2016में मिस इंडिया प्रतिस्पर्धा में फाइनल रहीं वैष्णवी पटवर्धन तेलुगु फिल्मों में भी योगदान दे चुकी हैं. इस के अलावा कन्नड़ फिल्म ‘श्रीमंथा’ में भी अभिनय किया है. फिलहाल वैष्णवी अपनी जल्द ही रिलीज होने वाली फिल्म ‘व्हाट ए किस्मत’ को ले कर चर्चा में हैं. यह एक कौमेडी फिल्म है जो आज की जिंदगी में चल रहे हालात पर है. इस फिल्म में वैष्णवी मुख्य भूमिका निभा रही हैं.
तेलुगु और हिंदी फिल्मों में काम करने के अलावा वैष्णवी का एक यूट्यूब चैनल भी है, जिस में वे फैशन लाइफस्टाइल से संबंधित ब्लौग बनाती हैं. ‘वाट ए किस्मत’ में वैष्णवी का क्या किरदार है? इस फिल्म में उन का काम करने का अनुभव कैसा रहा? हिंदी फिल्मों में वे अपना भविष्य बतौर अभिनेत्री कैसे दिखती हैं? ऐसे ही कई दिलचस्प सवालों के जवाब दिए वैष्णवी ने खास बातचीत के दौरान:
फिल्म ‘व्हाट ए किस्मत’ से आप को कितनी उम्मीदें हैं?
उम्मीदें तो बहुत हैं क्योंकि यह एक लाइट हार्टेड कौमेडी फिल्म है, जिस में जीवन की सचाई को दिखाया गया है. खासतौर पर हालात जब खराब हों तो क्या होता है और जब हालात पलटते हैं तो क्या होता है. आशा है फिल्म दर्शकों को पसंद आएगी और मेरे जीवन में भी कुछ अच्छा हो जाए.
