Bollywood Controversy : फिल्मों में काम करने वाले कलाकार वही करते हैं जो किरदार की डिमांड होती है या जो डाइरैक्टर का डाइरैक्शन होता है. फिर चाहे वह ऐक्शन सीन हो, कौमेडी सीन हो, इंटिमेट और सैक्सी सीन ही क्यों न हों. वे जो भी करते हैं डाइरैक्टर के कहने पर करते हैं, किसी भी तरह के दृश्य करने में उन का पर्सनल इंटेंशन या पर्सनल दिलचस्पी नहीं होती है और न ही कोई अलग तरह की मंशा होती है।

फिल्म की कहानी के मुताबिक सुहागरात का दृश्य हो या जबरदस्ती का, खासतौर पर हीरोइन को वह सबकुछ करना होता है जो सीन की डिमांड होती है फिर चाहे ऐसे सीन कोई हीरोइन करना चाहे या न करना चाहे, पसंद हो या न हो फिल्म की डिमांड के अनुसार करना जरूरी है.

ऐक्टर पर भारी डाइरैक्टर

अगर सच में कहा जाए तो ऐक्टर एक कठपुतली की तरह होते हैं जिन्हें डाइरैक्टर अपने तरीके से पेश करता है. यही वजह है कि हौलीवुड हो या बौलीवुड, साउथ इंडस्ट्री हो या भोजपुरी इंडस्ट्री हीरोइन को वह सबकुछ करना ही पड़ता है जो कहानी के लिए जरूरी हो.

साउथ इंडस्ट्री, हौलीवुड और भोजपुरी इंडस्ट्री में हीरोइनों द्वारा इंटिमेट सीन, चुंबन दृश्य, अंग प्रदर्शन करना आम बात है, लेकिन बौलीवुड में अगर कोई हीरोइन किसी फिल्म में इंटिमेट सीन करती है या लंबा किसिंग सीन देती है, तो बवाल हो जाता है, खासतौर पर बौलीवुड में अगर कोई शादीशुदा हीरोइन, फिर चाहे ऐश्वर्या राय हों, माधुरी दीक्षित हों या कियारा आडवाणी ही क्यों न हों, अगर इंटिमेट या सैक्सी सीन करती हैं तो वे सोशल मीडिया पर ट्रोल हो जाती हैं. सोशल मीडिया पर उन को भद्देभद्दे कमेंट्स और गालियां तक सुननी पड़ती हैं. इस के बाद हीरोइन को बुरे समय से भी गुजरना पड़ता है।

ऐश्वर्या राय और फिल्म धूम 2

ऐश्वर्या राय बच्चन हों या कियारा आडवाणी, अगर उन के अभिनय कैरियर की बात करें तो दोनों हीरोइन बहुत ही प्रोफैशनल हैं और कैरियर को ले कर भी पूरी तरह से गंभीर हैं। दूसरी ओर अगर कहीं उन की पर्सनल लाइफ की बात करें तो अपनी पर्सनल लाइफ में ये दोनों ही हीरोइनें सादगी से भरी हुईं सभ्य और सरल हैं, लेकिन अगर किसी फिल्म में चुंबन दृश्य या इंटीमेट सीन करने की मांग हो तो वे बिना किसी टैंशन के पूरी शिद्दत से कर भी लेती हैं।

ऐश्वर्या राय ने फिल्म ‘धूम 2’ के लिए जब ऋतिक रोशन के साथ लंबा किसिंग सीन किया था तो सोशल मीडिया पर उन की बहुत आलोचना हुई थी क्योंकि उसी दौरान ऐश्वर्या राय की शादी अभिषेक बच्चन से हुई थी.

भले ही ऐश्वर्या के पति या ससुर ने फिल्म ‘धूम 2’ में इंटिमेट सीन को ले कर कोई ऐतराज न किया हो लेकिन शादी के कुछ समय पहले ही ऐश्वर्या द्वारा किसिंग सीन करने पर काफी बवाल हो गया था।

अगर ससुर अमिताभ बच्चन की बात करें तो इस उम्र में भी सीन की डिमांड पर अमिताभ बच्चन ने रानी मुखर्जी के साथ फिल्म ‘ब्लैक’ में किसिंग सीन किया था, वहीं रानी मुखर्जी के साथ ही फिल्म ‘युवा’ में अभिषेक बच्चन के भी कई इंटीमेट सीन थे, जिस पर कोई बवाल भी नहीं हुआ और न ही किसी ने कोई प्रतिक्रिया दी।

कियारा आडवानी और फिल्म टौक्सिक

इसी तरह हाल ही में कियारा आडवाणी की फिल्म ‘टौक्सिक’ रिलीज हुई, जिस में कियारा ने साउथ के पौपुलर हीरो यश के साथ कुछ इंटिमेट सीन दिए जो दर्शकों द्वारा नापसंद कर दिए गए। इस का फिल्म पर भी गहरा असर पड़ा। ‘टौक्सिक’ फिल्म बौक्स औफिस पर धराशाई हो गई.

एतराज क्यों

फिल्मों में इंटिमेट सीन करने को ले कर शादीशुदा हीरोइनों के घर वालों को भले ही कोई ऐतराज न हो, लेकिन दर्शकों को जरूर ऐतराज हो जाता है क्योंकि कई सारे दर्शक स्टार्स को अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़ा महसूस करते हैं, खासतौर पर छोटे शहरों और गांव के लोग बौलीवुड कलाकारों को अपने परिवार का ही हिस्सा मानने लगते हैं. उन्हें यह बात बिलकुल बरदाश्त नहीं होती कि कोई उन का पसंदीदा ऐक्टर या ऐक्ट्रैस कुछ भी गलत करें, शायद इसी वजह से बौलीवुड की कई हीरोइनें शादी के बाद या तो फिल्मों से दूर हो जाती हैं या ऐसी ही फिल्में करना पसंद करती हैं जिस में कोई इंटिमेट सीन न हो.

शादीशुदा हीरोइन का शादी के बाद इंटिमेट या चुंबन दृश्य से परहेज

बौलीवुड की ज्यादातर हीरोइन शादी के बाद लव सीन करने से परहेज करने लगती हैं। अगर 90 के दशक की हीरोइनों की बात करें तो माधुरी दीक्षित, काजोल, शिल्पा शेट्टी, रवीना टंडन, जूही चावला आदि ने या तो फिल्मों में लव सीन करने से इनकार करना शुरू कर दिया या फिल्मों में अभिनय से ही दूरी बना ली।

अगर कुछ हीरोइनों ने शादी के बाद काम करना जारी भी रखा तो किरदारों को ले कर वे बहुत सतर्क नजर आईं.

खास वजह

भले ही आज हम 21वीं सदी में जी रहे हैं, लेकिन आज भी हमारी मानसिकता प्यार और शादी को ले कर बहुत ही सीमित है, जिस के चलते आज भी करोड़ों कमाने वाले कलाकारों से यह पूछा जाता है कि वह शादी कब करेंगे? भले ही फिर उस ऐक्टर को शादी के इंस्टीट्यूशन में विश्वास न हो, जैसे कि सलमान खान, जो शादी नहीं करना चाहते उन से हरकोई यही सवाल करता है कि वे शादी कब करेंगे? ऐसे ही सवाल बौलीवुड की हीरोइन सुष्मिता सेन, एकता कपूर जैसी प्रोड्यूसर से आए दिन पूछा जाता है.

इस के पीछे खास वजह यही है कि दर्शक हीरोहीरोइन को अपनी पर्सनल लाइफ का हिस्सा मानते हैं क्योंकि वे अपने पसंदीदा कलाकारों से दिल से जुड़े होते हैं और वे अपने फेवरिट कलाकारों को कुछ भी गलत करते नहीं देख पाते।

अगर कोई हीरोइन जिस की लाखोंकरोड़ों की फैन फौलोइंग है, तो उसे शादी के बाद अपनी लोकप्रियता बनाए रखने के लिए सोचसमझ कर कदम रखना पड़ता है. इसी चक्कर में जहां माधुरी दीक्षित, श्रीदेवी, शिल्पा शेट्टी आदि कई हीरोइनों ने काफी देर से शादी की, वहीं जूही चावला जैसी हीरोइन ने शादी होने के बावजूद अपनी शादी की खबर को छिपाए रखा.

हालांकि आज कई हीरोइनें इस झूठी मिथ की दीवारों को तोड़ने की कोशिश कर रही हैं जैसे दीपिका पादुकोण, आलिया भट्ट शादीशुदा और बच्चे की मां होने के बावजूद भी फिल्मों में हर तरह के सीन कर रही हैं, ताकि वे इस मानसिकता से बाहर निकल सकें, लेकिन अभी भी कहीं न कहीं लोगों की मानसिकता को बदलने में समय लगेगा खासतौर पर बौलीवुड हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में.

और कहानियां पढ़ने के लिए क्लिक करें...