मौनसून का मौसम भले ही गरमी से राहत दिलाता हो लेकिन यह त्वचा के लिए कई समस्याएं भी साथ लाता है. इस मौसम में नमी बढ़ जाती है, पसीना अधिक आता है और त्वचा तैलीय हो जाती है, जिस से मुंहासे, फोड़ेफुंसियां और रैशेज जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं. अगर समय रहते इन समस्याओं पर ध्यान न दिया जाए तो ये लंबे समय तक त्वचा को नुकसान पहुंचा सकती हैं.
आइए, जानते हैं कुछ खास घरेलू नुसखों के बारे में जो आप की त्वचा को मौनसून में साफ, स्वस्थ और चमकदार बनाए रखने में मदद कर सकते हैं:
ग्रीन ग्राम और मेथी का स्किन क्लींजिंग पाउडर
मौनसून में सब से जरूरी होता है कि अपनी त्वचा को नियमित रूप से अच्छी तरह साफ किया जाए ताकि पसीना और धूलगंदगी त्वचा के रोमछिद्रों को बंद न कर सके. इस के लिए आप एक खास स्किन क्लीनिंग पाउडर बना सकते हैं:
विधि: 1 टेबलस्पून मूंग दाल (ग्रीन ग्राम) पाउडर,
1 टेबलस्पून चने की दाल (बेसन) पाउडर,
1 टीस्पून मेथी के बीजों का पाउडर. इन सभी को मिला कर एक एअरटाइट डब्बे में रखें.
रोजाना 1 टीस्पून पाउडर को गुलाबजल में मिला कर चेहरे पर लगाएं और 2-3 मिनट मसाज करने के बाद धो लें. यह त्वचा को गहराई से साफ करता है और मुंहासों को बढ़ने से रोकता है.
